तो इसलिए नहीं मिट पाता कर्मों का लेख

किशोर कुमार //

वेदों में ईश्वर के विषय में प्रतिपादन करते हुए कहा गया है कि वह सर्वज्ञ सर्वशक्तिमान् सर्वद्रष्टा कर्माध्यक्ष और कर्मफलदाता है, जो समस्त जीवों को उनके कर्मों के अनुसार ही न्यायपूर्वक फल प्रदान करता है। पर सवाल है कि सूक्ष्म जगत में पाप-पुण्य का लेखा-जोखा और कर्मफल कैसे तय होता होगा? इस लेख का प्रतिपाद्य विषय यही है। वैदिक शास्त्रों के इस कर्मफल-सिद्धांत से जहां चित्रगुप्त भगवान का सीधा वास्ता जुड़ा हुआ है। वहीं, वैदिक ज्योतिष में शनिदेव को भी कर्मफलदाता और न्याय प्रदाता माना गया है। इसे महज संयोग मानिए या किसी प्रकार का अंतर्संबंध कि चित्रगुप्त भगवान और रामदूत हनुमान का अवतरण दिवस एक ही दिन यानी चैत्र मास की पूर्णिमा को है।

हम सब जानते हैं कि पवनपुत्र हनुमान श्रीराम के लिए कितने प्रिय थे। पर श्रीराम के राज्याभिषेक से जुड़ी एक कथा से पता चलता है कि चित्रगुप्त भगवान श्रीराम के लिए आदरणीय थे। तभी राज्याभिषेक के लिए आयोजित समारोह में चित्रगुप्त भगवान की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उनके पास विशेष दूत भेजा गया था। हालांकि इसके पीछे भी एक लंबी कहानी है। चित्रगुप्त भगवान के अवतरण और उनके कार्य-निर्धारण से जुड़े तमाम प्रसंग “कायस्थ इनसाइक्लोपीडिया” नामक पुस्तक में विस्तार पूर्वक मिल जाते हैं, जो वैदिक साक्ष्यों पर आधारित हैं। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी रहे उदय सहाय ने अपने दो वर्षों के गहन शोध के बाद इस पुस्तक की रचना की है।

खैर, आइए मुख्य विषय पर कि कर्म-अकर्म क्या है और श्रीमद्भगवतगीता से लेकर अनेक वैदिक ग्रंथों में क्यों कहा गया है कि कर्मों का लेख मिटता नहीं है। तर्कशील व्यक्ति तो पुनर्जन्म के सिद्धांत को ही मानने को तैयार नहीं होते हैं। ऐसे में उन्हें कर्मफल का सिद्धांत बकवास लगना स्वाभाविक ही है। बीसवीं सदी के महान योगी श्रीअरविंद कहते थे — बुद्धि एक सहारा था, अब बुद्धि एक अवरोध है। यानी बुद्धि की भी सीमाएं हैं। तभी वैदिक साक्ष्यों को कौन कहे, कई बार विज्ञानसम्मत बातों पर भी भरोसा करना मुश्किल होता है। ओशो रेल से जुड़ा एक रोचक प्रसंग सुनाते थे — इंग्लैंड में जब पहली बार भाप इंजन से ट्रेन चलने वाली थी तो किसी को उस पर विश्वास नहीं हुआ। भला भाप से इतना वजनी इंजन कैसे चल सकती है और यदि चल गई तो रूकेगी कैसे? इसलिए पहली रेलयात्रा के लिए कोई राजी नहीं हुआ। अंत में मृत्युदंड की सजा पाए बारह कैदियों को पहली रेलयात्रा के लिए तैयार किया गया। कैदी भी यह सोचकर तैयार हो गए कि एक दिन तो मरना ही है। वास्तव में तो कोई खतरा था नहीं। पर अज्ञान के कारण रेलयात्रा खतरनाक प्रतीत होने लगी थी।

श्रीमद्भगवतगीता में कहा गया है कि आत्मा नित्य है। वह न उत्पन्न होता है, न नष्ट होता है। इस तरह हम देखते हैं कि पुनर्जन्म की बात सनातन संस्कृति में सर्वमान्य है। तभी हमने हाल ही रामावतार की चर्चा विस्तार से की थी। सती ही अगले जन्म में पार्वती हुईं और महाभारत का प्रसंग तो हम सब जानते ही हैं कि श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं –  हे अर्जुन! मेरे और तुम्हारे बहुत से जन्म हो चुके हैं, (परन्तु) हे परन्तप! उन सबको मैं जानता हूँ और तुम नहीं जानते। …और आधुनिक युग में पुनर्जन्म के मामलों में शांति देवी का प्रसंग तो सर्वाधिक चर्चित रहा है। तीस के दशक में दिल्ली में जन्मी एक लड़की ने नौ साल की उम्र में दावा किया कि यह उसका पुनर्जन्म है। पिछले जन्म में उसका नाम लुग्दी था और मथुरा के कपड़ा व्यापारी केदारनाथ चौबे की पत्नी थी। उसकी बातें इतनी पुख्ता थीं कि गांधी जी ने पहले तो खुद शांति से मुलाक़ात की। जांच कमेटी की रिपोर्ट से भी इस बात की सत्यता का पता चल गया था।

भारत के तमाम आध्यात्मिक संत इस बात पर एकमत रहे हैं कि कर्म का नियम हमारे जन्म, स्थिति और जीवन की परिस्थितियों को निश्चित करता है। पंचध्यायी में एक श्लोक है – नयन्ति नरकं नूनं मात्मानो मानवान् हतः। दिवं लोकं च ते तुष्टा इत्यूचुर्मन्त्र वेदिनः।। सार यह कि हनन की हुई आत्मा नरक को ले जाती है और संतुष्ट की हुई आत्मा दिव्य लोक प्रदान करती है। गरूड़ पुराण का अध्ययन करें तो पंचध्यायी का यह मंत्र ज्यादा ही स्पष्ट हो जाएगा। उसमें कहा गया है कि यमलोक में ‘चित्रगुप्त’ नामक देवता हर एक जीव के भले-बुरे कर्मों का विवरण प्रत्येक समय लिखते रहते हैं। जब प्राणी मर कर यमलोक में जाता है, तो वह लेखा पेश किया जाता है और उसी के आधार पर शुभ कर्मों के लिए स्वर्ग और दुष्कर्मों के लिए नरक प्रदान किया जाता है।

बीसवीं सदी के महान संत परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती कहते थे कि अर्वाचीन वैज्ञानिक भाषा में संस्कार का तात्पर्य अनुभव अथवा प्रभाव होता है। जिस प्रकार एक बीज में महान् वृक्ष बनने और फल देने की नियति छुपी होती है, उसी प्रकार आत्मा के भीतर ये संस्कार छुपे रहते हैं। हर छोटा-बड़ा अनुभव अपने पीछे एक संस्कार छोड़ जाता है। फिर ये संस्कार ही जीवन-चरित्र और व्यक्तित्व को निर्धारित करते हैं। विज्ञान भी इस बात को प्रमाणित कर चुका है कि मानव मस्तिष्क में भी कभी न रुकने वाला चेतना का कैमरा गतिशील रहता है, जो स्वाद, स्पर्श, ध्वनि, रूप, लक्ष्य, घ्राण सम्बन्धी प्रत्येक अनुभव को नोट करता है। मनुष्य जब मरता है तथा उसका सूक्ष्म शरीर स्थूल शरीर से बाहर निकल जाता है, तभी चेतना के कार्यकलापों पर विराम लगता है। चेतना द्वारा जो भी अनुभव ग्रहण किए जाते हैं वे रूपान्तरित होकर अन्य शरीर में संचित होते हैं। प्रथम तो वे स्थूल मन में रहते हैं और यदि आप उनका दोबारा उपयोग न करें, तो वे वहाँ से अवचेतन शरीर में स्थानान्तरित हो जाते हैं। यदि वहाँ भी उनका उपयोग न हो तो वे कारण शरीर में पहुँच जाते हैं। हमारा प्रत्येक अनुभव अमिट होता है। छोटे से छोटा अनुभव जिस पर हम ध्यान नहीं देते, वह भी चेतना में संचित हो जाता है।

तंत्र विद्या के लिहाज से स्वाधिष्ठान चक्र ही वह हार्डडिस्क है, जो व्यक्ति के अस्तित्व का आधार माना गया है। मस्तिष्क में इसका प्रतिरूप अचेतन मन है, जो संस्कारों का भंडारगृह है। ऐसा कहा जाता है कि प्रत्येक कर्म, पिछला जीवन, पिछले अनुभव, मानव व्यक्तित्व का सबसे बड़ा पक्ष अचेतन सभी का प्रतीक स्वाधिष्ठान चक्र को माना जा सकता है। अचेतन मन संस्कारों के जमा होने का केन्द्र है तथा यही इस चक्र के स्तर पर अनुभव की जाने वाली अनेक नैसर्गिक अनुभूतियों का उद्गम भी है। यही चक्र हिरण्यगर्भ, ब्रह्माण्डीय गर्भाशय है, जहाँ सब कुछ सुप्तावस्था में वर्तमान है। ऋग्वेद में कहा गया है- ‘सृष्टि के प्रारम्भ में केवल हिरण्यगर्भ था उसके बाद सभी वर्तमान चेतन जगत् का प्रादुर्भाव हुआ’ और वही (हिरण्यगर्भ) उन सबका रक्षक था ।

इन बातों को वैज्ञानिक दृष्टि से भी समझिए। आस्ट्रिया के तंत्रिकाविज्ञानी सिग्मंड फ्रायड मनुष्य की मानसिक संरचना का अध्ययन के बाद इस निष्कर्ष पर पहुंचे थे कि जो भी भले या बुरे काम ज्ञानवान् प्राणियों द्वारा किए जाते हैं, उनका सूक्ष्म चित्रण अंतःचेतना में होता रहता है। अमेरिकी तंत्रिकाविज्ञानी डॉ वीबेंस और उनके बाद के वैज्ञानिकों ने माइक्रोस्कोप की सहायता से मस्तिष्क के ग्रे मैटर का परीक्षण करने के बाद वैज्ञानिक ने जो निष्कर्ष निकाला, वह चित्रगुप्त भगवान के अवतरण और उनके कार्य संबंधी आख्यान से मेल खाते हुए हैं। पौराणिक आख्यान है कि चित्रगुप्त भगवान हर प्राणी के हर एक कार्य को, हर समय बिना विश्राम किए अपनी बही में लिखते रहते हैं।

डॉ वीबेंस के मुताबिक, सभी प्राणियों के मस्तिष्क की परमाणुओं पर सूक्ष्म रेखाएं बनती चली जाती है और ये रेखाएं हमारे शारीरिक – मानसिक कार्यों को लिपिबद्ध किए जाने के कारण बनती हैं। स्थूल शरीर के कार्यों की सुव्यवस्थित जानकारियां सूक्ष्म चेतना में अंकित होती रहती हैं। वेद-ज्ञान से पता चलता है कि एक ही आत्मा हम सबमें अलग-अलग भासित होती है। उसी तरह ब्रह्मा की शक्ति से संचालित चित्रगुप्त भी अलग-अलग प्राणियों में अलग-अलग भासित होते हैं। इस बात को इस तरह भी समझा जा सकता है। बगीचे की वायु और गंदे नाले की वायु में गंध भेद होने के बावजूद वायु तत्व मूलतः एक ही है। वैसे ही अलग-अलग प्राणियों में उनके पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखने वाला चित्रगुप्त देवता भी एक ही तत्त्व हैं।

श्रीराम शर्मा आचार्य ने तो खुद भी इस विषय पर काफी अध्ययन किया था। उनका मत है कि मस्तिष्क में उपस्थित ग्रे मैटर के परमाणुओं में मिला रेखांकन ही अंतःचेतना का संस्कार है। यही है चित्रगुप्त की सूक्ष्म कार्य-प्रणाली। चित्रगुप्त शब्द के अर्थों से भी इसी प्रकार की ध्वनि निकलती है। यथा, गुप्त चित्र, गुप्त मन, अंतःचेतना, सूक्ष्म मन आदि। इन शब्दों के भावार्थ को ही चित्रगुप्त शब्द प्रकट करता हुआ दीखता है। संभव है कि चित्त का अपभ्रंश चित्र बन गया हो या प्राचीनकाल में चित्र को चित्त और चित्त को चित्र कहा जाता रहा हों। कर्मों की रेखाएँ एक प्रकार के गुप्त चित्र ही हैं, इसलिए ग्रे मैटर के परमाणुओं में  गुप्त रूप से और सूक्ष्म रूप से  बड़े-बड़े घटना चित्र छिपे हुए होते हैं। मस्तिष्क की इस क्रिया प्रणाली को चित्रगुप्त का विधान मान लेने से प्राचीन आख्यान की पुष्टि हो जाती है।

वेद-भाष्य के रचयिता सायण के भाई और भगवान शंकाराचार्य द्वारा स्थापित श्रृंगेरीमठ के आचार्य रहे विद्यारण्य स्वामी कृत श्रीपंचदशी में मंत्र है – नाभुक्तं क्षीयते कर्म कल्पकोटिशतैरपि। यानी कर्म फल भोगे बिना करोड़ो कल्प में भी कर्म क्षीण नहीं होगा। यदि इस जन्म में कर्मों का फल न मिला तो अगले किसी जन्म में अवश्य मिलेगा। चाहे वह शुभ हो या अशुभ। इस प्रमाण से भी स्पष्ट है कि शरीर आत्मा से पृथक है और शरीर नष्ट होने के बाद चेतना की रिकार्डिंग नष्ट नहीं होती।

वैदिक प्रमाणों से लेकर ऋषियों के अनुभवों तक से निष्कर्ष निकलता है कि कर्मों के ये लेख जब प्रारब्ध में तब्दील होता हैं तो हमें उस प्रारब्ध का भोग भोगना ही होता हैं। इसलिए योगी विद्या-अविद्या की व्याख्या करते हुए कर्मयोग की अनिवार्यता पर बल देते हैं। साधना के तीन सनातन मार्ग हैं – कर्मयोग, भक्तियोग और ज्ञानयोग। कर्मयोग से चित्त शुद्ध होता है। भक्तियोग से एकाग्रता मिलती है और ज्ञानयोग से आवरण का नाश होता है, जो सत्यान्वेषण के लिए जरूरी है। त्याग सहित कर्म ही कल्याणकारी है और उसे ही कर्मयोग कहा गया है। नि:स्वार्थपूर्ण कर्म से यदि संस्कार बना भी तो चित्रगुप्त भगवान अपनी कृपा ही बरसाएंगे। जन्म-मरण का चक्र जारी रहने के बावजूद भौतिक जगत के लिहाज से जीवन में मंगल ही मंगल रहेगा।   

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

श्रीराम का अवतरणअंत:करण में भी हो

किशोर कुमार//

स्वामी सत्यानंदजी महाराज देश में आर्यसमाज के बड़े आध्यात्मिक नेता थे। सन् 1925 में उन्हें दयानंद जन्मशताब्दी समारोह के दौरान एकांतवास करने की आंतरिक प्रेरणा हुई। चले गए डलहौजी। साधना के दौरान ब्यास पूर्णिमा की रात उन्हें “राम” शब्द बहुत ही सुंदर और आकर्षक स्वर में सुनाई दिया। फिर आदेशात्मक शब्द आया – राम भज…राम भज…राम भज। स्वामी सत्यानंदजी महाराज समझ गए कि श्रीराम की अनुकंपा हो चुकी है। इस तरह वे आर्यसमाज से नाता तोड़कर पूरी तरह राम का गुणगाण करने में जुट गए। इसके बाद “राम शरणम्” नाम से संस्था बनाई, जिसका प्रभाव आज भी खासतौर से उत्तर भारत में दिखता है। एक बार महात्मा गांधी शिमला में स्वामी सत्यानंदजी महाराज से मिले। उनकी चिंता थी कि देश को आजाद कराने में तमाम तरह की बाधाएं आ रही हैं। स्वामी जी ने अपने हाथ का माला देते हुए कहा – राम नाम का सुमिरन करिए। सोने से पहले प्रतिदिन पांच माला जप कीजिए। सफलता अवश्य मिलेगी। हम सब जानते हैं कि प्राण छूटते समय भी गांधी के मुंख में राम नाम ही था। संत तुलसीदास भी कह गए हैं – “कलयुग केवल नाम अधारा, सुमिर सुमिर नर उतरहिं पारा।“ यानी कलियुग में नाम जप ही प्रभावी योग साधना है।

चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि दो दिनों बाद ही है। श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। वैसे, नवरात्रि शुरू होते ही नवदुर्गा की आराधना के साथ ही राम कथाओं का सिलसिला भी जारी है। हमने देखा था कि अयोध्या में बाल राम की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर देश भर में राम-भक्ति का ज्वार किस स्तर पर था। राम कथाओं के आयोजनों में भी वैसी ही राम-भक्ति की झलक मिलती है। इसलिए कि मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम हमारे लिए वरेण्य हैं। उनके आदर्शों से ही हमारी संस्कृति पल्लवित-पुष्पित हुई है। वह संस्कृति आज भी हम सब में बीज रूप में मौजूद है। यह बात दीगर है कि नाना प्रकार के आघातों के कारण उस बीज का पोषण सही तरीके से नहीं हो पाया। पर अब समय आ गया है कि हमें दशरथ नंदन राम की कथाओं से आगे बढ़कर जगत पसारा राम के गुणों को आत्मसात कर खुद को रूपांतरित करना चाहिए। परब्रह्म राम से आशीष लेने का यही एकमात्र उपाय है।

श्रीराम की कथा तो हम सब जानते ही हैं। कल राजतिलक होना है और आज उन्हें वनगमन का फैसला लेना पड़ा और वनवास के लिए ऐसे निकल पड़े, मानों राजतिलक के लिए जा रहे हों। अयोध्या से चलकर चित्रकूट पहुंचे तो रास्ते में कांटे ही कांटे होने के कारण पैर लहूलुहान हो गए। पर चिंता इस बात को लेकर थी कहीं वही कांटे उनके भाइयों को न चुभ जाएं। इसलिए चित्रकूट के वनवासियों से आग्रह किया कि रास्ते के कांटों को हटा दें। उनका दिल कहता है कि उनसे मिलने उनके भाई भरत और शत्रुध्न जरूर आएंगे। जरा सोचिए, जिसकी मां के कारण वनवास हुआ, उसके बेटे के लिए ऐसा सद्विचार! हमारे लिए कितनी बड़ी सीख है। और हमारी स्थिति क्या होती है? हमारी वृत्तियां इतनी दोषपूर्ण है कि जीवन में छोटी-मोटी घटनाएं भी विचलित कर देती हैं और अजब-गजब कारनामे करवा देती हैं।  

संत कबीर दास की वाणी है, एक राम दशरथ का बेटा , एक राम घट घट में बैठा ! एक राम का सकल पसारा, एक राम है सबसे न्यारा। सामान्य बुद्धि से देखें तो यहां चार राम की बात हो गई। इसलिए कि दशरथनंदन राम के जन्म से पहले भी भी राम नाम का अस्तित्व तो था ही न और ऐसा भी नहीं है कि कबीर साहेब से पहले राम के विविध रूपों को लेकर चर्चा न हुई थी। याज्ञवल्यक-भारद्वाज संवाद में प्रसंग आता है। ऋषि भारद्वाज याज्ञवल्यक से पूछ लेते हैं कि दशरथनंदन राम और घट-घट में बैठे राम क्या एक ही हैं? याज्ञवल्यक मुस्कुराते हुए कहते हैं, श्री राम भाव की दृष्टि से दशरथ नंदन हैं और ज्ञान की दृष्टि से घट-घट में समाए हुए हैं। दोनों राम हैं एक ही……पर मैं जानता हूं कि तुम्हें इस बात को लेकर कोई संशय नहीं है। संशय तो सामान्य बुद्धि वालों को होगा और तुम उनकी तरफ से यह सवाल पूछ रहे हो। ताकि इसी बहाने फिर राम जी के गुणों का रसपान भी हो जाए।

भक्तमाल की एक कथा है। ‘रामचरितमानस’ के रचयिता तुलसीदास पास से एक शवयात्रा गुजर रही थी। उसमें दूसरे लोगों के अलावा मृतक की पत्नी भी थी, जिसे धर्म के तहत मान्य सती-प्रथा के अनुसार पति के शव के साथ आत्मदाह करना था। उस स्त्री ने तुलसीदास को दूर से ही प्रणाम किया और उन्होंने उसे सुहागवती रहने का आशीर्वाद दे दिया। इस वजह से वह स्त्री धर्म से विरत हो गई थी। सौभाग्य से यह कथा इस अप्रिय मोड़ पर नहीं खत्म होती। तुलसी ने मामले को अपने हाथ में ले लिया। उन्होंने पूरी जमात को इकट्ठा किया और राम में सच्ची आस्था रखने की प्रेरणा दी। मानो वे शव-यात्रा के दौरान ‘राम नाम सत्य है’ के मर्सिया के सत्य को बताना चाहते थे। जब उन्होंने देखा कि उनकी आस्था सच्ची है, तो वे ब्राह्मण को जीवित करने के उपक्रम में लग गए और उसकी स्त्री को जो आशीर्वाद दिया था, उसे सच कर दिया। उस स्त्री का धर्म बच गया, क्योंकि उसे वास्तव में पति की सेवा का सौभाग्य मिला। इस घटना से लोग चमत्कृत रह गए। तब तुलसीदास ने कहा कि वे कोई चमत्कार नहीं जानते, केवल राम नाम जानते हैं। इस कथा का संदेश यह है कि धर्म की पारंपरिक माँगें भक्ति की नीति से पूरी हो सकती हैं। भक्ति की शक्ति भगवान को प्रकट कर देती है। ।

संत कबीर हों या रहीम, वैदिककालीन ऋषि हों या आधुनिक युग के आत्मज्ञानी संत, किसी ने अलग-अलग राम की बात नहीं की, बल्कि एक ही राम के अलग-अलग गुण-धर्मों का बखान किया। ताकि मानव जीवन धन्य हो सके। तभी कबीर ने सामान्य जनों को संबोधित करते हुए कहा, कस्तूरी कुंडल बसै, मृग ढूंढे वन माहि। ऐसे घट-घट राम हैं, दुनिया खोजत नाहि।।….तो दूसरी तरफ रहीम ने कहा, राम नाम जान्यो नहीं, जान्यो सदा उपाधि कहि रहीम तिहिं आपुनो, जनम गंवायो वादि। यानी जिन लोगों ने नाम का नाम धारण न कर अपने धन, पद और उपाधि को ही जाना और राम के नाम पर विवाद खडे किए, उनका जन्म व्यर्थ है। वह केवल वाद-विवाद कर अपना जीवन नष्ट करते हैं।

सबका सार एक ही है कि केवल कथा के राम में उलझे रहने का कोई सार नहीं है। हमें समझना होगा कि भगवान अवतार क्यों लेते हैं? वे असुरों का संहार करके शांति और सद्भाव के लिए ही तो अवतार लेते हैं। फिर, सोचने वाली बात है कि रामायण या रामचरितमानस में जिन कथाओं का वर्णन है, वे केवल भौतिक जगत में ही घटित होते हैं? क्या हमारा जीवन अपने आप में रामायण का रंगमंच नहीं है? सच तो यह है कि हमारे जीवन में रोज-रोज राम-रावण युद्ध चलते रहता है। संत-महात्मा कहते रहे हैं कि योगबल से ही अपने अंतर्मन में चल रहे युद्ध को जीता जा सकता है। लोभ,मोह, क्रोध, अहंकार आदि दुर्गुणों वाले रावण रूपी इंद्रियों का शमन का कोई दूसरा उपाय नहीं। दुर्गुणों के शमन से ही सीता रूपी शांत बुद्धि मुक्त होकर अयोध्या रूपी आत्म-निकेतन में वापस लौट सकती है। इसलिए रामकथा को ऐतिहासिकता के दायरें में ही देखना, हीरा छोड़कर कंकड़ चुन लेने के समान है।

रामचरितमानस की कथा है कि सती जी को श्रीराम के परब्रह्म परमात्मा होने पर संशय हो गया था। क्यों? इसलिए कि शिवजी जिस श्रीराम की आराधना करते हैं, उसका गुण-धर्म ऐसा कैसे हो सकता है कि वह पत्नी के लिए जंगलों में भटके और विलाप करता रहे। सो, सती जी ने सीता समान बनकर श्रीराम के समक्ष प्रस्तुत हो गईं। कोई तर्कशील प्राणी कह सकता है कि सती का सीता रूप धारण कर लेना कवि की कल्पना मात्र हो सकता है। पर हमारे जैसे लोग योगविद्या की शक्ति की गहराइयों का अंदाज भी नहीं लगा सकतें। योगशास्त्र में परकाया प्रवेश विद्या का उल्लेख है। आदिगुरू शंकराचार्य ने कामशास्त्र के ज्ञान के लिए मृत राजा अमरुक के शरीर में प्रवेश किया था। नजीजतन, राजा जीवित हो गया था और अपनी पत्नी के साथ रहने लगा था, जबकि उसमें राजा अमरूक की नहीं, बल्कि शंकराचार्य की आत्मा थी। 

खैर, श्रीराम तो परब्रह्म हैं। उनसे क्या छिपा रह सकता है। उन्होंने न केवल सती जी को पहचान कर प्रणाम किया, बल्कि शंकरजी के बारे में भी पूछा। सती जी लज्जित हो गईं। माफी मांगकर वापस लौटने लगीं। पर थोड़ी ही दूर जाकर पीछे मुड़ती हैं तो देखती हैं कि श्रीराम सीताजी और लक्ष्मणजी के साथ खड़े हैं। तब उनका बचा-खुचा संशय भी जाता रहा। भगवान की माया और योगमाया समझ में आ जाती है। सच है कि माया और योगमाया दोनों ही भगवान की शक्तियां हैं। संतजन कहते हैं कि जब हम अपनी वृत्तियों को अंदर से बाहर की ओर ले जाते हैं तो माया या भोग कहलाता है। दूसरी तरफ जब हमारी अंतर्यात्रा होती है तो वह योग होता है। इस प्रसंग से भी प्रेरणा मिलती है कि हम श्रीराम को केवल दशरथनंदन राम ही समझने की भूल न कर दें। उनकी लीलाओं के संदेश मानव जीवन को धन्य कर देने वाले हैं। पर हमारे जीवन में इन संदेशों का प्रस्फुटन योगबल से ही संभव है। स्वयं भगवान श्रीराम ने भी मानव शरीर धारण किया तो अपना मूल स्वरूप जानने के लिए गुरू वशिष्ठ से योगविद्या ग्रहण करनी पड़ी थी।

रामनवमी के मौके पर प्रभु श्रीराम के अवतरण का जश्न मनाइए। पर ध्यान रखिए कि हमारे भीतर भी श्रीराम की शक्ति का उदय होना चाहिए। परंपरा के दुर्भाग्य पर रोने का वक्त गया। हमारी संस्कृति का सौभाग्य है कि हमारे पास शक्तिशाली योगबल है, जिसका सिंचन करके फिर रामराज्य की स्थापना संभव है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योगविज्ञान विश्लेषक हैं।)

आदिशक्ति की लीलाकथा और दुर्गासप्तशती

किशोर कुमार //

नवसंवत्सर की शुरूआत ही देवी की आराधना से होगी। सृष्टि की रचना देवी से हुई थी। ब्रह्मांडीय ऊर्जा का प्रतीकात्मक रूप भी वे ही हैं। उपनिषद में कहा गया है कि पराशक्ति ईश्वर की परम शक्ति है। यही विविध रूपों में प्रकट है। आत्मज्ञानी संत प्राचीनकाल से कहते रहे हैं कि देवी या शक्ति सभी कामनाओं, ज्ञान और क्रियाओं का मूलाधार है। अब वैज्ञानिक भी कह रहे हैं कि प्रत्येक वस्तु शुद्ध अविनाशी ऊर्जा है। यह कुछ और नहीं, बल्कि उस दैवी शक्ति का एक रूप मात्र है, जो अस्तित्व के प्रत्येक रूप में मौजूद है। नवरात्रि के दौरान हम उसी देवी की आराधना करेंगे कि वे हमें तामसिक गुणों से मुक्ति दिलाकर सात्विक गुणों के विकास की दिशा में अग्रसर करें।  

शक्ति की आराधना सृष्टि के आरंभ से ही होती आई है। तभी सृष्टि के प्रारंभ में समाज स्त्री प्रधान था। वैदिक ग्रंथों में भी इस बात का उल्लेख मिलता है। पर, सभ्यता के विकास के साथ नाना प्रकार के विकारों के कारण समाज का स्वरूप बदला और पुरूष की प्रधानता हो गई। पर, संतजन कहते हैं कि जैसे-जैसे आंतरिक जागरण होगा, हमें शक्ति की महत्ता समझ में आने लगेगी और यह अवश्यंभावी है। खैर, नवरात्रों के दौरान दुर्गा सप्तशती के मंत्रों से वातारण गूंजायमान होगा। मंत्रों की शक्ति आंतरिक उत्थान का संवाहक बनेगी। देवी महात्म्य से हमें योगमय जीवन जीने की प्रेरणा मिलेगी।

हम सब जानते हैं कि दुर्गासप्तशती मार्कण्डेय पुराण की सबसे बड़ी देन है। इसमें कुल सात सौ श्लोकों में भगवती दुर्गा के चरित का वर्णन किया गया है। वैसे तो सामान्य जनों के लिए दुर्गासप्तशती पूजा-पाठ का एक ग्रंथ है। पर मंत्र विज्ञान के आलोक में व्याख्या हो तो पता चलता है कि यह हमारे आंतरिक जागरण का अद्भुत ग्रंथ है। शास्त्रों में शक्ति की महिमा जगह-जगह मिलती है। श्रुति और स्मृति आधारित ग्रंथों में भिन्नता दिखती है। पर अर्थ नहीं बदलता। ऋग्वेद के अनेक मंत्रों में इस शक्ति से संबंधित स्तवन मिलते हैं। उनमें इस शक्ति को समग्र सृष्टि की मूल परिचालिका बतलाकर विश्व जननी के रूप में स्तुति की गई है। इस शक्ति के द्वारा अनेक मौकों पर देवताओं को त्राण मिला और तभी से देवी सर्वविद्या के रूप में पूजित होती आ रही हैं।

देवी के नौ स्वरूपों में प्रथम शैलपुत्री है, जो प्रकृति की प्रतीक हैं। यानी प्रकृति की आराधना से नवरात्रों की शुरूआत होती है। देवी भागवत और अथर्ववेद में देवी स्वयं कहती हैं – मैं ही सृष्टि, मैं ही समष्टि, मैं ही ब्रह्म, मैं ही परब्रहा, मैं ही जड़, मैं ही चेतन, मैं ही स्थल, मैं ही विशाल, मैं ही निद्रा, मैं ही चेतना हूं। मेरे से ही सारा जगत उत्पन्न हुआ है और मैं ही इसके काल का कारण बनूंगी। मेरे से पृथक कोई नहीं। मैं सबसे पृथक हूं। कितना सुखद है कि संसार को आलोकित करने वाली, गुणों को अभिव्यक्ति देने वाली, काल को वश में करने वाली, मानवमात्र का हित करने वाली शक्ति स्वरूपा मां की लीलाओं में छिपे संदेशों को समझते हुए योगबल द्वारा आंतरिक जागरण करने का बेहतरीन अवसर मिलने वाला है।

नवरात्रों के दौरान प्रथम तीन दिनों तक देवी मां की आराधना भयंकर दुर्गा शक्ति के रूप में की जाती है। यह अपनी समस्त अशुद्धियों, दोषों, दुर्गुणों से मुक्ति पाने के लिए शक्ति प्राप्त करने का अवसर होता है। इसके लिए दुर्गा सप्तशती परायण के साथ ही अष्टांग योग के यम-नियम की साधना श्रेष्ठ है। जब दुर्गुणों को नष्ट करने के बाद देवी मां की आराधना महालक्ष्मी के रूप में करके सद्गुणों का विकास करने की बारी होती है।  इससे दैवी संपदा का अक्षय भंडार प्राप्त होता है। अंतिम तीन दिन देवी मां की आराधना महासरस्वती के रूप में की जाती है, जो दैवी ज्ञान और ब्रहाज्ञान की अधिष्ठात्री हैं। उनकी वीणा श्रेष्ठ महावाक्यों और प्रणव के स्वरों को हृदय में जगाती हैं। वह परम नाद का ज्ञान देती हैं और आत्मज्ञान प्रदान करती हैं।

वेदों के मुताबिक नाद सृष्टि का पहला व्यक्त रूप है। अ, ऊ और म इन तीन ध्वनियों के योग से ऊं शब्द की उत्पत्ति हुई। ऋषियों और योगियों का अनुभव है कि इस मंत्र के जप से बहिर्मुखी चेतना को अंतर्मुखी बनाकर चेतना के मूल स्रोत तक पहुंचा जा सकता है। आधुनिक विज्ञान भी इस बात को स्वीकार रहा है। आजकल दुनिया भर में आशांत मन को सांत्वना प्रदान करने के लिए ध्यान योग पर बहुत जोर है। पर चित्त-वृत्तियों का निरोध किए बिना ध्यान कैसे घटित हो? अष्टांग योग में इस स्तर पर पहुंचने के लिए क्रमिक योग साधनाओं का सुझाव दिया जाता है। पर मंत्रयोग से राह थोड़ी छोटी हो सकती है। स्वामी निरंजनानंद सरस्वती कहते हैं कि हम जिस संसार को जानते हैं, उसका सभी स्तरों पर निर्माण मंत्रों या ध्वनि-स्पंदनों द्वारा हुआ है।

सच है कि मंत्रयोग का अपना स्वतंत्र विज्ञान है। शब्द तत्व की ऋषियों ने ब्रह्म की संज्ञा दी है। शब्द से सूक्ष्म जगत में जो हलचल मचती है, उसी का उपयोग मंत्र विज्ञान में किया गया है। ऋषियों ने इसी विद्या पर सबसे अधिक खोजें की थीं। तभी यह विद्या इतनी लोकप्रिय हो पाई थी कि जीवन के हर क्षेत्र में इसका उपयोग किया जाता था। जल की वर्षा करने वाले वरूणशास्त्र, भयंकर अग्नि उगलने वाले आग्नेयास्त्र, संज्ञा शून्य बनाने वाले सम्मोहनशास्त्र, समुद्र लांघना, पर्वत उठाना, नल की तरह पानी पर तैरने वाले पत्थरों का पुल बनाना आदि अनेकों अद्भुत कार्य इसी मंत्र शक्ति से किए जाते थे।

कालांतर में कर्मकांडों की वजह से शक्ति की उपासना के साथ कई विसंगतियां जुड़ती गईं। बलि प्रथा इसका जीवंत उदाहरण है। बलि देनी है अपने अंतर्मन में छिपे अवगुणों की। हथियार है यम-नियम। पर हम भटक गए और बलि देने लगे पशुओं की। संतों की वाणी है कि कलियुग में शस्त्र नहीं, शास्त्र से द्वारा जीत हासिल की जा सकती है। इसलिए कि तलवार से तलवार शांत नहीं होती। दुर्गा सप्तशती की साधना का अंतिम लक्ष्य है – जीवन में श्रेय और प्रेय का आविर्भाव। हमारी साधना का संकल्प भी यही होना चाहिए।  

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

प्राणायाम : कई रोगों की एक दवा

किशोर कुमार

प्राणायाम के चिकित्सकीय लाभ क्या-क्या हैं, इस सवाल को लेकर बीते तीन वर्षों में जितने शोध हुए हैं, उतने शोध तीन दशकों में भी नहीं हुए होंगे। योग शास्त्रों में आध्यात्मिक उत्थान में प्राणायाम के योगदान पर विशद चर्चा है। उसी से झलक मिलती है कि इस साधना से तन-मन भी स्वस्थ रहता है। पर आधुनिक युग के संत-महात्माओं ने जोर देकर कहा कि प्राण चिकित्सा बेहद असरदार चिकित्सा पद्धति है और कोरोना महामारी के दौरान हम सब ने इस बात को शिद्दत से महसूस किया भी। इसके बाद ही दुनिया भर के चिकित्सा विज्ञानियों ने प्राणायाम के चिकित्सकीय लाभों को विस्तार से जानने के लिए अनेक शोध किए और वे भी इसी निष्कर्ष पर पहुंचे कि प्राण चिकित्सा वैज्ञानिक पद्धति है।

हाल ही समाचार पत्रों में प्रमुखता से खबर प्रकाशित हुई है कि भारत में  बीते दो वर्षों में टीबी के मामले 17 फीसदी बढ़ गए हैं। यह स्थिति तब है जब सरकार अगले वर्ष तक भारत को टीबी मुक्त बनाने की हर संभव कोशिशें कर रही है। बीसवीं सदी के महान संत और ऋषिकेश स्थित दिव्य जीवन संघ के संस्थापक स्वामी शिवानंद सरस्वती ने सात-आठ दशक पहले ही प्रयोग करके बताया था कि मुख्यत: प्राण-शक्ति की कमी के कारण फेफड़े की टीबी हो जाती है। फेफड़ों का विकास अवरूद्ध होता है तो यह क्षेत्र टीबी के कीटाणुओं के लिए अनुकूल क्षेत्र बन जाता है। लेकिन जो लोग कपालभाति, भस्त्रिका या अन्य प्राणायामों का अभ्यास करते हैं, तो टीबी के कीटाणु पनम ही नहीं पाते। अब कर्नाटक स्थित एसडीएम कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज ने स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के सहयोग से शोध किया तो इससे भी यही सिद्ध हुआ कि टीबी रोग से मुक्त बने रहने में प्राणायाम की बड़ी भूमिका है।

इसी तरह चिकित्सा विज्ञानियों ने लीवर की समस्या में भी प्राणायाम की कुछ विधियों के लाभों को समझने की कोशिशें की हैं, जबकि स्वामी शिवानंद सरस्वती कहते रहे हैं कि लीवर की समस्या शुरूआती दौर में हो तो यौगिक उपचार संभव है। वे कहते थे कि यदि यकृत ठीक से काम नहीं कर रहा हो तो पद्मासन पर बैठ जाइए। आंखें बंद कीजिए और तीन बार ऊं मंत्र का जप करते हुए धीरे-धीरे श्वास लीजिए। छह बार इसी मंत्र का जप करते हुए श्वास रोके रहिए और प्राण को यकृत भाग में ले जा कर वहीं स्थिर कीजिए। कल्पना कीजिए कि प्राण-शक्ति यकृत के सभी कोशाणुओं और उत्तकों में व्याप्त होकर बीमारी ठीक कर रही है। फिर धीरे-धीरे श्वास छोड़िए। इस क्रिया को सुबह और शाम को बारह-बारह बार कीजिए। कुछ ही दिनों में चीजें सामान्य होती दिखने लगेंगी।

लाइलाज पार्किंसंस रोग चिकित्सा विज्ञान के लिए बड़ी चुनौती है। सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के अनुसार, पार्किंसन रोग यानी पीडी दुनिया भर में मृत्यु का 14वां सबसे बड़ा कारण है। यह दिमाग की उन तंत्रिकाओं को प्रभावित करता है, जिनसे डोपामाइन का उत्पादन होता है। इससे नर्व्ज सिस्टम की संतुलन संबंधी कार्य-क्षमता बाधित होती है। हार्मोन के क्षरण वाली इस बीमारी में कृत्रिम हार्मोन एल डोपा भी ज्यादा दिनों तक काम नहीं आता। पर बिहार योग विद्यालय के नियंत्रणाधीन योग रिसर्च फाउंडेशन ने अपने अध्ययन में पाया कि योगाभ्यासों में मुख्यत: नाड़ी शोधन प्राणायाम के अभ्यास से रोगियों की आक्रमकता कम हुई और हार्मोन क्षरण की रफ्तार धीमी पड़ गई। ऐसा इसलिए हुआ कि प्राण-शक्ति से मस्तिष्क के तंतुओं का पोषण हुआ और वे फिर से सक्रिय होने लगे।

परंपरागत योगविद्या के परमहंस ब्रह्मलीन स्वामी सत्यानंद सरस्वती अपने अध्ययनों और व्यावहारिक ज्ञान के आधार पर कहते थे – “भारतीय सनातम परंपरा में प्राणायाम का महत्वपूर्ण स्थान है। इसका अभ्यास करने वाले अपने प्राण-संचार से रोगों को दूर कर सकते हैं। यदि किसी को गठिया रोग हो तो प्राणायाम में पारंगत व्यक्ति कुंभक के साथ अपने हाथों से मरीज की टांगों पर मालिश करके दु:ख का निवारण कर सकता है। दरअसल, ऐसा करने वाले व्यक्ति के शरीर से रोगी के शरीर में प्राण-शक्ति का संचार होता है। यही स्थिति चमत्कार पैदा करती है। प्राणायाम का अभ्यास करते समय इष्ट मंत्र का जप चलते रहे तो इसके बड़े फायदे होते हैं।

अब सवाल है कि बहुत सारे लोगों को वर्षों प्राणायाम का अभ्यास करने के बावजूद खास लाभ क्यों नहीं मिलता? इसे समझने के लिए कुछ बिंदुओं पर गौर करना जरूरी है। वैज्ञानिकों की मानें तो एडेनोसिन टी फॉस्फेट (एटीपी) ही वह रसायन है, जो शरीर में ऊर्जा के उत्पादन आधार बनता है। इस रसायन की जैसे-जैसे कमी होती जाती है, बीमारियों के पंजे फैलते जाते हैं। प्राण-शक्ति का संचार होता है तो एटीपी का उत्पादन जरूरत के मुताबिक होते रहता है। यह तो एक बात हुई। ऐसी और भी रासायनिक प्रतिक्रियाएं होती हैं। पर योगियों और चिकित्सा विज्ञानियों की मानें तो हम सही ढंग से श्वास ही नहीं लेते हैं। इस वजह से फेफड़े का एक अंश मात्र बमुश्किल काम करता है।

वैज्ञानिक मत है कि हम जितना श्वास लेते हैं, उसमें बीस फीसदी ही आक्सीजन होता है। इसी आक्सीजन में एक विशिष्ट तत्व होता है, जिसे योगी प्राण-शक्ति कहते हैं। उनका दावा है कि आक्सीजन के बिना तो कोई थोड़ी देर जीवित रह भी सकता है। पर प्राण-शक्ति न हो तो आदमी एक क्षण भी जीवित नहीं रह सकता। संयुक्त राष्ट्र में हिमालय इंस्टीच्यूट के स्वामी राम ने स्वेच्छा से लंबे समय तक हृदय की धड़कन रोककर योगानुसंधान के क्षेत्र मे बड़ा योगदान दिया था। यौगिक शोध में दूसरा योगदान संयुक्त राष्ट्र के ही स्वामी नादब्रह्मानंद का रहा। वे स्वामी शिवानंद सरस्वती के शिष्य़ थे। उन्होंने एक वायुरोधी कक्ष में 45 मिनटों तक तबला बजाते हुए पूर्ण कुंभक किया था। इससे उपरोक्त बातों की पुष्टि होती है।

हठयोग प्रदीपिका में कहा गया है कि शरीर में प्राण वायु है, तब तक जीवन है। इसलिए वायु को भीतर यथासंभव रोककर रखो और हम जानते हैं कि ऐसा प्राणायाम से ही संभव है। स्पष्ट है कि स्वस्थ्य जीवन के लिए केवल वायु नहीं, बल्कि प्राण-वायु की ज्यादा जरूरत है। जाहिर है कि इतनी महत्वपूर्ण योग विद्या का इच्छित परिणाम किताबें पढ़कर या यूट्यूब देखकर हासिल नहीं कर सकते। इसलिए कि हर व्यक्ति का गुण-धर्म अलग-अलग है और एक ही फार्मूला सभी पर लागू नहीं होता।  

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

होली : परमानंद का सतरंगी उत्सव

किशोर कुमार //

रंग है, गुलाल है। मस्ती है, आनंद है। सतरंगी उत्सव है, उल्लास का महोत्सव है। तभी ब्रज की मस्ती भरी होली हो, महाराष्ट्र की मटकी होली हो या कोई अन्य होली, सभी का अंतर्निहित भाव एक है। वह है – बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव। शास्त्रों में उल्लेख है और संत-महात्मा अपने अनुभवों के आधार पर कहते रहे हैं कि सात्विक गुणों में अभिवृद्धि होती है तो अंतर्मन में प्रेम और श्रद्धा का दीपक जलता है। ऐसे मन में ही आनंद का आविर्भाव होता है और जीवन उत्सव बन जाता है।

होली से जुड़ी जितनी भी कथाएं हैं, आध्यात्मिक दृष्टिकोण से मायने एक ही है। इसलिए होलिकादहन का गूढ़ार्थ समझे बिना यह महान उत्सव वैसा ही जान पड़ता है, जैसे आत्माविहीन शरीर। पुराण कथा तो सबको पता ही है। दैत्यराजा हिरण्यकश्यप भगवान शिव से अमरता का मिले वरदान से इतना अहंकारी हो गया था कि देवताओं में भी त्राहिमाम मच गया था। कोई ईश्वर की प्रार्थना करे, यह उसे गंवारा न था। पुत्र प्रह्लाद भी अपवाद न था। इसलिए उसने प्रह्लाद की जान लेने के लिए न जाने कितने ही यत्न किए। अपनी बहन होलिका की गोद में बैठाकर अग्नि में भस्म कर देते तक की कोशिश की।

आचार्य रजनीश ने इस प्रसंग को बड़े ही तर्कपूर्ण ढ़ंग से प्रस्तुत किया था। वे बड़े दार्शनिक थे, मनोवैज्ञानिक थे। उनकी कल्पनाशीलता कमाल की थी। बोलते थे तो ऐसे मानों आंखों देखा हाल बयां कर रहे हों। तो होली का मौका था और अपने शिष्यों को बता रहे थे – हिरण्यकश्यप प्रहलाद के सामने कमजोर मालूम होने लगा होगा। आनंद के सामने दु:ख सदा कमजोर हो जाता है। दु:ख नकार है। आनंद विधायक ऊर्जा का आविर्भाव है। दु:ख में कभी कोई फूल खिले हैं? कांटे ही लगते हैं। प्रहलाद के फूल के सामने हिरण्यकश्यप का कांटा लज्जा से भर गया होगा, ईर्ष्या से जल गया होगा। प्रहलाद के भगवान के नाम पर गाए गए गीत उसे बहुत बेचैन करने लगे होंगे। उसकी सांसें घुटने लगीं। फिर तो उसे एकबारगी वही सूझा जो सूझता है नकार को, नास्तिक को, निर्बल-दुर्बल को – मिटा दो इसे। यानी विध्वंस।

पर भक्त प्रह्लाद का बाल-बांका क्यों न हुआ? ओशो बताते हैं – प्रहलाद ने अपनी श्रद्धा-भक्ति में अवरोध न आने दिया। उसे पहाड़ से फेंका, पानी में डुबाया, आग में जलाया। पर परमात्मा पर विश्वास डोला नहीं और न ही पिता के प्रति दुर्भावना पैदा न हुई। यदि दुर्भावना भी आ गई होती तो तत्क्षण आस्तिक की मौत हो गई होती और वह जलकर भस्म हो गया होता। जीसस ने भी तो ऐसा ही किया था। सूली लगी थी और परमात्मा से प्रार्थना कर रहे थे – इन सभी को माफ कर देना, क्योंकि ये जानते नहीं क्या कर रहे हैं। ये नासमझ हैं। इसलिए कहता हूं कि संशय रहित भक्ति में बड़ी शक्ति है। ऐसे भक्त को सूली पर लटका कर या आग में जलाकर मारना असंभव है।  

आज के संदर्भ में देखें तो लगेगा कि हमारे भीतर भी तो हर पल, हर क्षण देव-दानवों के बीच संघर्ष चलते रहता है। और अंतर्मन में जो घटित होता है, वही भौतिक जगत में अनाचार, अत्याचार की घटनाओं कारण बनता है। मनुष्य त्रिगुणातीत है। उसकी स्थिति एक जैसी कभी नहीं रहती। सत्व, रजस और तमस गुणों की मात्रा में कमी-बेशी होती रहती है। परिणाम भी गुण के अनुरूप ही मिलने लगते हैं। ऐसे में अखंड श्रद्धा और विश्वास कैसे पनपे? फिर तो मन संदेह से भरा रहेगा। ऐसे मन से अभीष्ट की सिद्धि असंभव ही है। इन गुणों का विकास तो सात्विक गुणों की छांव में होता है। श्रीरामचरितमानस के सती पार्वती प्रसंग में कथा है। रजस गुणी दक्ष की बेटी थीं सती। देखा कि शिव जी भगवान श्रीराम को सच्चिदानंद कहते हुए अभिवादन कर रहे हैं तो मन संदेह से भर गया। सोचने लगीं कि विरह में तपता हुआ मनुष्य भला सच्चिदानंद कैसे हो सकता है? पर अगला जन्म पार्वती के रूप में हुआ तो मन में संशय के लिए कोई जगह न रह गई थी। प्रक्रियाओं से गुजरकर रूपांतरित हो चुकी थीं।

श्रीमद्भगवतगीता में श्रीकृष्ण कहते हैं – हे अर्जुन, तुम नित्य सत्व में स्थित रहो। अब परमज्ञानी अर्जुन भी नित्य सत्व में स्थित न रह सके थे तो आम आदमी की क्या बिसात? मेरे गुरूदेव परमहंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती कहते हैं कि तुम्हारे लिए इसका मतलब यह हुआ कि काम कुछ भी करते रहे। पर भावना शुद्ध रखने की कोशिश करनी है। तभी मन से संशय दूर रहेगा और संकल्पों में दृढ़ता आएगी। चेतना का विकास करके भावनाओं को परिशुद्ध करने के लिए ही योगविद्या है। यहां योगविद्या से तात्पर्य केवल आसन-प्राणायाम नहीं है। राक्षसों की सबसे बड़ी कमजोरी क्रूरता है तो मनुष्य की सबसे बड़ी कमजोरी कृपणता है। इसलिए, सेवा और परमार्थ की जरूरत है। इनमें ऐसी शक्ति है कि जीवन पूरी तरह रूपांतरित हो जाए। कृपणता के रहते सत्वगुणों का विकास संभव नहीं है। फिर श्रद्धा व भक्ति दूर की कौड़ी हो जाएगी और असुरों का साम्राज्य कायम रह जाएगा।          

होली का संबंध श्री कृष्ण और राधा रानी की प्रेम कहानी से भी जुड़ा है। पुराण कथा है कि श्री कृष्ण खुद तो काले-नीले थे और राधा रानी के गोरे रंग को देखकर माता से बार-बार सवाल करते कि मैं क्यों काला? यशोदा माता ने कहा कि जो रंग पसंद हो राधा को लगा दो। फिर क्या था। श्रीकृष्ण ने राधा रानी को अपने ही रंग में रंग दिया था। कालांतर में यही दिवस होली का दिन हो गया। इस प्रसंग को आध्यात्मिक दृष्टिकोण से देखें तो बात बड़ी अर्थपूर्ण लगेगी। राधा रानी पर भगवान की कृपा इसलिए बरसी कि वह इसके पात्र थीं।

संत-महात्मा कहते रहे हैं, हमें याद रखना होगा कि श्रद्धा और विश्वास ही धन है। आध्यात्मिक उपलब्धियों के लिए इसी धन की जरूरत होती है। आध्यात्मिक उपलब्धियां ही जीवन को अर्थपूर्ण बनाती है। इसलिए होली हमें आत्म-निरीक्षण का अवसर देती है। यह त्योहार हमें प्रेरित करता है कि सत्वगुणों का विकास करके प्रेम की गंगा ऐसे बहाओ कि मानवता को कलंकित करती आसुरी प्रवृत्तियों के लिए जीवन में कोई स्थान न रह जाए।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

भक्ति की शक्ति और रामकृष्ण परमहंस

किशोर कुमार //

सभी जानते हैं कि उन्नीसवीं सदी के महान संत रामकृष्ण परमहंस काली मां के परम भक्त थे। माता की छोटी मूर्ति सदैव अपने पास रखते थे और कहते कि इसी में पूरा ब्रह्मांड समाया हुआ है। किसी विदेशी नागरिक को स्वाभाविक रूप से बात अटपटी लगी तो उसने कहा, क्या इसे साबित किया जा सकता है? परमहंस जी ने कहा कि इंसानों के अंदर जो शक्ति है, उससे अलग एक और शक्ति है, जिसे हम कॉस्मिक एनर्जी कहते हैं। जब हम इसे महसूस करते हैं, तब ही आप इसे हासिल कर सकते हैं। देखो न, सूर्य तो पृथ्वी से कितना बड़ा है। पर दिखता छोटा है। क्यों? इसलिए कि वह हमसे दूर है। जो काली मां से दूर हैं, उसे भी काली मां की विराटता का पता नहीं चलता। मैं करीब हूं तो उनका विराट स्वरूप देखता हूं। और जो देखता हूं, वही कहता हूं।

आपने सुना होगा, अध्यात्म ज्ञान के मार्तण्ड व युग पुरूष संत ज्ञानेष्वर से जुड़ा एक प्रसिद्ध प्रसंग। पंडितों ने उन्हें चुनौती दी थी कि यदि तुममे और पास खड़े भैंसे में एक ही आत्मा है, तो क्या यह भैंस भी वेद मंत्र पढेगा? ज्ञानदेव ने चुपचाप भैंसे के पास जाकर भैंस की पीठ थपथपाई, और कहा हे देवता, आप इन पंडितों के सामने वेद मंत्र का उच्चारण करें। अचानक भैंसा मानव की वाणी में मंत्र बोलने लगा था। रामकृष्ण परमहंस की भी अनुभूति थी कि आत्मा एक है, जो विविध रूपों में भासित होता है। इसलिए उन्होंने अपने प्रिय शिष्य स्वामी विवेकानंद को अद्वैतवादी बनाया। पर जन सामान्य को सदैव अद्वैतवाद की ही शिक्षा देते रहे। वे मुख्यत: नारद भक्ति की शिक्षा देते थे। कहते थे कि कलियुग में इसी शिक्षा से उद्धार होगा। भगवत् प्रेम के गूढ़ार्थ बताने के लिए नारद मुनि ने चौरासी सूत्र दिए थे। उन्हें ही नारद भक्ति सूत्र कहा गया है। परमहंस जी कहते थे कि भक्ति में छलांग लगाओ, राख गायब हो जाएगा, फूल ही फूल दिखने लगेगा। यह कोई सैद्धांतिक नहीं, अनुभव की बात है।

परमहंस जी कहते कि यह भक्ति किसी प्रार्थना स्थल पर जाने जैसी नहीं है। यह भक्ति वैज्ञानिक है, आंतरिक ऊर्जा को ऊर्ध्वगामी बनाने की बात है। यह मार्ग भी उतना ही मजबूत है कि इच्छानुकूल फल देने में सक्षम बना देगा। रामकृष्ण परहंस के जीवन का एक अद्भुत प्रसंग है। मानव जाति के इतिहास में वे अकेले व्यक्ति थें, जिन्होंने सभी धर्मों के मार्ग से सत्य तक जाने की चेष्टा की और सभी धर्मों से उसी शिखर को पा लिया। ईश्वर अल्लाह तेरो नाम तो अनेक लोग जपते रहे हैं। पर उन्होंने अनुभव से जान लिया है कि ईश्वर एक है। उल्लेख है कि जब वे इस्लाम की साधना करते थे तो वे ठीक मुसलमान फकीर हो गए थे। वे भूल गये राम-कृष्ण और ‘अल्लाहू-अल्लाहू’ की आवाज लगाने लगे थे, कुरान की आयतें सुनने लगे थे।

जब वे सखी-संप्रदाय की साधना करने लगे तो उनमें स्त्रियों के सारे गुण प्रकट हो गए थे। आवाज बदल गई, चलने का तरीका बदल गया और यहां तक कि शरीर का बनावट तक बदल गया था। मासिक धर्म का चक्र शुरू हो गया था। सखी-संप्रदाय की मान्यता है कि परमेश्वर ही पुरुष है, बाकी सब स्त्रियां हैं। परमेश्वर कृष्ण है, बाकी सब उसकी सखियां हैं। इसलिए सखी-संप्रदाय का पुरुष भी अपने को स्त्री ही मान कर चलता है। लेकिन जो घटना रामकृष्ण के जीवन में घटी, वह अपवाद था। सखी-संप्रदाय के ही कई लोग कृष्ण को पति मानते हुए उनकी मूर्ति को लेकर बिस्तर पर सो जाते थे। पर अनुभूति नहीं मिल पाती थी। पर रामकृष्ण परमहंस के मन में यह भावना इतनी प्रगाढ़ हुई कि मैं स्त्री हूं, सब कुछ बदल गया था।

इस प्रसंग से साबित होता है कि मनुष्य जैसा दिखाई देता है उससे कहीं अधिक है। रामकृष्ण परमहंस की चेतना की तो बात ही क्या है। उनके जीवन की एक अन्य अद्भुत घटना से इस बात को समझिए। महान योगी तोतापुरी ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि उनमें सारे गुण मौजूद हैं। एक कमी है कि भावनात्मक ऊर्जा के स्तर पर सजगता का विकास नहीं हो पाया है। यह काम हो जाए तो वे चरम को छू सकते हैं। एक आसान विधि है, जिसके अभ्यास से जागरूकता शक्तिशाली हो जाएगी। रामकृष्ण मान गए। पर इस विधि से भी काली के ही दर्शन होते थे।

तोतापुरी ने दूसरी युक्ति निकाली। कहा, ‘अब काली दिखें, तो तलवार से उनके टुकड़े कर दीजिएगा।’ परमहंस जी ने पूछा, ‘मुझे तलवार कहां से मिलेगी?’ तोतापुरी ने जवाब दिया, ‘वहीं से, जहां से आप काली को लाते हैं। यानी मानसिक तल पर ही सब कुछ होना था। परमहंस जी फिर काली दे दर्शन पाकर परमानंद में डूबने ही वाले थे, कि तोतापुरी ने शीशे के टुकड़े से उनके माथे पर एक गहरा चीरा लगा दिया। परमहंस जी ने उसी समय अपनी कल्पना में तलवार बनाई और काली के टुकड़े कर दिए, इस तरह वह मां और मां से मिलने वाले परमानंद से मुक्त हो गए। अब वह वास्तव में एक परमहंस और पूर्ण ज्ञानी बन गए थे।

रामकृष्ण परमहंस की चेतना इतनी ठोस थी कि वह जिस रूप की इच्छा करते थे, वह उनके लिए एक हकीकत बन जाती थी। यह भक्ति की शक्ति थी। यूं कहें कि उनकी तमाम शक्तियों के मूल में भक्ति ही थी। तभी बंगाल महापंडित केशवचंद्र सेन का समूचा तर्क औपचारिक शिक्षा से कोसो दूर रहे परमहंस जी सामने गिर गया था। दरअसल, परमहंस जी की ख्याति जब दूर-दूर तक फैल गई तो बंगाल महापंडित केशवचंद्र सेन की उनसे शास्त्रार्थ करने की इच्छा बलवती हो गई। विद्वता और तार्किकता अद्वितीय थी। मेधा बड़ी प्रखर थी। बंगाल में शायद ही कोई विद्वान हो जिसे वे अपनी तर्क-शक्ति से हरा न चुके थे। मन में विचार आया कि वे रामकृष्ण जैसे अपढ़ को तो चुटकी बजाते हरा देंगे। महापंडित पद्मनाभ जैसा ही भाव आ गया।

संत कबीर के समकालीन पद्मनाभ को अहंकार था कि वे शास्त्रार्थ में किसी को भी पराजित कर सकते हैं। अनेक बैलगाड़ियों पर ग्रंथ भरकर काशी चले थे, वहां के पंडितों को पराजित करने। पंडितों ने सामना करा दिया संत कबीर से। उस कबीर से, जिनकी उद्घोषणा है कि “मसि-कागद तौ छुओ नहिं, कलम गही ना हाथ।” और कहानी सबको ज्ञात है कि संत कबीर ने जब सवाल किया कि इतने सारे ग्रंथ पढ़कर समझे या समझ कर पढ़े, तो महापंडित पद्मनाभ उलझ गए। उलझने वाली बात ही थी। यदि समझ पहले से थी तो पढ़े क्यों और समझ कर पढ़े तो किताब को समझा होगा, परमात्मा को नहीं। पद्मनाभ को जवाब न सूझा था और पराजित हो गए थे। ऐसा ही कुछ हुआ केशवचंद्र सेन के साथ। वे पराजित हो गए थे।     

रामकृष्ण जैसे व्यक्ति को तर्क से नहीं हराया जा सकता, क्योंकि रामकृष्ण जैसे व्यक्ति का आधार ही तर्क पर नहीं होता। केशवचंद्र ने तर्क पर तर्क दिये और रामकृष्ण उठ—उठकर उनको छाती से लगा लें! और कहें, ‘क्या गजब की बात कही! वाह! वाह! अहा! आनंद आ गया!’ केशवचंद्र ने कहां, ‘वह कैसे?’ परमहंस जी ने कहा कि ऐसी प्रतिभा मनुष्य में है, तो जरूर इस जगत के स्रोत में महाप्रतिभा होनी ही चाहिए, नहीं तो तुममें प्रतिभा कहां से आती? जब फूल खिलते हैं, तो उसका अर्थ है कि जमीन गंध से भरी होगी। तुम्हारी गंध को देखकर ही ईश्वर प्रमाणित होता है!’ केशवचंद्र का सिर झुक गया और चरण पर गिर पड़े थे।

तो परमहंस जी आमलोगों के लिए देशकाल को ध्यान में रखते हुए भक्ति की शिक्षा देते थे। अपने प्रिय शिष्य स्वामी विवेकानंद को अद्वैत की शिक्षा दी तो आमलोगों द्वैत की, मुख्यत: नारद भक्ति की शिक्षा दी। इसलिए कि नारद मुनि ने शाण्डियल्य भक्ति सूत्र की तरह ज्ञान प्रधान भक्ति की बात नहीं की है। उन्होंने भाव प्रधान भक्ति समझाई और कहा कि परमेश्वर की भक्तिमय सेवा से इंद्रियां और मन माया के बंधन से मुक्त हो जाते हैं। परमात्मा का द्वार खुल जाता है। प्रसिद्ध पुराण कथा भी है। कलियुग में भक्ति देवी के दोनों पुत्रों ज्ञान व वैराग्य का उद्धार भक्ति के प्रभाव से ही हो पाया था। इससे भी भक्ति की श्रेष्ठता का पता चलता है। परमहंस जी की 188वीं जयंती पर सादर नमन। उनकी शिक्षाएं पूरी मानव जाति को आलोकित करती रहेंगी।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)    

शिवरात्रि : योग-शक्ति के जागरण का अनुष्ठान

किशोर कुमार //

अध्यात्मिक दृष्टिकोण से शिव कोई व्यक्ति नहीं है। शिव-शक्ति के बारे में जितनी भी कथाएं हैं, वे सभी मनुष्य के जीवन एवं उसकी चेतना से जुड़ी हैं। चेतना शक्ति से मिलने जाती है और यही शिवरात्रि है। शिवरात्रि की अवधारणा अस्तित्व के भौतिक स्तर पर चेतना को जागृत करना और विकास के उच्च बिंदु पर शक्ति के साथ एकजुट होना है। विज्ञान भैरव तंत्र में बताई गई कोई एक विधि भी सध जाए, तो हृदय में प्रेम से भरकर रूपांतरित हो जाएगा। शिव-पार्वती आराधना का इससे उत्तम प्रसाद कुछ और हो नहीं सकता।

महाशिवरात्रि का त्यौहार भारत के आध्यात्मिक उत्सवों की सूची में सबसे महत्वपूर्ण है। आखिर यह रात इतनी महत्वपूर्ण क्यों है और हम इसका लाभ जनसामान्य कैसे उठा सकते हैं? पर पहले समझिए शिवरात्रि का आध्यात्मिक महत्व। अध्यात्मिक दृष्टिकोण से शिव कोई व्यक्ति नहीं है। शिव-शक्ति के बारे में जितनी भी कथाएं हैं, वे सभी मनुष्य के जीवन एवं उसकी चेतना से जुड़ी हैं। चेतना शक्ति से मिलने जाती है और यही शिवरात्रि है। शिवरात्रि की अवधारणा अस्तित्व के भौतिक स्तर पर चेतना को जागृत करना और विकास के उच्च बिंदु पर शक्ति के साथ एकजुट होना है।

चेतना बहुत गहरी चीज है। यह इतना शब्दातीत है कि इसे समझाने के लिए ऋषियों को किसी न किसी कहानी का सहारा लेना पड़ा। राम-रावण युद्ध और देवासुर संग्राम को भी इसी संदर्भ में समझा जाना चाहिए। तंत्र शास्त्र के मुताबिक शरीर में जो दो समानार्थी शक्तियां हैं, वे हैं शिव यानी पुरुष और प्रकृति यानी देवी या शक्ति। पुरुष का अर्थ है शुद्ध चेतना। यह समस्त वस्तुओं में उसी प्रकार छिपी हुई है, जिस तरह काष्ठ में अग्नि छिपी होती है। शक्ति शरीर के निचले भाग में अवस्थित मूलाधार में सोई हुई है। जब वह जागृत होती है तो सुषुम्ना नाड़ी के मार्ग से ऊपर उठकर सहस्रार में परमशिव से योग करती है। वहीं शिव-शक्ति का मिलन होता है। इस बात को समझाने के लिए ही शिव विवाह की कथा कही जाती है। इस कथा से पता चलता है कि शुद्ध चेतना या पुरुष का योग देवी शक्ति से किस प्रकार करना है। यही योग का मार्ग है। ध्यान साधना का सही मार्ग है। इसलिए गुरूजन कहते हैं कि ध्यान के समय कल्पना करनी चाहिए कि शुद्ध चेतना को धीरे-धीरे हम हिमालय को ओर ले जा रहे हैं।

मीराबाई का एक पद है, “मीरा के प्रभु गहर गंभीरा, हृदय धरो जी धीरा। आधी रात प्रभु दरसन दीन्हों, प्रेम नदी के तीरा।।“ परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती इस पद के जरिए महाशिवरात्रि का महत्व समझाते हुए कहते थे कि चेतना के लिए भी दिन, शाम और रात निर्धारित है। जागृत अवस्था में चेतना बाहर की ओर विचरण कर रही होती है तो दिन। इंद्रियों का संबंध बाहर से टूट जाए और केवल विचार रह जाए तो शाम। इंद्रियों का संबंध बाहर से टूट जाए और विचार भी न रहे तो रात। शिवरात्रि में यहीं अंतिम अवस्था रहती है। यानी इस अवस्था में जन्मों-जन्मों की वृत्तियों और खराब संस्कारों से मुक्ति पाने का विधान बताया गया है। शिवजी की बारात में भूत-पिशाच की उपस्थिति जन्मो की वृत्तियों के ही प्रतीक हैं। आधी रात की साधना के जरिए उनसे मुक्ति मिलती है। इस लिहाज से शिवरात्रि आध्यात्मिक उत्थान और योग-शक्ति के जागरण का अनुष्ठान है।

सद्गुरू जग्गी वासुदेव शिवरात्रि का वैज्ञानिक विश्लेषण करते हुए बताते हैं कि इस रात, ग्रह का उत्तरी गोलार्द्ध इस प्रकार स्थित होता है कि मनुष्य भीतर ऊर्जा का प्राकृतिक रूप से ऊपर की और जाती है। यह एक ऐसा दिन है, जब प्रकृति मनुष्य को उसके आध्यात्मिक शिखर तक जाने में मदद करती है। इस समय का उपयोग करने के लिए, इस परंपरा में, हम एक उत्सव मनाते हैं, जो पूरी रात चलता है। पूरी रात मनाए जाने वाले इस उत्सव में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाता है कि ऊर्जाओं के प्राकृतिक प्रवाह को उमड़ने का पूरा अवसर मिले – आप अपनी रीढ़ की हड्डी को सीधा रखते हुए – निरंतर जागते रहते हैं।

अब सवाल है कि यौगिक व आध्यात्मिक लाभ किस विधि प्राप्त करें? विज्ञान भैरव तंत्र के मुताबिक इसी रात्रि को मानव जाति के कल्याण के लिए, आत्म-रूपांतरण के लिए शिव ने अपनी प्रथम शिष्या पार्वती को एक सौ बारह विधियां बताई थी, जो योग शास्त्र के आधार हैं। इसके बाद ही मत्स्येंद्रनाथ का प्रादुर्भाव हुआ। शिष्य गोरखनाथ और नाथ संप्रदाय ने योग का जनमानस के बीच प्रचार किया। इस तरह पाशुपत योग के रूप में हठयोग, राजयोग, भक्तियोग, कर्मयोग आदि से आमजन परिचित हुए। कहा जा सकता है कि योग की जितनी भी शाखाएं हैं, सबका आधार शिव-पार्वती संवाद ही है। इसी संवाद में शांभवी मुद्रा की बात भी आती है। कथा के मुताबिक, पार्वती जी ने शिव जी को अपने मन की उलझन बताई। कहा, “स्वामी मन बड़ा चंचल है। एक जगह टिकता नहीं।“ फिर उपाय पूछा, “क्या करूं? किसी विधि समस्या से निजात मिलेगी?”

शिव जी ने एक सरल उपाय बता दिया – “दृष्टि को दोनों भौंहों के मध्य स्थिर कर चिदाकाश में ध्यान करें। मन शांत होगा, त्रिनेत्र जागृत हो जाएगा। इसके बाद बाकी सिद्धि के लिए कुछ शेष नहीं रह जाएगा।“ आदियोगी ने इस क्रिया को नाम दिया – शांभवी मुद्रा। पार्वती जी का एक नाम शांभवी भी है। योग शास्त्र में कहा गया है कि शांभवी मुद्रा बेहद प्रभावशाली योग मुद्रा है। अब आधुनिक विज्ञान भी यही बात कह रहा है। कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में इस मुद्रा पर शोध हुआ। पता चला कि शाम्भवी मुद्रा का अभ्यास करने वालों के मस्तिष्क में न्यूरोनल रीसाइक्लिंग सामान्य की तुलना में 241 फीसदी ज्यादा होती है। दूसरी तरफ पीनियल ग्रंथि के कमजोर होने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। तंत्रिका तंत्र और अंत:स्रावी ग्रंथियों के बीच बेहतर समन्वय बनता है। कुल 536 लोगों पर शांभवी मुद्रा के प्रभावों के अध्ययन किया गया था। एकाग्रता में 77 फीसदी, मानसिक स्पष्टता में 98 फीसदी, भावनात्मक संतुलन में 92 फीसदी, ऊर्जा के स्तर में 84 फीसदी, आंतरिक शांति में 94 फीसदी और आत्मबल में 82 फीसदी की वृद्धि हो गई थी।

न्यूरोसाइंस के दृष्टिकोण से, शिव को मानसिक शांति, स्थिरता, और मेधा शक्ति का प्रतीक, जबकि शक्ति को मानसिक गतिशीलता, उत्साह, और उत्कृष्टता का प्रतीक माना जा सकता है। इन दोनों का योग करके कोई भी व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकता है। पार्वती जी को बताई गई अन्य विधियां भी कम शक्तिशाली नहीं। विज्ञान भैरव तंत्र की 22वीं विधि तो डायनेटिक्स और साइंटोलॉजी के रूप में अमेरिका सहित अनेक देशों में विख्यात हो चुकी है। इस बारे में विस्तार से फिर कभी। पर हमसे कोई एक विधि भी सध जाए, तो हृदय में प्रेम से भरकर रूपांतरित हो जाएगा। शिव-पार्वती आराधना का इससे उत्तम प्रसाद कुछ और हो नहीं सकता।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

गायत्री परिवार का अश्वमेघ यज्ञ

किशोर कुमार

दुनिया के झंझटों से परेशान होकर कुछ व्यक्ति एक वटवृक्ष के नीचे बैठे वार्तालाप कर रहे थे। सभी विमर्श कर रहे थे कि तपस्या से प्रभावित होकर भगवान ने दर्शन दे दिए और वर मांगने को कहा तो क्या मांगेंगे? किसी ने अन्न मांगने का सुझाव दिया तो किसी ने बल मांगने की इच्छा जताई। विशाल वटवृक्ष उनकी बातों पर ठहाका लगाता हुआ बोला- मेरी बात मानो, तुम लोगों से न तपस्या होगी, न उपलब्धियाँ प्राप्त होंगी, क्योंकि यदि इतना मनोबल होता तो संसार से घबराकर न भागते। मैं बिना मांगे ही एक वरदान देता हूँ, उसका नाम है प्रेम। प्रेम की भावना विकसित करो, फिर देखो जो वस्तु चाहोगे, वहीं प्राप्त करने की क्षमता तुम्हारे अन्दर आ जाएगी। मुंबई में पांच दिनों तक चला गायत्री परिवार का विशाल अश्वमेघ महायज्ञ भी मुख्यत: प्रेम यानी प्राणि मात्र से प्रेम, राष्ट्र से प्रेम के संदेश के साथ संपन्न हो गया। वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर भी कहना होगा कि यह महायज्ञ समयानुकूल था और तन-मन को स्वस्थ आधार देकर वसुधैव कुटुंबकम् की भावना को विकासित करने के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगा। 

भारतीय परंपरा में अश्वमेध यज्ञ का विशेष महत्व है। अश्वमेध यज्ञों के महत्व के वर्णन से वेद, उपनिषद, दर्शन और पुराणों के पन्ने भरे पड़े हैं। प्राचीन काल में, इन्हें पारिस्थितिक संतुलन प्राप्त करने, ईश्वर की कृपा प्राप्त करने और राष्ट्र को एकजुट करने के लिए किया जाता था। श्रीराम का अश्वमेघ यज्ञ और उस दौरान लव-कुश के युद्ध की कहानी कौन नहीं जानता। श्री राम धर्म के प्रति समर्पित थे और उन्होंने अपने राज्य के कल्याण और सुरक्षा के लिए अश्वमेध यज्ञ का आयोजन किया। यह उनका धर्म के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक था और उनके शासनकाल में धार्मिक न्याय का पालन करने का संकल्प प्रकट करता था। महाभारत का महायुद्ध समाप्त होने के बाद देश में शांति और सद्भाव का साम्राज्य स्थापित करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण की आज्ञा से धर्मराज युधिष्ठिर ने अश्वमेध यज्ञ का आयोजन किया था।

आधुनिक युग की समस्याएँ अलग हैं तो इस यज्ञ का स्वारूप भी बदला हुआ है। कलियुग धर्माचार्यों की चिंता इस बात को लेकर होती है कि किसी विधि मानव में देवत्व का उदय होना चाहिए। ताकि आत्मवत् सर्वभूतेषु (सभी जीवित प्राणी आत्मीय हैं) और वशुधैव कुटुंबकम् (संपूर्ण पृथ्वी हमारा परिवार है) की भावना का विकास हो सके। यह तो तभी संभव होगा जब स्वस्थ शरीर, शुद्ध मन और सभ्य समाज का निर्माण होगा। गायत्री परिवार का मुंबई में 21 से 25 फरवरी तक पांच दिवसीय अश्वमेघ महायज्ञ को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए। विज्ञान की कसौटी पर हमें यज्ञ, हवन और मन्त्रोच्चारण के महत्व का पता चल चुका है। अश्वमेघ यज्ञ के रूप में मिनी-कुंभ में पांच दिनों के भीतर 2.4 करोड़ मंत्र-युक्त यज्ञ आहुतियों से अभूतपूर्व सकारात्मकता उत्पन्न हुई, जो आने वाले समय में देश और विशेष रूप से मुंबई शहर के लिए शांति और समृद्धि में परिलक्षित होगी।

अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा संचालित 47वां अश्वमेध महायज्ञ इस मायने में अनूठा था कि यह प्रतिभाओं के परिष्कार तथा नियोजन के साथ नशा मुक्ति को भी समर्पित था। ताकि राष्ट्र को वह ऊर्जा प्रदान हो जिससे राम राज्य की स्थापना हो सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ठीक ही कहा कि गायत्री परिवार का अश्वमेध यज्ञ, सामाजिक संकल्प का एक महा-अभियान बन चुका है। इस अभियान से जो लाखों युवा नशे और व्यसन की कैद से बचेंगे, उनकी वो असीम ऊर्जा राष्ट्र निर्माण के काम में आएगी।

इस यज्ञ की खास बात यह रही कि गायत्री परिवार ने इसे प्रचलित अनुष्ठान से अलग इसकी वैज्ञानिकता बतलाते हुए हर कार्य संपन्न कराया। नतीजा हुआ कि यज्ञ में भाग लोगों के मन में यज्ञ के परिणामों को लेकर स्पष्टता बनी रही। इससे यज्ञ ज्यादा ही प्रभावशाली बन पड़ा। जैसे, लोगों को पता था कि महायज्ञ में गायत्री मंत्रोचार के परिणाम क्या होने हैं। इसके लिए उनके समक्ष पूर्व में किए गए शोधों के नतीजे थे, जिनमें बताया गया है कि ध्वनि कंपन की शक्ति को विज्ञान के क्षेत्र में क्यों स्वीकार किया गया है और ये कंपन सूक्ष्म और ब्रह्मांडीय स्तर पर ऊर्जा क्षेत्रों में प्रवेश करके क्या परिणाम देते हैं। इसके लिए गायत्री परिवार की ओर से एक अमेरिकी वैज्ञानिक के शोध नतीजों का हवाला दिया गया। अमेरिकी वैज्ञानिक डॉ. हॉवर्ड स्टिंगुल ने स्थापित किया था कि गायत्री मंत्र के पाठ से प्रति सेकंड 110,000 ध्वनि तरंगें पैदा होती हैं।

इसी तरह और भी शोध नतीजे लोगों के संज्ञान में लाए गए थे। जैसे, गायत्री परिवार के हरिद्वार स्थित ब्रह्मवर्चस अनुसंधान संस्थान में स्थापित यज्ञोपैथी प्रयोगशाला में एक यज्ञ के अनुष्ठान के दौरान मंत्रोच्चार के साथ जड़ी-बूटियों के उर्ध्वपातन के प्रभाव का अध्ययन से पता चला था कि यह पल्मोनरी टीबी से छुटकारा दिलाने के लिए बड़े महत्व का है। पल्मोनरी ट्यूबरकुलोसिस दुनिया भर में एक प्रमुख सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या है। अकेले भारत में हर साल लगभग अस्सी हजार नए मामले सामने आते हैं। मंत्र के बार-बार लयबद्ध जप और गहरी सांस लेने के कारण, यज्ञ के दौरान उत्पन्न औषधीय वाष्प चमत्कारिक परिणाण देता है।

लोगों ने जाना कि यज्ञ मिर्गी के मरीजों के लिए कितना फलदायी है। भारत में, लगभग 10 मिलियन लोग मिर्गी से पीड़ित हैं। चिंताजनक बात यह है कि ज्यादातर मिर्गी पीड़ितों का कभी इलाज नहीं किया जाता है। दक्षिण अफ़्रीका में पारंपरिक चिकित्सकों ने मिर्गी के मरीजों पर यज्ञों के प्रभावों का अध्ययन किया तो पाया कि यज्ञ की प्रक्रिया वांछनीय औषधीय फाइटोकेमिकल्स और अन्य स्वस्थ पोषक तत्वों के लाभों को बढ़ाती है। इससे मरीजों की रिकवरी आसान होती है।

रूस के यहूदी जीवाणु वैज्ञानिक व्लादीमीर हाफ्किन ने हैजा-रोधी टीका विकसित करके भारत में सफलतापूर्वक परीक्षण किया था। गायत्री परिवार ने उनके एक शोध परिणाम के हवाला से भी यज्ञ के चिकित्सकीय प्रभावों से लोगों को अवगत कराता रहा है। डॉ. हाफकिन के मुताबिक, “घी और चीनी को मिलाकर जलाने से धुआं निकलता है जो कुछ रोगों के कीटाणुओं को मारता है और श्वास नली से संबंधित कुछ ग्रंथियों से स्राव होता है, जो हमारे दिल और दिमाग को आनंद से भर देता है।”

यज्ञ की वैज्ञानिकता ने युवावर्ग पर व्यापक प्रभाव डाला। खास बात यह रही कि महायज्ञ से आध्यात्मिक लाभ लेने वालों की संख्या ज्यादा थी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में महायज्ञ के सकारात्मक परिणाम दिखेंगे।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)  

चिकित्सा जगत की नजर में सूर्य नमस्कार

किशोर कुमार

परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती द्वारा विकसित योगनिद्रा और महर्षि महेश योगी द्वारा विकसित ट्रान्सेंडैंटल मेडिटेशन यानी भवातीत ध्यान के बाद सूर्य नमस्कार ही एक ऐसी योग पद्धति है, जिसके चिकित्सकीय प्रभावों पर दुनिया भर में सर्वाधिक वैज्ञानिक शोध किए गए हैं। योगियों को तो पहले से ज्ञान था कि सूर्य नमस्कार मानव तन-मन के लिए अमृत समान है। सौ दुखों की एक दवा है। पर कोराना महामारी के बाद चिकित्सा विज्ञानियों ने भी इसके महत्व को शिद्दत से स्वीकार किया। नतीजा है कि चिकित्सा विज्ञानियों के साथ ही दवा बनाने वाली कंपनियां भी अपने सामुदायिक विकास मद के धन का उपयोग योग विशेष तौर से सूर्य नमस्कार के चिकित्सकीय प्रभावों को जानने के लिए कर रही हैं।

यह सुखद है कि वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर दुनिया भर में योग की स्वीकार्यता बढ़ाने में चिकित्सा विज्ञानी महती भूमिका निभा रहे है। उनके सद्प्रयासों का ही परिणाम है कि सबको बात समझ में आने लगी है कि यह विद्या केवल और केवल व्यक्ति के आध्यात्मिक उत्थान के लिए ही नहीं है, बल्कि इसका अपना विज्ञान है और यह तन-मन को स्वस्थ्य रखने में उत्प्रेरक की भूमिका निभाता है। योगविद्या के स्थापित संस्थानों में तो तन-मन पर योग के चिकित्सकीय प्रभावों को जानने के लिए प्रयोगशाला हैं ही, चिकित्सा शिक्षा संस्थानों में भी योग की अहमियत को समझते हुए प्रयोगशालाएं बनाई जा चुकी हैं। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान में इसके लिए अलग विभाग ही है। भारत, अमेरिका और जर्मनी से लेकर दुनिया भर के अनेक चिकित्सा शोधशालाओं में सूर्य नमस्कार सहित योग की विभिन्न विधियों और उसके विभिन्न आयामों पर लगातार शोध कार्य किए जा रहे हैं।  

हाल ही सतत चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सर्वाधिक लोकप्रिय बेव मैगजिन सीएमई इंडिया ने अग्रणी हेल्थकेयर कंपनी यूएसवी इंडिया के साथ मिलकर ऑनलाइन संगोष्ठी का आयोजन किया था। इसमें कलकत्ता के प्रसिद्ध चिकित्सक़ डॉ शंबो एस समजदार ने मुंबई स्थित लीलावती अस्पताल के एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ शशांक आर जोशी की प्रेरणा से गहन वैज्ञानिक शोध के नजीतों को सप्रमाण प्रस्तुत करके साबित किया कि टाइप 2 मधुमेह की रोकथाम में सूर्यनमस्कार योग किस तरह प्रभावी है। लगातार किए जा रहे वैज्ञानिक शोधों का नतीजा यह है कि मधुमेह और हृदय रोग के अलावा अनेक छोटी-बड़ी बीमारियों जैसे मुँहासे, फोड़े-फुंसियाँ, रक्ताल्पता, गठिया, सिरदर्द, दमा तथा फेफड़े की अन्य विकृतियाँ, पाचन संस्थान की व्याधियाँ जैसे अपच व कब्ज, गुर्दे संबंधी व्याधियाँ, यकृत की क्रियाशीलता में कमी, निम्न रक्तचाप, मिर्गी, त्वचा की बीमारियाँ (एक्जिमा, सोरायसिस, सफेद दाग), सामान्य सर्दी-जुकाम से बचाव, अन्तःस्रावी ग्रंथियों में असंतुलन, मासिक धर्म, मानसिक व्याधियाँ (जैसे-चिंता, अवसाद, विक्षिप्त, मनोविकृति) आदि बीमारियों से ग्रस्त मरीजों पर भी सूर्य नमस्कार के व्यापक प्रभावों का पता चल चुका है।  

ऐसे में समझा जा सकता है कि भारत सरकार स्कूलों में सूर्यनमस्कार को इतना अहमियत क्यों दे रही है। दरअसल, सूर्यनमस्कार ही एक ऐसी योगविधि है, जिसके अभ्यास में समय कम और लाभ कई मिल जाते हैं। योगियों का तो अनुभव है कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ही चित्त को एकाग्र करने में भी बड़ी मदद मिलती है। आसन की बारह मुद्राओं वाले इस योगाभ्यास से शरीर की मांसपेशियां सबल होती हैं। रक्त-संचालन दुरूस्त रहता है। स्नायु-बल प्राप्त होता है और ग्रंथियां पुष्ट होती हैं। सूर्य की किरणों से कीटाणुओं का नाश होता है। एक सूर्य नमस्कार से इतने साऱे लाभ मिलने के कारण ही शैक्षणिक संस्थानों का भी सूर्य नमस्कार पर ज्यादा जोर रहता है। छात्रों को भी यह खूब भाता है।

बीते साल ही आदित्य एल1 मिसाइल के प्रक्षेपण के बाद सूर्यनमस्कार व्यापक रूप से चर्चा हुई थी। आदित्य एल1 की खबर मीडिया में कुछ इस तरह थी – भारत चला सूर्यनमस्कार करने। अनेक योग व शिक्षण संस्थानो में सूर्यनमस्कार के लिए बड़े-बड़े आयोजन किए गए थे। सूर्य की महिमा का बखान करते हुए युवाओं से सूर्यनमस्कार अभ्यास को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने की अपील की गई थी। जी20 शिखर सम्मेलन के बहाने भी हमने ने दुनिया को दिखाया कि भारत को विश्व गुरू क्यों कहा जाता था? यह भी कि हममें वे कौन से तत्व बीज रूप में मौजूद हैं कि हम फिर से विश्व-गुरू की पदवी पर अधिरूढ़ हो सकते हैं। विद्युत अभियंता से योगाचार्य बने प्रयाग आरोग्य केंद्र के संस्थापक प्रशांत शुक्ल कहते हैं कि सूर्य नमस्कार अभ्यास व्यायाम भर नहीं है, बल्कि प्राणायाम, मुद्रा और मंत्रों के समिश्रण के कारण इसका पारंपरिक स्वरूप बना रहे तो यह यौगिक अमृत बन जाता है। आर्ष ग्रंथ इस बात के गवाह हैं कि हमारी चेतना इतनी विकसित और परिष्कृत थी कि हम खुद प्रकाशित तो थे ही, अपने प्रकाश से दुनिया को राह दिखाते रहे। भौतिक समृद्धि भी कुछ कम न थी। तभी तुर्कियों, यूनानियों और मुगलों के आक्रमणों और हजार वर्षों की लूट के बावजूद हमारा अस्तित्व बना रह गया।

सूर्यनमस्कार को लेकर बाजार में अनेक बेहतरीन पुस्तकें उपलब्ध हैं। सूर्यनमस्कार के अभ्यासियों को इनमें से कोई भी पुस्तक का अध्ययन जरूर करना चाहिए। इससे योगाभ्यास के दौरान ज्यादा स्पष्टता रहती है और पर्याप्त लाभ मिल पाता है। सूर्य नमस्कार पर स्वामी सत्यानंद सरस्वती की पुस्तक का कई भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। उसमें उन्होंने सूर्य नमस्कार के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक पक्षों के बारे में विस्तार से बतलाया हुआ है। उनके मुताबिक, सूर्य नमस्कार के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभ सामान्य शारीरिक व्यायामों की तुलना में बहुत अधिक हैं। साथ-ही-साथ इससे खेल से मिलने वाले आनन्द तथा शारीरिक मनोरंजन की मात्रा में भी वृद्धि होती है। इसका कारण है कि इससे शरीर की ऊर्जा पर सीधा शक्तिप्रदायक प्रभाव पड़ता है। यह सौर ऊर्जा मणिपुर चक्र में केन्द्रित रहती है तथा पिंगला नाड़ी से प्रवाहित होती है। जब यौगिक साधना के साथ सम्मिलित करते हुए अथवा प्राणायाम के साथ सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया जाता है, तब शारीरिक तथा मानसिक दोनों स्तरों पर ऊर्जा संतुलित होती है।

हाल के दिनों में जो लोग धार्मिक आधार पर या किसी अन्य कारणों से इस योगाभ्यास को लेकर फिर से विवाद खड़े करने लगे हैं, उन्हें वैज्ञानिक शोधों से मिले नतीजों के आधार पर समझना होगा कि सूर्य नमस्कार कोई धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यौगिक अमृत है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

वर दे, वीणावादिनी वर दे !

किशोर कुमार//

महाप्राण सूर्यकांत त्रिपाठी “निराला” की कालजयी कविता “वर दे, वीणावादिनी वर दे! प्रिय स्वतंत्र-रव अमृत-मंत्र नव, भारत में भर दे…..” हमारी प्रार्थना बन चुकी है। सच कहिए तो हर भारतीय के मन में यही भाव होता है कि प्राचीन भारत का गौरव और वैभव फिर से लौटे और भारत फिर विश्व गुरू बन जाए। पर यह तो तभी संभव है जब हमारी राष्ट्रभक्ति, संकल्प-शक्ति और पराक्रम के साथ माता सरस्वती की कृपा भी होगी। इस कृपा के लिए बसंत पंचमी के मौके पर की गई प्रार्थना बुद्धि, प्रज्ञा और मनोवृत्तियों को सन्मार्ग दिखाने वाली साबित होगी।

इसलिए हम प्रार्थना करें कि हे परा और अपरा विद्या की स्वामिनी माता सरस्वती, आप इस धरा पर रश्मियां बिखेर कर  हमें इतनी शक्ति दीजिए कि हम निरंतर सीखने और सभी की भलाई के लिए अपनी समझ व ज्ञान के अनुप्रयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकृत कर सकें। हमें वैदिक ग्रंथों और संत-महात्माओं से पता चलता है कि जब भी दैवी शक्तियां इस धरा पर अपनी ऊर्जा बिखेरती हैं, तो सुपात्रों का निर्माण होता है। सुमधुर सामूहिक धुन जागृत होते हैं। सभ्यता के श्रेष्ठतम तराने झंकृत होते हैं। इससे सामाजिक प्राणियों में सद्भावना आता है, सुसंस्कृत सभ्य समाज का निर्माण होता है। इससे जगत का कल्याण होता है! महान सरस्वती सभ्यता भी तो इन्हीं विशिष्ट गुणों के लिए याद की जाती है।

हे वाग्देवी, हमें ज्ञात है कि विशाल सरस्वती नदी आपकी ही एक रूप थी। चूंकि आप ज्ञान, संगीत और रचनात्मकता की देवी हैं, इस वजह से वह नदी सभी जीवों के लिए बेहद कल्याणकारी थी। हे विद्यारूपा मां, आपका नदी स्वरूप विलुप्त प्राय: हो जाने के कारण महान हड़प्पा सभ्यता का पतन हो गया। सनातन संस्कृति और मानवता को बड़ा नुकसान हुआ। हमें इस बात का भान है कि जिस तरह गंगा और अन्य महत्वपूर्ण नदियों के किनारे मौजूदा भारतीय सभ्यता का रची-बसी है, उसी तरह सरस्वती नदी के प्रभाव क्षेत्र में भी महान सिंधु-सरस्वती सभ्यता थी, जो शिक्षा-संस्कृति और धन संपदा के मामले में बेहद समृद्ध थी। तभी जो भी विदेशी आक्रांता हमें लूटने आते थे, यहां का वैभव देखकर यहीं जम जाते थे और हमारी कमजोरियों का फायदा उठाकर राजसत्ता पर काबिज हो जाते थे।

आधुनिक युग में प्राचीनकाल में वैभवशाली भारत की चर्चा मात्र से जले-भुने लोग नैरेटिव सेट करने में जुटे रहें कि सरस्वती नदी और सरस्वती सभ्यता की कथाएं काल्पनिक हैं। पर सत्य कहां पराजित होती है। अपके वाहन हंस की तरह इसरो और नासा के वैज्ञानिकों ने अपने अध्ययनों और अनुसंधानों के आधार पर दूध और पानी का भेद कर दिया है। सप्रमाण बता दिया है कि आज का घग्गर-हकरा नदी कुछ और नहीं, बल्कि सरस्वती नदी के ही अवशेष हैं। वैसे, अपनी जड़ों से जुड़े लोगों को आपके अस्तित्व को लेकर कभी संशय न था। हमें तो प्रयागराज स्थित संगम में एक नाविक भी बताता है कि गंगा, यमुना और सरस्वती का मिलन-स्थल कौन-सा है। हे मां भारती! आपकी कृपा और अपने अल्प ज्ञान की बदौलत हम श्रुति और स्मृति के आधार पर वैदिक ज्ञान को काफी हद तक संरक्षित करते आए हैं। इसलिए सरस्वती नदी घाटी सभ्यता की बातें भी मौखिक परंपरा के रूप में संरक्षित है।

हे वेदमाता! पुरातत्वविदों की खुदाई से पता चल चुका है कि उस काल में भी योग विद्या बेहद समृद्ध और सर्वग्राह्य थी। विभिन्न योग मुद्राओं वाली टेराकोटा मूर्तियां इस बात की गवाही दे रही हैं। यह आपकी महिमा का ही प्रतिफल था। आपकी मुद्राओं से मानव जीवन को धन्य बनाने के संदेश मिलते हैं। आपका कमल रूपी आसन में ज्ञान मुद्रा में होना संपूर्ण सृष्टि का प्रतीक है। योगी बताते हैं कि ज्ञान मुद्रा बुद्धिमत्ता, स्मरण-शक्ति और एकाग्रता में वृद्धि कराने वाली है। हमारे जीवन की जितनी भी क्रियाएं और विचार हैं, उनका सृजनात्मक नाद रूप ही इस जगत में सर्वत्र है। दोनों हाथों से वीणा धारण करना इसी बात का प्रतीक है। पुस्तक सर्वज्ञानमय स्वरूप का प्रतीक है। ऋग्वेद में सरस्वती नदी की स्तुति में कोई चौहत्तर श्लोक हैं। उनसे पता चलता है कि सरस्वती नदी को बुद्धि, विवेक और अंतर्ज्ञान की देवी के रूप में पूजा जाता था।

हे शास्त्ररूपिणी! हमें वैदिक ग्रंथों से पता चलता है कि आप प्रकृति को वाणी देने के लिए वसंत पंचमी के दिन अवतरित हुई और विविध रूप धारण करके सबका कल्याण करती रहीं। हम क्षमाप्रार्थी हैं कि अपनी ही कमजोरियों के कारण अपनी गौरवशाली संस्कृति से कटते गए और गोस्वामी तुलसीदास उक्ति “सकल पदारथ एहि जग माहीं, करमहीन नर पावत नाहीं… को चरितार्थ करते रहे। पर हे मां, हमें सुबुद्धि दीजिए कि अब सर जॉन रिसले जैसों की दाल गलने न पाए। वह कहता था कि भारत की जातीय व्यवस्था भारतीयों को उनकी जड़ों से जुड़ने नहीं देगी। उसने इसी भावना से भारत में पहली बार सन् 1872 में जाति आधारित जनगणना करवाई थी। इसका परिणाम हुआ कि हम बिखर गए और उपनिवेशवादी बलशाली हो गए। आपकी शिक्षाओं से हमें इस बात का अहसास हो चला है कि आत्मभाव ही ऐसे विध्वंसक प्रयासों की काट है। और यह योग विद्या से प्राप्त होगा।

हे परम चेतना संपन्न माता सरस्वती! आपके हाथों की अक्षमाला (रूद्राक्ष) की महत्ता ही इतनी है कि ऋषियों ने अक्षमालिकोपनिषद् तक की रचना कर दी थी। इस उपनिषद् में भगवान कार्तिकेय प्रजापति को बतलाते हैं कि अक्षरमाला का प्रत्येक अक्ष (मनका) में दैवीय गुण हैं। पृथ्वी, अंतरिक्ष व स्वर्ग आदि की दैवी शक्तियाँ इस अक्षमाला में समाहित हैं। समस्त विद्याओं और कलाओं का स्रोत भी यही अक्षमाला है। इन कथनों का सार यह कि ब्रह्मांड के समस्त ज्ञान-विज्ञान का स्रोत अक्षमाला ही है। 

हे हंसवाहिनी मां! आपके तेज का ही प्रतिफल है कि आपकी छाया में होने के कारण हंस भी प्रखर बुद्धि का स्वामी बन गया। तभी उसके पैंतालीस उपदेशात्मक श्लोकों वाली हंस गीता की रचना हो पाई थी, जो हमें यम-नियम सहित सर्वग्राह्य योग विद्या से परिचय कराती है। हे मां, आपका उज्जवल रंग ही प्रकाशमान ब्रह्म है। हमें योगमय जीवन जीने के लिए प्रेरित कीजिए। ताकि हममें नालंदा, विक्रमशिला और तक्षशिला जमाने की बुद्धि प्रकाशित हो सके। आपकी यह कृपा ही भारत के गौरव की पुर्नस्थापना का मार्ग प्रशस्त करेगी। 

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)         

: News & Archives