होली : परमानंद का सतरंगी उत्सव

किशोर कुमार //

रंग है, गुलाल है। मस्ती है, आनंद है। सतरंगी उत्सव है, उल्लास का महोत्सव है। तभी ब्रज की मस्ती भरी होली हो, महाराष्ट्र की मटकी होली हो या कोई अन्य होली, सभी का अंतर्निहित भाव एक है। वह है – बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव। शास्त्रों में उल्लेख है और संत-महात्मा अपने अनुभवों के आधार पर कहते रहे हैं कि सात्विक गुणों में अभिवृद्धि होती है तो अंतर्मन में प्रेम और श्रद्धा का दीपक जलता है। ऐसे मन में ही आनंद का आविर्भाव होता है और जीवन उत्सव बन जाता है।

होली से जुड़ी जितनी भी कथाएं हैं, आध्यात्मिक दृष्टिकोण से मायने एक ही है। इसलिए होलिकादहन का गूढ़ार्थ समझे बिना यह महान उत्सव वैसा ही जान पड़ता है, जैसे आत्माविहीन शरीर। पुराण कथा तो सबको पता ही है। दैत्यराजा हिरण्यकश्यप भगवान शिव से अमरता का मिले वरदान से इतना अहंकारी हो गया था कि देवताओं में भी त्राहिमाम मच गया था। कोई ईश्वर की प्रार्थना करे, यह उसे गंवारा न था। पुत्र प्रह्लाद भी अपवाद न था। इसलिए उसने प्रह्लाद की जान लेने के लिए न जाने कितने ही यत्न किए। अपनी बहन होलिका की गोद में बैठाकर अग्नि में भस्म कर देते तक की कोशिश की।

आचार्य रजनीश ने इस प्रसंग को बड़े ही तर्कपूर्ण ढ़ंग से प्रस्तुत किया था। वे बड़े दार्शनिक थे, मनोवैज्ञानिक थे। उनकी कल्पनाशीलता कमाल की थी। बोलते थे तो ऐसे मानों आंखों देखा हाल बयां कर रहे हों। तो होली का मौका था और अपने शिष्यों को बता रहे थे – हिरण्यकश्यप प्रहलाद के सामने कमजोर मालूम होने लगा होगा। आनंद के सामने दु:ख सदा कमजोर हो जाता है। दु:ख नकार है। आनंद विधायक ऊर्जा का आविर्भाव है। दु:ख में कभी कोई फूल खिले हैं? कांटे ही लगते हैं। प्रहलाद के फूल के सामने हिरण्यकश्यप का कांटा लज्जा से भर गया होगा, ईर्ष्या से जल गया होगा। प्रहलाद के भगवान के नाम पर गाए गए गीत उसे बहुत बेचैन करने लगे होंगे। उसकी सांसें घुटने लगीं। फिर तो उसे एकबारगी वही सूझा जो सूझता है नकार को, नास्तिक को, निर्बल-दुर्बल को – मिटा दो इसे। यानी विध्वंस।

पर भक्त प्रह्लाद का बाल-बांका क्यों न हुआ? ओशो बताते हैं – प्रहलाद ने अपनी श्रद्धा-भक्ति में अवरोध न आने दिया। उसे पहाड़ से फेंका, पानी में डुबाया, आग में जलाया। पर परमात्मा पर विश्वास डोला नहीं और न ही पिता के प्रति दुर्भावना पैदा न हुई। यदि दुर्भावना भी आ गई होती तो तत्क्षण आस्तिक की मौत हो गई होती और वह जलकर भस्म हो गया होता। जीसस ने भी तो ऐसा ही किया था। सूली लगी थी और परमात्मा से प्रार्थना कर रहे थे – इन सभी को माफ कर देना, क्योंकि ये जानते नहीं क्या कर रहे हैं। ये नासमझ हैं। इसलिए कहता हूं कि संशय रहित भक्ति में बड़ी शक्ति है। ऐसे भक्त को सूली पर लटका कर या आग में जलाकर मारना असंभव है।  

आज के संदर्भ में देखें तो लगेगा कि हमारे भीतर भी तो हर पल, हर क्षण देव-दानवों के बीच संघर्ष चलते रहता है। और अंतर्मन में जो घटित होता है, वही भौतिक जगत में अनाचार, अत्याचार की घटनाओं कारण बनता है। मनुष्य त्रिगुणातीत है। उसकी स्थिति एक जैसी कभी नहीं रहती। सत्व, रजस और तमस गुणों की मात्रा में कमी-बेशी होती रहती है। परिणाम भी गुण के अनुरूप ही मिलने लगते हैं। ऐसे में अखंड श्रद्धा और विश्वास कैसे पनपे? फिर तो मन संदेह से भरा रहेगा। ऐसे मन से अभीष्ट की सिद्धि असंभव ही है। इन गुणों का विकास तो सात्विक गुणों की छांव में होता है। श्रीरामचरितमानस के सती पार्वती प्रसंग में कथा है। रजस गुणी दक्ष की बेटी थीं सती। देखा कि शिव जी भगवान श्रीराम को सच्चिदानंद कहते हुए अभिवादन कर रहे हैं तो मन संदेह से भर गया। सोचने लगीं कि विरह में तपता हुआ मनुष्य भला सच्चिदानंद कैसे हो सकता है? पर अगला जन्म पार्वती के रूप में हुआ तो मन में संशय के लिए कोई जगह न रह गई थी। प्रक्रियाओं से गुजरकर रूपांतरित हो चुकी थीं।

श्रीमद्भगवतगीता में श्रीकृष्ण कहते हैं – हे अर्जुन, तुम नित्य सत्व में स्थित रहो। अब परमज्ञानी अर्जुन भी नित्य सत्व में स्थित न रह सके थे तो आम आदमी की क्या बिसात? मेरे गुरूदेव परमहंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती कहते हैं कि तुम्हारे लिए इसका मतलब यह हुआ कि काम कुछ भी करते रहे। पर भावना शुद्ध रखने की कोशिश करनी है। तभी मन से संशय दूर रहेगा और संकल्पों में दृढ़ता आएगी। चेतना का विकास करके भावनाओं को परिशुद्ध करने के लिए ही योगविद्या है। यहां योगविद्या से तात्पर्य केवल आसन-प्राणायाम नहीं है। राक्षसों की सबसे बड़ी कमजोरी क्रूरता है तो मनुष्य की सबसे बड़ी कमजोरी कृपणता है। इसलिए, सेवा और परमार्थ की जरूरत है। इनमें ऐसी शक्ति है कि जीवन पूरी तरह रूपांतरित हो जाए। कृपणता के रहते सत्वगुणों का विकास संभव नहीं है। फिर श्रद्धा व भक्ति दूर की कौड़ी हो जाएगी और असुरों का साम्राज्य कायम रह जाएगा।          

होली का संबंध श्री कृष्ण और राधा रानी की प्रेम कहानी से भी जुड़ा है। पुराण कथा है कि श्री कृष्ण खुद तो काले-नीले थे और राधा रानी के गोरे रंग को देखकर माता से बार-बार सवाल करते कि मैं क्यों काला? यशोदा माता ने कहा कि जो रंग पसंद हो राधा को लगा दो। फिर क्या था। श्रीकृष्ण ने राधा रानी को अपने ही रंग में रंग दिया था। कालांतर में यही दिवस होली का दिन हो गया। इस प्रसंग को आध्यात्मिक दृष्टिकोण से देखें तो बात बड़ी अर्थपूर्ण लगेगी। राधा रानी पर भगवान की कृपा इसलिए बरसी कि वह इसके पात्र थीं।

संत-महात्मा कहते रहे हैं, हमें याद रखना होगा कि श्रद्धा और विश्वास ही धन है। आध्यात्मिक उपलब्धियों के लिए इसी धन की जरूरत होती है। आध्यात्मिक उपलब्धियां ही जीवन को अर्थपूर्ण बनाती है। इसलिए होली हमें आत्म-निरीक्षण का अवसर देती है। यह त्योहार हमें प्रेरित करता है कि सत्वगुणों का विकास करके प्रेम की गंगा ऐसे बहाओ कि मानवता को कलंकित करती आसुरी प्रवृत्तियों के लिए जीवन में कोई स्थान न रह जाए।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

: News & Archives