यूं ही नहीं छा गया सूर्य नमस्कार

किशोर कुमार//

मौका अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का हो या एक सौ दिनों की उलटी गिनती के तहत आयोजित कार्यक्रमों का, सूर्य से शक्ति प्राप्त करने की प्रभावशाली योग विधि सूर्य नमस्कार की सर्वत्र धूम होती है। क्यों? इसलिए कि यही एक ऐसी साधना है, जिसके बारे में कहा जा सकता है कि एकै साधे सब सधै। यानी यही एक योग साधना है, जिसमें आसन, प्राणायाम से लेकर ध्यान तक की क्रियाएं शामिल हैं। ये क्रियाएं इस तरह क्रमबद्ध हैं कि सूर्य नमस्कार आध्यात्मिक जागरण के लिहाज से ही नहीं, मानव स्वास्थ्य के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बन पड़ता है। कह सकते हैं कि यह कई मर्जों की एक दवा है। दुनिया भर में इस योग विधि को लेकर जैसे-जैसे वैज्ञानिक अध्ययन हो रहा है, वैसे-वैसे इसकी अहमियत बढ़ती जा रही है।

वैसे तो सूर्य की महत्ता वैदिक काल से बतलाई जाती रही है। तदनुरूप उपासना का विधान बना, जो प्रकारांतर से आज भी अस्तित्व में है। कथा हम सब जानते ही हैं कि हनुमान जी के प्रथम गुरू सूर्यदेव ही थे। उन्हीं से शिक्षा पाने के बाद वे ज्ञान और गुणों के सागर कहलाए। उनमें विवेक, वैराग्य, शम, दम, दया, प्रेम, करुणा, मैत्री इत्यादि सभी गुण आ गए थे। श्रीराम सूर्यवंश के ही राजा थे। ऋगवेद में संक्षेप में तो सूर्योपनिषद में विस्तार से सूर्य की महिमा गाई गई है। कथा है कि हनुमान जी ने कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए सूर्योपासना की थी। प्राचीनकाल के राजा सूर्य की महिमा जाकर ही सूर्य मंदिरों की स्थापना की होगी। कालांतर में लोगों ने सूर्य भगवान से आशीष लेकर व्यायाम शुरू किया था, जो आज सूर्य नमस्कार का रूप ले चुका है।

आधुनिक युग में वैज्ञानिकों ने सूर्य की शक्तियों का अध्ययन किया तो कहना पड़ा कि वाकई, इसकी शक्ति अद्वितीय है। बीसवीं सदी में रूस के बड़े वैज्ञानिक थे अलेक्जेंडर लियोनिदोविच चिज़ेव्स्की। उन्होंने अपने शोध से जाना था कि सूर्य पर ग्यारह वर्षों के अंतराल में आणविक विस्फोट होता है। परिणाम स्वरूप पृथ्वी पर युद्ध होते हैं, क्रांतियों का सूत्रपात होता है। यह विश्लेषण कोई एक दो घटना को लेकर नहीं किया गया था, बल्कि सात सौ वर्षों के लंबे इतिहास का अध्ययन करने पर ऐसे ही परिणाम आए थे। ये परिणाम सोवियत सिद्धांतों के विरूद्ध थे। लिहाजा प्रधानमंत्री स्टैलिन ने चिज़ेव्स्की को जेल में कैद करवा लिया था। खैर, इस शोध के बाद वैसे लोगों की जुबान पर ताला लग गया था, जो यह मानने को तैयार नहीं थे कि ग्रहों और नक्षत्रों का जीवन पर प्रभाव पड़ता है।

बिहार योग विद्यालय के संस्थापक परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती कहते थे कि हमारे जीवन पर पड़ने वाले सूर्य के इन प्रभावों को ठीक से समझ लेने के बाद सूर्य नमस्कार से होने वाले लाभों के अनदिखे और अनजाने आयाम प्रकट होने लगते हैं। साथ ही यह समझने में भी सहायता मिलती है कि हमारे पूर्वजों ने सूर्य नमस्कार को इतना महत्व क्यों दिया था। यह एक ऐसा योगाभ्यास है, जिसके माध्यम से हम अपनी अंतर्निहित शक्तियों को जागृत करके शक्ति व स्फूर्ति से परिपूर्ण नवजीवन प्राप्त कर सकते है। साथ ही उच्च चेतना के साथ अपनी चेतना का संबंध जोड़ सकते हैं।

उपरोक्त तथ्यों के आलोक में समझा जा सकता है कि इस साल होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की एक सौ दिनों की चल रही उलटी गिनती के कार्यक्रमों में सूर्य नमस्कार की धूम क्यों है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अधीनस्थ संस्थानों यथा मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, बिहार योग विद्यालय, स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान, कैवल्यधाम, लोनावाला और देव संस्कृति विश्वविद्यालय से लेकर देश के सैकड़ो प्रतिष्ठित योग संस्थान सूर्य नमस्कार को खासा तवज्जो दे रहे हैं।  पर इस मौके पर एक जरूरी बात को नजरंदाज नहीं किया जाना चाहिए। इस साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम है – महिला सशक्तीकरण के लिए योग। महिलाएं, रोजगारोन्मुखी हों या गृहिणी, उन पर जिम्मेदारियों का बड़ा बोझ होता है। योग के फायदे जगजाहिर हैं। पर परंपरागत रूप से अधिकांश योग विधियां पुरुष शरीर को ध्यान में रखकर बने हुए हैं। इसलिए, यह मौका महिलाओं को ध्यान में रखकर योग विधियां विकसित करने और उन्हें प्रचारित करने का है। साथ ही प्रचलित योग विधियां महिलाओं के लिए किस तरह प्रभावशाली बन सकती हैं, इस बात को भी प्रचारित करने की जरूरत है। अच्छी बात है कि लखनऊ स्थित मां भारती नारी योग शिक्षा संस्थान महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर योग प्रचार की दिशा में महती भूमिका निभा रहा है।

वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित एक प्रमुख पुस्तक है – सूर्य नमस्कार। इसे स्वामी सत्यानंद सरस्वती ने लिखा था। इसमें महिलाओं के लिए सूर्य नमस्कार संबंधी एक प्रसंग यहां प्रस्तुत है। जनन ग्रन्थियाँ शुक्राणु तथा डिंब के उत्पादन एवं गौण यौन लक्षणों जैसे, बाल उगना, स्वर में परिवर्तन आना, इत्यादि के विकास, मासिक चक्र एवं वक्ष के विकास से संबंधित कार्य करता है। नर एवं नारियों, दोनों के प्रजनन संस्थान के नियमन तथा स्वास्थ्य हेतु सूर्य नमस्कार एक महत्त्वपूर्ण अभ्यास है। नारियों में आमाशय के अन्दर डिंब ग्रंथियाँ सूर्य नमस्कार के अभ्यास में उद्दीप्त होती हैं। परिणामस्वरूप, मासिक धर्म संबंधी अनियमितताओं को ठीक करने तथा मासिक चक्र प्रारम्भ होने के पूर्व के तनाव के कारण होने वाले अस्वाभाविक कष्ट से मुक्ति पाने में सहायता मिलती है। इस अभ्यास से गर्भाशय व योनि भित्तियों को संभालने वाली पेशियाँ भी शक्तिशाली बनती हैं। कष्टरहित प्रसव में भी सूर्य नमस्कार का अभ्यास सहायक होता है। भुजंगासन, पादहस्तासन तथा अश्व संचालनासन का अभ्यास करने से ये भाग विशेष रूप से शक्तिशाली बनते हैं। अश्व संचालनासन में पड़ने वाले तनाव से पुरुषों की यौन शक्ति में भी वृद्धि होती है।

अब तो चिकित्सा विज्ञानी भी वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर दुनिया भर में योग का प्रचार-प्रसार करने में महती भूमिका निभा रहे है। हाल ही प्रसिद्ध चिकित्सक़ डॉ शंबो एस समजदार ने मुंबई स्थित लीलावती अस्पताल के एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ शशांक आर जोशी की प्रेरणा से गहन वैज्ञानिक शोध के नजीतों को सप्रमाण प्रस्तुत करके साबित किया कि टाइप 2 मधुमेह की रोकथाम में सूर्यनमस्कार योग किस तरह प्रभावी है। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान को बीमारियों में योग के प्रभावों का अध्ययन और अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जा चुका है। सूर्य नमस्कार सहित योग की विभिन्न विधियों और उसके विभिन्न आयामों पर लगातार शोध कार्य किए जा रहे हैं। वैदिक ज्ञान और वैज्ञानिक अध्ययनों के आधार पर कहा जा सकता है कि सूर्य नमस्कार यौगिक अमृत है। यह जीवन-पद्धति में शामिल हो जाए तो अच्छा।    

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

चिकित्सा जगत की नजर में सूर्य नमस्कार

किशोर कुमार

परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती द्वारा विकसित योगनिद्रा और महर्षि महेश योगी द्वारा विकसित ट्रान्सेंडैंटल मेडिटेशन यानी भवातीत ध्यान के बाद सूर्य नमस्कार ही एक ऐसी योग पद्धति है, जिसके चिकित्सकीय प्रभावों पर दुनिया भर में सर्वाधिक वैज्ञानिक शोध किए गए हैं। योगियों को तो पहले से ज्ञान था कि सूर्य नमस्कार मानव तन-मन के लिए अमृत समान है। सौ दुखों की एक दवा है। पर कोराना महामारी के बाद चिकित्सा विज्ञानियों ने भी इसके महत्व को शिद्दत से स्वीकार किया। नतीजा है कि चिकित्सा विज्ञानियों के साथ ही दवा बनाने वाली कंपनियां भी अपने सामुदायिक विकास मद के धन का उपयोग योग विशेष तौर से सूर्य नमस्कार के चिकित्सकीय प्रभावों को जानने के लिए कर रही हैं।

यह सुखद है कि वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर दुनिया भर में योग की स्वीकार्यता बढ़ाने में चिकित्सा विज्ञानी महती भूमिका निभा रहे है। उनके सद्प्रयासों का ही परिणाम है कि सबको बात समझ में आने लगी है कि यह विद्या केवल और केवल व्यक्ति के आध्यात्मिक उत्थान के लिए ही नहीं है, बल्कि इसका अपना विज्ञान है और यह तन-मन को स्वस्थ्य रखने में उत्प्रेरक की भूमिका निभाता है। योगविद्या के स्थापित संस्थानों में तो तन-मन पर योग के चिकित्सकीय प्रभावों को जानने के लिए प्रयोगशाला हैं ही, चिकित्सा शिक्षा संस्थानों में भी योग की अहमियत को समझते हुए प्रयोगशालाएं बनाई जा चुकी हैं। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान में इसके लिए अलग विभाग ही है। भारत, अमेरिका और जर्मनी से लेकर दुनिया भर के अनेक चिकित्सा शोधशालाओं में सूर्य नमस्कार सहित योग की विभिन्न विधियों और उसके विभिन्न आयामों पर लगातार शोध कार्य किए जा रहे हैं।  

हाल ही सतत चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सर्वाधिक लोकप्रिय बेव मैगजिन सीएमई इंडिया ने अग्रणी हेल्थकेयर कंपनी यूएसवी इंडिया के साथ मिलकर ऑनलाइन संगोष्ठी का आयोजन किया था। इसमें कलकत्ता के प्रसिद्ध चिकित्सक़ डॉ शंबो एस समजदार ने मुंबई स्थित लीलावती अस्पताल के एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ शशांक आर जोशी की प्रेरणा से गहन वैज्ञानिक शोध के नजीतों को सप्रमाण प्रस्तुत करके साबित किया कि टाइप 2 मधुमेह की रोकथाम में सूर्यनमस्कार योग किस तरह प्रभावी है। लगातार किए जा रहे वैज्ञानिक शोधों का नतीजा यह है कि मधुमेह और हृदय रोग के अलावा अनेक छोटी-बड़ी बीमारियों जैसे मुँहासे, फोड़े-फुंसियाँ, रक्ताल्पता, गठिया, सिरदर्द, दमा तथा फेफड़े की अन्य विकृतियाँ, पाचन संस्थान की व्याधियाँ जैसे अपच व कब्ज, गुर्दे संबंधी व्याधियाँ, यकृत की क्रियाशीलता में कमी, निम्न रक्तचाप, मिर्गी, त्वचा की बीमारियाँ (एक्जिमा, सोरायसिस, सफेद दाग), सामान्य सर्दी-जुकाम से बचाव, अन्तःस्रावी ग्रंथियों में असंतुलन, मासिक धर्म, मानसिक व्याधियाँ (जैसे-चिंता, अवसाद, विक्षिप्त, मनोविकृति) आदि बीमारियों से ग्रस्त मरीजों पर भी सूर्य नमस्कार के व्यापक प्रभावों का पता चल चुका है।  

ऐसे में समझा जा सकता है कि भारत सरकार स्कूलों में सूर्यनमस्कार को इतना अहमियत क्यों दे रही है। दरअसल, सूर्यनमस्कार ही एक ऐसी योगविधि है, जिसके अभ्यास में समय कम और लाभ कई मिल जाते हैं। योगियों का तो अनुभव है कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ही चित्त को एकाग्र करने में भी बड़ी मदद मिलती है। आसन की बारह मुद्राओं वाले इस योगाभ्यास से शरीर की मांसपेशियां सबल होती हैं। रक्त-संचालन दुरूस्त रहता है। स्नायु-बल प्राप्त होता है और ग्रंथियां पुष्ट होती हैं। सूर्य की किरणों से कीटाणुओं का नाश होता है। एक सूर्य नमस्कार से इतने साऱे लाभ मिलने के कारण ही शैक्षणिक संस्थानों का भी सूर्य नमस्कार पर ज्यादा जोर रहता है। छात्रों को भी यह खूब भाता है।

बीते साल ही आदित्य एल1 मिसाइल के प्रक्षेपण के बाद सूर्यनमस्कार व्यापक रूप से चर्चा हुई थी। आदित्य एल1 की खबर मीडिया में कुछ इस तरह थी – भारत चला सूर्यनमस्कार करने। अनेक योग व शिक्षण संस्थानो में सूर्यनमस्कार के लिए बड़े-बड़े आयोजन किए गए थे। सूर्य की महिमा का बखान करते हुए युवाओं से सूर्यनमस्कार अभ्यास को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने की अपील की गई थी। जी20 शिखर सम्मेलन के बहाने भी हमने ने दुनिया को दिखाया कि भारत को विश्व गुरू क्यों कहा जाता था? यह भी कि हममें वे कौन से तत्व बीज रूप में मौजूद हैं कि हम फिर से विश्व-गुरू की पदवी पर अधिरूढ़ हो सकते हैं। विद्युत अभियंता से योगाचार्य बने प्रयाग आरोग्य केंद्र के संस्थापक प्रशांत शुक्ल कहते हैं कि सूर्य नमस्कार अभ्यास व्यायाम भर नहीं है, बल्कि प्राणायाम, मुद्रा और मंत्रों के समिश्रण के कारण इसका पारंपरिक स्वरूप बना रहे तो यह यौगिक अमृत बन जाता है। आर्ष ग्रंथ इस बात के गवाह हैं कि हमारी चेतना इतनी विकसित और परिष्कृत थी कि हम खुद प्रकाशित तो थे ही, अपने प्रकाश से दुनिया को राह दिखाते रहे। भौतिक समृद्धि भी कुछ कम न थी। तभी तुर्कियों, यूनानियों और मुगलों के आक्रमणों और हजार वर्षों की लूट के बावजूद हमारा अस्तित्व बना रह गया।

सूर्यनमस्कार को लेकर बाजार में अनेक बेहतरीन पुस्तकें उपलब्ध हैं। सूर्यनमस्कार के अभ्यासियों को इनमें से कोई भी पुस्तक का अध्ययन जरूर करना चाहिए। इससे योगाभ्यास के दौरान ज्यादा स्पष्टता रहती है और पर्याप्त लाभ मिल पाता है। सूर्य नमस्कार पर स्वामी सत्यानंद सरस्वती की पुस्तक का कई भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। उसमें उन्होंने सूर्य नमस्कार के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक पक्षों के बारे में विस्तार से बतलाया हुआ है। उनके मुताबिक, सूर्य नमस्कार के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभ सामान्य शारीरिक व्यायामों की तुलना में बहुत अधिक हैं। साथ-ही-साथ इससे खेल से मिलने वाले आनन्द तथा शारीरिक मनोरंजन की मात्रा में भी वृद्धि होती है। इसका कारण है कि इससे शरीर की ऊर्जा पर सीधा शक्तिप्रदायक प्रभाव पड़ता है। यह सौर ऊर्जा मणिपुर चक्र में केन्द्रित रहती है तथा पिंगला नाड़ी से प्रवाहित होती है। जब यौगिक साधना के साथ सम्मिलित करते हुए अथवा प्राणायाम के साथ सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया जाता है, तब शारीरिक तथा मानसिक दोनों स्तरों पर ऊर्जा संतुलित होती है।

हाल के दिनों में जो लोग धार्मिक आधार पर या किसी अन्य कारणों से इस योगाभ्यास को लेकर फिर से विवाद खड़े करने लगे हैं, उन्हें वैज्ञानिक शोधों से मिले नतीजों के आधार पर समझना होगा कि सूर्य नमस्कार कोई धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यौगिक अमृत है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

: News & Archives