आदिशक्ति की लीलाकथा और दुर्गासप्तशती

किशोर कुमार //

नवसंवत्सर की शुरूआत ही देवी की आराधना से होगी। सृष्टि की रचना देवी से हुई थी। ब्रह्मांडीय ऊर्जा का प्रतीकात्मक रूप भी वे ही हैं। उपनिषद में कहा गया है कि पराशक्ति ईश्वर की परम शक्ति है। यही विविध रूपों में प्रकट है। आत्मज्ञानी संत प्राचीनकाल से कहते रहे हैं कि देवी या शक्ति सभी कामनाओं, ज्ञान और क्रियाओं का मूलाधार है। अब वैज्ञानिक भी कह रहे हैं कि प्रत्येक वस्तु शुद्ध अविनाशी ऊर्जा है। यह कुछ और नहीं, बल्कि उस दैवी शक्ति का एक रूप मात्र है, जो अस्तित्व के प्रत्येक रूप में मौजूद है। नवरात्रि के दौरान हम उसी देवी की आराधना करेंगे कि वे हमें तामसिक गुणों से मुक्ति दिलाकर सात्विक गुणों के विकास की दिशा में अग्रसर करें।  

शक्ति की आराधना सृष्टि के आरंभ से ही होती आई है। तभी सृष्टि के प्रारंभ में समाज स्त्री प्रधान था। वैदिक ग्रंथों में भी इस बात का उल्लेख मिलता है। पर, सभ्यता के विकास के साथ नाना प्रकार के विकारों के कारण समाज का स्वरूप बदला और पुरूष की प्रधानता हो गई। पर, संतजन कहते हैं कि जैसे-जैसे आंतरिक जागरण होगा, हमें शक्ति की महत्ता समझ में आने लगेगी और यह अवश्यंभावी है। खैर, नवरात्रों के दौरान दुर्गा सप्तशती के मंत्रों से वातारण गूंजायमान होगा। मंत्रों की शक्ति आंतरिक उत्थान का संवाहक बनेगी। देवी महात्म्य से हमें योगमय जीवन जीने की प्रेरणा मिलेगी।

हम सब जानते हैं कि दुर्गासप्तशती मार्कण्डेय पुराण की सबसे बड़ी देन है। इसमें कुल सात सौ श्लोकों में भगवती दुर्गा के चरित का वर्णन किया गया है। वैसे तो सामान्य जनों के लिए दुर्गासप्तशती पूजा-पाठ का एक ग्रंथ है। पर मंत्र विज्ञान के आलोक में व्याख्या हो तो पता चलता है कि यह हमारे आंतरिक जागरण का अद्भुत ग्रंथ है। शास्त्रों में शक्ति की महिमा जगह-जगह मिलती है। श्रुति और स्मृति आधारित ग्रंथों में भिन्नता दिखती है। पर अर्थ नहीं बदलता। ऋग्वेद के अनेक मंत्रों में इस शक्ति से संबंधित स्तवन मिलते हैं। उनमें इस शक्ति को समग्र सृष्टि की मूल परिचालिका बतलाकर विश्व जननी के रूप में स्तुति की गई है। इस शक्ति के द्वारा अनेक मौकों पर देवताओं को त्राण मिला और तभी से देवी सर्वविद्या के रूप में पूजित होती आ रही हैं।

देवी के नौ स्वरूपों में प्रथम शैलपुत्री है, जो प्रकृति की प्रतीक हैं। यानी प्रकृति की आराधना से नवरात्रों की शुरूआत होती है। देवी भागवत और अथर्ववेद में देवी स्वयं कहती हैं – मैं ही सृष्टि, मैं ही समष्टि, मैं ही ब्रह्म, मैं ही परब्रहा, मैं ही जड़, मैं ही चेतन, मैं ही स्थल, मैं ही विशाल, मैं ही निद्रा, मैं ही चेतना हूं। मेरे से ही सारा जगत उत्पन्न हुआ है और मैं ही इसके काल का कारण बनूंगी। मेरे से पृथक कोई नहीं। मैं सबसे पृथक हूं। कितना सुखद है कि संसार को आलोकित करने वाली, गुणों को अभिव्यक्ति देने वाली, काल को वश में करने वाली, मानवमात्र का हित करने वाली शक्ति स्वरूपा मां की लीलाओं में छिपे संदेशों को समझते हुए योगबल द्वारा आंतरिक जागरण करने का बेहतरीन अवसर मिलने वाला है।

नवरात्रों के दौरान प्रथम तीन दिनों तक देवी मां की आराधना भयंकर दुर्गा शक्ति के रूप में की जाती है। यह अपनी समस्त अशुद्धियों, दोषों, दुर्गुणों से मुक्ति पाने के लिए शक्ति प्राप्त करने का अवसर होता है। इसके लिए दुर्गा सप्तशती परायण के साथ ही अष्टांग योग के यम-नियम की साधना श्रेष्ठ है। जब दुर्गुणों को नष्ट करने के बाद देवी मां की आराधना महालक्ष्मी के रूप में करके सद्गुणों का विकास करने की बारी होती है।  इससे दैवी संपदा का अक्षय भंडार प्राप्त होता है। अंतिम तीन दिन देवी मां की आराधना महासरस्वती के रूप में की जाती है, जो दैवी ज्ञान और ब्रहाज्ञान की अधिष्ठात्री हैं। उनकी वीणा श्रेष्ठ महावाक्यों और प्रणव के स्वरों को हृदय में जगाती हैं। वह परम नाद का ज्ञान देती हैं और आत्मज्ञान प्रदान करती हैं।

वेदों के मुताबिक नाद सृष्टि का पहला व्यक्त रूप है। अ, ऊ और म इन तीन ध्वनियों के योग से ऊं शब्द की उत्पत्ति हुई। ऋषियों और योगियों का अनुभव है कि इस मंत्र के जप से बहिर्मुखी चेतना को अंतर्मुखी बनाकर चेतना के मूल स्रोत तक पहुंचा जा सकता है। आधुनिक विज्ञान भी इस बात को स्वीकार रहा है। आजकल दुनिया भर में आशांत मन को सांत्वना प्रदान करने के लिए ध्यान योग पर बहुत जोर है। पर चित्त-वृत्तियों का निरोध किए बिना ध्यान कैसे घटित हो? अष्टांग योग में इस स्तर पर पहुंचने के लिए क्रमिक योग साधनाओं का सुझाव दिया जाता है। पर मंत्रयोग से राह थोड़ी छोटी हो सकती है। स्वामी निरंजनानंद सरस्वती कहते हैं कि हम जिस संसार को जानते हैं, उसका सभी स्तरों पर निर्माण मंत्रों या ध्वनि-स्पंदनों द्वारा हुआ है।

सच है कि मंत्रयोग का अपना स्वतंत्र विज्ञान है। शब्द तत्व की ऋषियों ने ब्रह्म की संज्ञा दी है। शब्द से सूक्ष्म जगत में जो हलचल मचती है, उसी का उपयोग मंत्र विज्ञान में किया गया है। ऋषियों ने इसी विद्या पर सबसे अधिक खोजें की थीं। तभी यह विद्या इतनी लोकप्रिय हो पाई थी कि जीवन के हर क्षेत्र में इसका उपयोग किया जाता था। जल की वर्षा करने वाले वरूणशास्त्र, भयंकर अग्नि उगलने वाले आग्नेयास्त्र, संज्ञा शून्य बनाने वाले सम्मोहनशास्त्र, समुद्र लांघना, पर्वत उठाना, नल की तरह पानी पर तैरने वाले पत्थरों का पुल बनाना आदि अनेकों अद्भुत कार्य इसी मंत्र शक्ति से किए जाते थे।

कालांतर में कर्मकांडों की वजह से शक्ति की उपासना के साथ कई विसंगतियां जुड़ती गईं। बलि प्रथा इसका जीवंत उदाहरण है। बलि देनी है अपने अंतर्मन में छिपे अवगुणों की। हथियार है यम-नियम। पर हम भटक गए और बलि देने लगे पशुओं की। संतों की वाणी है कि कलियुग में शस्त्र नहीं, शास्त्र से द्वारा जीत हासिल की जा सकती है। इसलिए कि तलवार से तलवार शांत नहीं होती। दुर्गा सप्तशती की साधना का अंतिम लक्ष्य है – जीवन में श्रेय और प्रेय का आविर्भाव। हमारी साधना का संकल्प भी यही होना चाहिए।  

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

: News & Archives