तो इसलिए नहीं मिट पाता कर्मों का लेख

किशोर कुमार //

वेदों में ईश्वर के विषय में प्रतिपादन करते हुए कहा गया है कि वह सर्वज्ञ सर्वशक्तिमान् सर्वद्रष्टा कर्माध्यक्ष और कर्मफलदाता है, जो समस्त जीवों को उनके कर्मों के अनुसार ही न्यायपूर्वक फल प्रदान करता है। पर सवाल है कि सूक्ष्म जगत में पाप-पुण्य का लेखा-जोखा और कर्मफल कैसे तय होता होगा? इस लेख का प्रतिपाद्य विषय यही है। वैदिक शास्त्रों के इस कर्मफल-सिद्धांत से जहां चित्रगुप्त भगवान का सीधा वास्ता जुड़ा हुआ है। वहीं, वैदिक ज्योतिष में शनिदेव को भी कर्मफलदाता और न्याय प्रदाता माना गया है। इसे महज संयोग मानिए या किसी प्रकार का अंतर्संबंध कि चित्रगुप्त भगवान और रामदूत हनुमान का अवतरण दिवस एक ही दिन यानी चैत्र मास की पूर्णिमा को है।

हम सब जानते हैं कि पवनपुत्र हनुमान श्रीराम के लिए कितने प्रिय थे। पर श्रीराम के राज्याभिषेक से जुड़ी एक कथा से पता चलता है कि चित्रगुप्त भगवान श्रीराम के लिए आदरणीय थे। तभी राज्याभिषेक के लिए आयोजित समारोह में चित्रगुप्त भगवान की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उनके पास विशेष दूत भेजा गया था। हालांकि इसके पीछे भी एक लंबी कहानी है। चित्रगुप्त भगवान के अवतरण और उनके कार्य-निर्धारण से जुड़े तमाम प्रसंग “कायस्थ इनसाइक्लोपीडिया” नामक पुस्तक में विस्तार पूर्वक मिल जाते हैं, जो वैदिक साक्ष्यों पर आधारित हैं। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी रहे उदय सहाय ने अपने दो वर्षों के गहन शोध के बाद इस पुस्तक की रचना की है।

खैर, आइए मुख्य विषय पर कि कर्म-अकर्म क्या है और श्रीमद्भगवतगीता से लेकर अनेक वैदिक ग्रंथों में क्यों कहा गया है कि कर्मों का लेख मिटता नहीं है। तर्कशील व्यक्ति तो पुनर्जन्म के सिद्धांत को ही मानने को तैयार नहीं होते हैं। ऐसे में उन्हें कर्मफल का सिद्धांत बकवास लगना स्वाभाविक ही है। बीसवीं सदी के महान योगी श्रीअरविंद कहते थे — बुद्धि एक सहारा था, अब बुद्धि एक अवरोध है। यानी बुद्धि की भी सीमाएं हैं। तभी वैदिक साक्ष्यों को कौन कहे, कई बार विज्ञानसम्मत बातों पर भी भरोसा करना मुश्किल होता है। ओशो रेल से जुड़ा एक रोचक प्रसंग सुनाते थे — इंग्लैंड में जब पहली बार भाप इंजन से ट्रेन चलने वाली थी तो किसी को उस पर विश्वास नहीं हुआ। भला भाप से इतना वजनी इंजन कैसे चल सकती है और यदि चल गई तो रूकेगी कैसे? इसलिए पहली रेलयात्रा के लिए कोई राजी नहीं हुआ। अंत में मृत्युदंड की सजा पाए बारह कैदियों को पहली रेलयात्रा के लिए तैयार किया गया। कैदी भी यह सोचकर तैयार हो गए कि एक दिन तो मरना ही है। वास्तव में तो कोई खतरा था नहीं। पर अज्ञान के कारण रेलयात्रा खतरनाक प्रतीत होने लगी थी।

श्रीमद्भगवतगीता में कहा गया है कि आत्मा नित्य है। वह न उत्पन्न होता है, न नष्ट होता है। इस तरह हम देखते हैं कि पुनर्जन्म की बात सनातन संस्कृति में सर्वमान्य है। तभी हमने हाल ही रामावतार की चर्चा विस्तार से की थी। सती ही अगले जन्म में पार्वती हुईं और महाभारत का प्रसंग तो हम सब जानते ही हैं कि श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं –  हे अर्जुन! मेरे और तुम्हारे बहुत से जन्म हो चुके हैं, (परन्तु) हे परन्तप! उन सबको मैं जानता हूँ और तुम नहीं जानते। …और आधुनिक युग में पुनर्जन्म के मामलों में शांति देवी का प्रसंग तो सर्वाधिक चर्चित रहा है। तीस के दशक में दिल्ली में जन्मी एक लड़की ने नौ साल की उम्र में दावा किया कि यह उसका पुनर्जन्म है। पिछले जन्म में उसका नाम लुग्दी था और मथुरा के कपड़ा व्यापारी केदारनाथ चौबे की पत्नी थी। उसकी बातें इतनी पुख्ता थीं कि गांधी जी ने पहले तो खुद शांति से मुलाक़ात की। जांच कमेटी की रिपोर्ट से भी इस बात की सत्यता का पता चल गया था।

भारत के तमाम आध्यात्मिक संत इस बात पर एकमत रहे हैं कि कर्म का नियम हमारे जन्म, स्थिति और जीवन की परिस्थितियों को निश्चित करता है। पंचध्यायी में एक श्लोक है – नयन्ति नरकं नूनं मात्मानो मानवान् हतः। दिवं लोकं च ते तुष्टा इत्यूचुर्मन्त्र वेदिनः।। सार यह कि हनन की हुई आत्मा नरक को ले जाती है और संतुष्ट की हुई आत्मा दिव्य लोक प्रदान करती है। गरूड़ पुराण का अध्ययन करें तो पंचध्यायी का यह मंत्र ज्यादा ही स्पष्ट हो जाएगा। उसमें कहा गया है कि यमलोक में ‘चित्रगुप्त’ नामक देवता हर एक जीव के भले-बुरे कर्मों का विवरण प्रत्येक समय लिखते रहते हैं। जब प्राणी मर कर यमलोक में जाता है, तो वह लेखा पेश किया जाता है और उसी के आधार पर शुभ कर्मों के लिए स्वर्ग और दुष्कर्मों के लिए नरक प्रदान किया जाता है।

बीसवीं सदी के महान संत परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती कहते थे कि अर्वाचीन वैज्ञानिक भाषा में संस्कार का तात्पर्य अनुभव अथवा प्रभाव होता है। जिस प्रकार एक बीज में महान् वृक्ष बनने और फल देने की नियति छुपी होती है, उसी प्रकार आत्मा के भीतर ये संस्कार छुपे रहते हैं। हर छोटा-बड़ा अनुभव अपने पीछे एक संस्कार छोड़ जाता है। फिर ये संस्कार ही जीवन-चरित्र और व्यक्तित्व को निर्धारित करते हैं। विज्ञान भी इस बात को प्रमाणित कर चुका है कि मानव मस्तिष्क में भी कभी न रुकने वाला चेतना का कैमरा गतिशील रहता है, जो स्वाद, स्पर्श, ध्वनि, रूप, लक्ष्य, घ्राण सम्बन्धी प्रत्येक अनुभव को नोट करता है। मनुष्य जब मरता है तथा उसका सूक्ष्म शरीर स्थूल शरीर से बाहर निकल जाता है, तभी चेतना के कार्यकलापों पर विराम लगता है। चेतना द्वारा जो भी अनुभव ग्रहण किए जाते हैं वे रूपान्तरित होकर अन्य शरीर में संचित होते हैं। प्रथम तो वे स्थूल मन में रहते हैं और यदि आप उनका दोबारा उपयोग न करें, तो वे वहाँ से अवचेतन शरीर में स्थानान्तरित हो जाते हैं। यदि वहाँ भी उनका उपयोग न हो तो वे कारण शरीर में पहुँच जाते हैं। हमारा प्रत्येक अनुभव अमिट होता है। छोटे से छोटा अनुभव जिस पर हम ध्यान नहीं देते, वह भी चेतना में संचित हो जाता है।

तंत्र विद्या के लिहाज से स्वाधिष्ठान चक्र ही वह हार्डडिस्क है, जो व्यक्ति के अस्तित्व का आधार माना गया है। मस्तिष्क में इसका प्रतिरूप अचेतन मन है, जो संस्कारों का भंडारगृह है। ऐसा कहा जाता है कि प्रत्येक कर्म, पिछला जीवन, पिछले अनुभव, मानव व्यक्तित्व का सबसे बड़ा पक्ष अचेतन सभी का प्रतीक स्वाधिष्ठान चक्र को माना जा सकता है। अचेतन मन संस्कारों के जमा होने का केन्द्र है तथा यही इस चक्र के स्तर पर अनुभव की जाने वाली अनेक नैसर्गिक अनुभूतियों का उद्गम भी है। यही चक्र हिरण्यगर्भ, ब्रह्माण्डीय गर्भाशय है, जहाँ सब कुछ सुप्तावस्था में वर्तमान है। ऋग्वेद में कहा गया है- ‘सृष्टि के प्रारम्भ में केवल हिरण्यगर्भ था उसके बाद सभी वर्तमान चेतन जगत् का प्रादुर्भाव हुआ’ और वही (हिरण्यगर्भ) उन सबका रक्षक था ।

इन बातों को वैज्ञानिक दृष्टि से भी समझिए। आस्ट्रिया के तंत्रिकाविज्ञानी सिग्मंड फ्रायड मनुष्य की मानसिक संरचना का अध्ययन के बाद इस निष्कर्ष पर पहुंचे थे कि जो भी भले या बुरे काम ज्ञानवान् प्राणियों द्वारा किए जाते हैं, उनका सूक्ष्म चित्रण अंतःचेतना में होता रहता है। अमेरिकी तंत्रिकाविज्ञानी डॉ वीबेंस और उनके बाद के वैज्ञानिकों ने माइक्रोस्कोप की सहायता से मस्तिष्क के ग्रे मैटर का परीक्षण करने के बाद वैज्ञानिक ने जो निष्कर्ष निकाला, वह चित्रगुप्त भगवान के अवतरण और उनके कार्य संबंधी आख्यान से मेल खाते हुए हैं। पौराणिक आख्यान है कि चित्रगुप्त भगवान हर प्राणी के हर एक कार्य को, हर समय बिना विश्राम किए अपनी बही में लिखते रहते हैं।

डॉ वीबेंस के मुताबिक, सभी प्राणियों के मस्तिष्क की परमाणुओं पर सूक्ष्म रेखाएं बनती चली जाती है और ये रेखाएं हमारे शारीरिक – मानसिक कार्यों को लिपिबद्ध किए जाने के कारण बनती हैं। स्थूल शरीर के कार्यों की सुव्यवस्थित जानकारियां सूक्ष्म चेतना में अंकित होती रहती हैं। वेद-ज्ञान से पता चलता है कि एक ही आत्मा हम सबमें अलग-अलग भासित होती है। उसी तरह ब्रह्मा की शक्ति से संचालित चित्रगुप्त भी अलग-अलग प्राणियों में अलग-अलग भासित होते हैं। इस बात को इस तरह भी समझा जा सकता है। बगीचे की वायु और गंदे नाले की वायु में गंध भेद होने के बावजूद वायु तत्व मूलतः एक ही है। वैसे ही अलग-अलग प्राणियों में उनके पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखने वाला चित्रगुप्त देवता भी एक ही तत्त्व हैं।

श्रीराम शर्मा आचार्य ने तो खुद भी इस विषय पर काफी अध्ययन किया था। उनका मत है कि मस्तिष्क में उपस्थित ग्रे मैटर के परमाणुओं में मिला रेखांकन ही अंतःचेतना का संस्कार है। यही है चित्रगुप्त की सूक्ष्म कार्य-प्रणाली। चित्रगुप्त शब्द के अर्थों से भी इसी प्रकार की ध्वनि निकलती है। यथा, गुप्त चित्र, गुप्त मन, अंतःचेतना, सूक्ष्म मन आदि। इन शब्दों के भावार्थ को ही चित्रगुप्त शब्द प्रकट करता हुआ दीखता है। संभव है कि चित्त का अपभ्रंश चित्र बन गया हो या प्राचीनकाल में चित्र को चित्त और चित्त को चित्र कहा जाता रहा हों। कर्मों की रेखाएँ एक प्रकार के गुप्त चित्र ही हैं, इसलिए ग्रे मैटर के परमाणुओं में  गुप्त रूप से और सूक्ष्म रूप से  बड़े-बड़े घटना चित्र छिपे हुए होते हैं। मस्तिष्क की इस क्रिया प्रणाली को चित्रगुप्त का विधान मान लेने से प्राचीन आख्यान की पुष्टि हो जाती है।

वेद-भाष्य के रचयिता सायण के भाई और भगवान शंकाराचार्य द्वारा स्थापित श्रृंगेरीमठ के आचार्य रहे विद्यारण्य स्वामी कृत श्रीपंचदशी में मंत्र है – नाभुक्तं क्षीयते कर्म कल्पकोटिशतैरपि। यानी कर्म फल भोगे बिना करोड़ो कल्प में भी कर्म क्षीण नहीं होगा। यदि इस जन्म में कर्मों का फल न मिला तो अगले किसी जन्म में अवश्य मिलेगा। चाहे वह शुभ हो या अशुभ। इस प्रमाण से भी स्पष्ट है कि शरीर आत्मा से पृथक है और शरीर नष्ट होने के बाद चेतना की रिकार्डिंग नष्ट नहीं होती।

वैदिक प्रमाणों से लेकर ऋषियों के अनुभवों तक से निष्कर्ष निकलता है कि कर्मों के ये लेख जब प्रारब्ध में तब्दील होता हैं तो हमें उस प्रारब्ध का भोग भोगना ही होता हैं। इसलिए योगी विद्या-अविद्या की व्याख्या करते हुए कर्मयोग की अनिवार्यता पर बल देते हैं। साधना के तीन सनातन मार्ग हैं – कर्मयोग, भक्तियोग और ज्ञानयोग। कर्मयोग से चित्त शुद्ध होता है। भक्तियोग से एकाग्रता मिलती है और ज्ञानयोग से आवरण का नाश होता है, जो सत्यान्वेषण के लिए जरूरी है। त्याग सहित कर्म ही कल्याणकारी है और उसे ही कर्मयोग कहा गया है। नि:स्वार्थपूर्ण कर्म से यदि संस्कार बना भी तो चित्रगुप्त भगवान अपनी कृपा ही बरसाएंगे। जन्म-मरण का चक्र जारी रहने के बावजूद भौतिक जगत के लिहाज से जीवन में मंगल ही मंगल रहेगा।   

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

: News & Archives