शिवरात्रि : योग-शक्ति के जागरण का अनुष्ठान

किशोर कुमार //

अध्यात्मिक दृष्टिकोण से शिव कोई व्यक्ति नहीं है। शिव-शक्ति के बारे में जितनी भी कथाएं हैं, वे सभी मनुष्य के जीवन एवं उसकी चेतना से जुड़ी हैं। चेतना शक्ति से मिलने जाती है और यही शिवरात्रि है। शिवरात्रि की अवधारणा अस्तित्व के भौतिक स्तर पर चेतना को जागृत करना और विकास के उच्च बिंदु पर शक्ति के साथ एकजुट होना है। विज्ञान भैरव तंत्र में बताई गई कोई एक विधि भी सध जाए, तो हृदय में प्रेम से भरकर रूपांतरित हो जाएगा। शिव-पार्वती आराधना का इससे उत्तम प्रसाद कुछ और हो नहीं सकता।

महाशिवरात्रि का त्यौहार भारत के आध्यात्मिक उत्सवों की सूची में सबसे महत्वपूर्ण है। आखिर यह रात इतनी महत्वपूर्ण क्यों है और हम इसका लाभ जनसामान्य कैसे उठा सकते हैं? पर पहले समझिए शिवरात्रि का आध्यात्मिक महत्व। अध्यात्मिक दृष्टिकोण से शिव कोई व्यक्ति नहीं है। शिव-शक्ति के बारे में जितनी भी कथाएं हैं, वे सभी मनुष्य के जीवन एवं उसकी चेतना से जुड़ी हैं। चेतना शक्ति से मिलने जाती है और यही शिवरात्रि है। शिवरात्रि की अवधारणा अस्तित्व के भौतिक स्तर पर चेतना को जागृत करना और विकास के उच्च बिंदु पर शक्ति के साथ एकजुट होना है।

चेतना बहुत गहरी चीज है। यह इतना शब्दातीत है कि इसे समझाने के लिए ऋषियों को किसी न किसी कहानी का सहारा लेना पड़ा। राम-रावण युद्ध और देवासुर संग्राम को भी इसी संदर्भ में समझा जाना चाहिए। तंत्र शास्त्र के मुताबिक शरीर में जो दो समानार्थी शक्तियां हैं, वे हैं शिव यानी पुरुष और प्रकृति यानी देवी या शक्ति। पुरुष का अर्थ है शुद्ध चेतना। यह समस्त वस्तुओं में उसी प्रकार छिपी हुई है, जिस तरह काष्ठ में अग्नि छिपी होती है। शक्ति शरीर के निचले भाग में अवस्थित मूलाधार में सोई हुई है। जब वह जागृत होती है तो सुषुम्ना नाड़ी के मार्ग से ऊपर उठकर सहस्रार में परमशिव से योग करती है। वहीं शिव-शक्ति का मिलन होता है। इस बात को समझाने के लिए ही शिव विवाह की कथा कही जाती है। इस कथा से पता चलता है कि शुद्ध चेतना या पुरुष का योग देवी शक्ति से किस प्रकार करना है। यही योग का मार्ग है। ध्यान साधना का सही मार्ग है। इसलिए गुरूजन कहते हैं कि ध्यान के समय कल्पना करनी चाहिए कि शुद्ध चेतना को धीरे-धीरे हम हिमालय को ओर ले जा रहे हैं।

मीराबाई का एक पद है, “मीरा के प्रभु गहर गंभीरा, हृदय धरो जी धीरा। आधी रात प्रभु दरसन दीन्हों, प्रेम नदी के तीरा।।“ परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती इस पद के जरिए महाशिवरात्रि का महत्व समझाते हुए कहते थे कि चेतना के लिए भी दिन, शाम और रात निर्धारित है। जागृत अवस्था में चेतना बाहर की ओर विचरण कर रही होती है तो दिन। इंद्रियों का संबंध बाहर से टूट जाए और केवल विचार रह जाए तो शाम। इंद्रियों का संबंध बाहर से टूट जाए और विचार भी न रहे तो रात। शिवरात्रि में यहीं अंतिम अवस्था रहती है। यानी इस अवस्था में जन्मों-जन्मों की वृत्तियों और खराब संस्कारों से मुक्ति पाने का विधान बताया गया है। शिवजी की बारात में भूत-पिशाच की उपस्थिति जन्मो की वृत्तियों के ही प्रतीक हैं। आधी रात की साधना के जरिए उनसे मुक्ति मिलती है। इस लिहाज से शिवरात्रि आध्यात्मिक उत्थान और योग-शक्ति के जागरण का अनुष्ठान है।

सद्गुरू जग्गी वासुदेव शिवरात्रि का वैज्ञानिक विश्लेषण करते हुए बताते हैं कि इस रात, ग्रह का उत्तरी गोलार्द्ध इस प्रकार स्थित होता है कि मनुष्य भीतर ऊर्जा का प्राकृतिक रूप से ऊपर की और जाती है। यह एक ऐसा दिन है, जब प्रकृति मनुष्य को उसके आध्यात्मिक शिखर तक जाने में मदद करती है। इस समय का उपयोग करने के लिए, इस परंपरा में, हम एक उत्सव मनाते हैं, जो पूरी रात चलता है। पूरी रात मनाए जाने वाले इस उत्सव में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाता है कि ऊर्जाओं के प्राकृतिक प्रवाह को उमड़ने का पूरा अवसर मिले – आप अपनी रीढ़ की हड्डी को सीधा रखते हुए – निरंतर जागते रहते हैं।

अब सवाल है कि यौगिक व आध्यात्मिक लाभ किस विधि प्राप्त करें? विज्ञान भैरव तंत्र के मुताबिक इसी रात्रि को मानव जाति के कल्याण के लिए, आत्म-रूपांतरण के लिए शिव ने अपनी प्रथम शिष्या पार्वती को एक सौ बारह विधियां बताई थी, जो योग शास्त्र के आधार हैं। इसके बाद ही मत्स्येंद्रनाथ का प्रादुर्भाव हुआ। शिष्य गोरखनाथ और नाथ संप्रदाय ने योग का जनमानस के बीच प्रचार किया। इस तरह पाशुपत योग के रूप में हठयोग, राजयोग, भक्तियोग, कर्मयोग आदि से आमजन परिचित हुए। कहा जा सकता है कि योग की जितनी भी शाखाएं हैं, सबका आधार शिव-पार्वती संवाद ही है। इसी संवाद में शांभवी मुद्रा की बात भी आती है। कथा के मुताबिक, पार्वती जी ने शिव जी को अपने मन की उलझन बताई। कहा, “स्वामी मन बड़ा चंचल है। एक जगह टिकता नहीं।“ फिर उपाय पूछा, “क्या करूं? किसी विधि समस्या से निजात मिलेगी?”

शिव जी ने एक सरल उपाय बता दिया – “दृष्टि को दोनों भौंहों के मध्य स्थिर कर चिदाकाश में ध्यान करें। मन शांत होगा, त्रिनेत्र जागृत हो जाएगा। इसके बाद बाकी सिद्धि के लिए कुछ शेष नहीं रह जाएगा।“ आदियोगी ने इस क्रिया को नाम दिया – शांभवी मुद्रा। पार्वती जी का एक नाम शांभवी भी है। योग शास्त्र में कहा गया है कि शांभवी मुद्रा बेहद प्रभावशाली योग मुद्रा है। अब आधुनिक विज्ञान भी यही बात कह रहा है। कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में इस मुद्रा पर शोध हुआ। पता चला कि शाम्भवी मुद्रा का अभ्यास करने वालों के मस्तिष्क में न्यूरोनल रीसाइक्लिंग सामान्य की तुलना में 241 फीसदी ज्यादा होती है। दूसरी तरफ पीनियल ग्रंथि के कमजोर होने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। तंत्रिका तंत्र और अंत:स्रावी ग्रंथियों के बीच बेहतर समन्वय बनता है। कुल 536 लोगों पर शांभवी मुद्रा के प्रभावों के अध्ययन किया गया था। एकाग्रता में 77 फीसदी, मानसिक स्पष्टता में 98 फीसदी, भावनात्मक संतुलन में 92 फीसदी, ऊर्जा के स्तर में 84 फीसदी, आंतरिक शांति में 94 फीसदी और आत्मबल में 82 फीसदी की वृद्धि हो गई थी।

न्यूरोसाइंस के दृष्टिकोण से, शिव को मानसिक शांति, स्थिरता, और मेधा शक्ति का प्रतीक, जबकि शक्ति को मानसिक गतिशीलता, उत्साह, और उत्कृष्टता का प्रतीक माना जा सकता है। इन दोनों का योग करके कोई भी व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकता है। पार्वती जी को बताई गई अन्य विधियां भी कम शक्तिशाली नहीं। विज्ञान भैरव तंत्र की 22वीं विधि तो डायनेटिक्स और साइंटोलॉजी के रूप में अमेरिका सहित अनेक देशों में विख्यात हो चुकी है। इस बारे में विस्तार से फिर कभी। पर हमसे कोई एक विधि भी सध जाए, तो हृदय में प्रेम से भरकर रूपांतरित हो जाएगा। शिव-पार्वती आराधना का इससे उत्तम प्रसाद कुछ और हो नहीं सकता।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

: News & Archives