योग विद्या के आलोक में श्रीराम

किशोर कुमार //

भक्तमाल की एक कथा है। ‘रामचरितमानस’ के रचयिता तुलसीदास पास से एक शवयात्रा गुजर रही थी। उसमें दूसरे लोगों के अलावा मृतक की पत्नी भी थी, जिसे धर्म के तहत मान्य सती-प्रथा के अनुसार पति के शव के साथ आत्मदाह करना था। उस स्त्री ने तुलसीदास को दूर से ही प्रणाम किया और उन्होंने उसे सुहागवती रहने का आशीर्वाद दे दिया। इस वजह से वह स्त्री धर्म से विरत हो गई थी। सौभाग्य से यह कथा इस अप्रिय मोड़ पर नहीं खत्म होती। तुलसी ने मामले को अपने हाथ में ले लिया। उन्होंने पूरी जमात को इकट्ठा किया और राम में सच्ची आस्था रखने की प्रेरणा दी। मानो वे शव-यात्रा के दौरान ‘राम नाम सत्य है’ के मर्सिया के सत्य को बताना चाहते थे। जब उन्होंने देखा कि उनकी आस्था सच्ची है, तो वे ब्राह्मण को जीवित करने के उपक्रम में लग गए और उसकी स्त्री को जो आशीर्वाद दिया था, उसे सच कर दिया। उस स्त्री का धर्म बच गया, क्योंकि उसे वास्तव में पति की सेवा का सौभाग्य मिला। इस घटना से लोग चमत्कृत रह गए। तब तुलसीदास ने कहा कि वे कोई चमत्कार नहीं जानते, केवल राम नाम जानते हैं। इस कथा का संदेश यह है कि धर्म की पारंपरिक माँगें भक्ति की नीति से पूरी हो सकती हैं। भक्ति की शक्ति भगवान को प्रकट कर देती है।

पूरा देश राममय है। हममे श्रीराम के मूल्यों का बीज तो पहले से विद्यमान है। सही पोषण भर से वह अंकुरित हो चुका है। कामना यही है कि यह अंकुरण निर्दोष रहे और फले-फूले। तभी कथा के राम से बाहर जाकर घट-घट में बैठे राम से साक्षात्कार कर अपना जीवन धन्य बना पाएंगे।

श्रीराम की कथा तो हम सब जानते ही हैं। कल राजतिलक होना है और आज उन्हें वनगमन का फैसला लेना पड़ा और वनवास के लिए ऐसे निकल पड़े, मानों राजतिलक के लिए जा रहे हों। अयोध्या से चलकर चित्रकूट पहुंचे तो रास्ते में कांटे ही कांटे होने के कारण पैर लहूलुहान हो गए। पर चिंता इस बात को लेकर थी कहीं वही कांटे उनके भाइयों को न चुभ जाएं। इसलिए चित्रकूट के वनवासियों से आग्रह किया कि रास्ते के कांटों को हटा दें। उनका दिल कहता है कि उनसे मिलने उनके भाई भरत और शत्रुध्न जरूर आएंगे। जरा सोचिए, जिसकी मां के कारण वनवास हुआ, उसके बेटे के लिए ऐसा सद्विचार! हमारे लिए कितनी बड़ी सीख है। और हमारी स्थिति क्या होती है? हमारी वृत्तियां इतनी दोषपूर्ण है कि जीवन में छोटी-मोटी घटनाएं भी विचलित कर देती हैं।

संत-महात्मा कहते रहे हैं कि रामायण की कथा जान गए, अच्छी बात है। सद्गुणों के विकास की पहली सीढ़ी है। पर यह भी जानने की कोशिश होनी चाहिए कि रामायण का रहस्य क्या है? क्या राम केवल राजपुत्र थे अथवा परब्रह्म परमेश्वर थे? उनका वास्तविक स्वरूप क्या था? संत कबीर ने कहा है – “एक राम दशरथ का बेटा, दूजा राम घट-घट में बैठा, तीजा राम जगत पसारा, चौथा राम जगत से न्यारा।“ जाहिर है कि हमें कथा के राम तक सीमित नहीं रहना होगा, एक पायदान आगे बढ़ना होगा। योगबल के जरिए घट-घट में बैठे राम का अन्वेषण करना होगा। ऐसा किए बिना कलियुग में रामराज की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

हमारे गुरू परमहंस जी सत्संग में आए लोगों से पूछते थे कि आज हमारे समाज की स्थिति इतनी दयनीय क्यों है? हम इतने महान् होते हुए भी क्यों गिर रहे हैं? विश्व का इतिहास देख लीजिए। जितने ज्ञानी, महात्मा, परमहंस, ऋषि, मुनि तया तत्ववेत्ता इस धरती पर पैदा हुए हैं, उतने और कहीं भी नहीं हुए। हिमालय और कन्याकुमारी के बीच स्थित इस देश में महान् विभूतियों ने जन्म लिया है। इतनी ज्यादा शक्ति होने के बावजूद भी आज इस देश की ऐसी स्थिति क्यों है? फिर वे उत्तर भी देते थे। कहते थे कि इसका मूल कारण ढूंढने से पता चलता है कि आज इस देश का मानव घट-घट व्यापी उस राम को जानने के लिए न तो उत्सुक है और न कोई उपाय ढूँढता है।

हम सब बचपन से पढ़ते आए हैं कि व्यक्ति से समाज और समाज से राष्ट्र का निर्माण होता है। यौगिक व आध्यात्मिक विरासत होने के बावजूद समस्याए हर स्तर पर बनी रहती है। व्यक्तिगत समस्या के मूल में हमारी अति की भावना की प्रबलता है। जैसे, अति कामना, अति भोग आदि। यह जानते हुए भी अति का अंत बुरा ही होता है। रावण भी तो अति में ही मारा गया। सोने की लंका थी, अपने जमाने की विश्व सुंदरी मंदोदरी पत्नी थी। पर अति की भावना ने सीता जी का अपहरण करने को बाध्य किया। नतीजतन, सोने की लंका जल गई। इसलिए जरूरी है कि समाजा ऐसा होना चाहिए, जिस पर राम की कथाओं से सींचे हुए लोगों का प्रभाव हो। पर चित्तवृत्तियों का निरोध न हुआ तो बात कैसे बनेगी?

हम सबकी जैसी मनोदशा होती है, उसमें सीधे-सीधे आसन, प्राणायाम और ध्यान की साधनाओं से बात बनने वाली नहीं। तभी अयोध्या में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के लिए होने वाले महायज्ञ से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यम-नियम की साधना की। यम और नियम महर्षि पतंजलि के अष्टांग योग के पहले दो पायदान हैं। योगी इसे योग का आधार मानते हैं। इसके बिना सामान्य जनों का योग सधना मुश्किल है। हम सब देख रहे हैं कि प्रधानमंत्री द्वारा यम-नियम का पालन करने के बाद योग जगत में इसकी सर्वाधिक चर्चा होने लगी है, जो समन्वित औऱ समृद्ध योग विद्या के लिए जरूरी है। इन योग साधनाओं के बाद ही उच्चतर योग साधनाओं से मन का प्रबंधन होगा और घट-घट के राम का जानना संभव हो सकेगा।

पर संत तुलसीदास जी कह गए – “कलयुग केवल नाम अधारा, सुमिर सुमिर नर उतरहिं पारा।“ यानी कलियुग में नाम जप ही प्रभावी योग साधना है। परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती कहते थे कि नाम जप और संकीर्त्तन को छोड़कर प्राचीन काल में जितनी साधनाएँ हम लोगों को बतलाई गई, इस कलयुग में उन सबकी प्रासंगिकता समाप्त हो चुकी है। राम नाम से जुड़े एक प्रसंग की चर्चा यहां समीचीन है। देश में आर्यसमाज के बड़े आध्यात्मिक नेता थे स्वामी सत्यानंदजी महाराज। पर मन श्रीराम में रम गया। बात 1925 की है। उन्हें दयानंद जन्मशताब्दी समारोह में एकांतवास करने की आंतरिक प्रेरणा हुई। चले गए डलहौजी। साधना के दौरान ब्यास पूर्णिमा की रात उन्हें “राम” शब्द बहुत ही सुंदर और आकर्षक स्वर में सुनाई दिया। फिर आदेशात्मक शब्द आया – राम भज…राम भज…राम भज।

स्वामी सत्यानंदजी महाराज समझ गए कि श्रीराम की अनुकंपा हो चुकी है। इस तरह वे आर्यसमाज से नाता तोड़कर पूरी तरह राम का गुणगाण करने में जुट गए। राम शरणम् नाम से संस्था बनाई, जिसका प्रभाव आज भी खासतौर से उत्तर भारत में दिखता है। एक बार महात्मा गांधी शिमला में स्वामी सत्यानंदजी महाराज से मिले। उनकी चिंता थी कि देश को आजाद कराने में तमाम तरह की बाधाएं आ रही हैं। स्वामी जी ने अपने हाथ का माला देते हुए कहा – राम नाम का सुमिरन करिए। सोने से पहले प्रतिदिन पांच माला जप कीजिए। सफलता अवश्य मिलेगी। हम सब जानते हैं कि प्राण छूटते समय भी गांधी के मुंख में राम नाम ही था।  

नाम जप, संकीर्त्तन और मंत्रों की शक्ति को आधुनिक विज्ञान भी स्वीकारता है। महर्षि वशिष्ठ ने श्रीराम को यम-नियम से लेकर योग की उच्चतर स्तर तक की व्यावहारिक शिक्षा दी थी। नाम की महत्ता बतलाई थी। नतीजा हुआ कि दशरथ के राम में साक्षात् विष्णु प्रकट हो गए, जो हमारे घट-घट में समाए हुए हैं। आईए, संतों द्वारा बताई गई योग सधना का क्रमिक अभ्यास करके श्रीराम के गुणों को अपने जीवन में प्रकट करने का प्रयास करें।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

श्रीराम का गुणगाण करिए!

किशोर कुमार

रामनवमी करीब है, तो बात श्रीराम की ही होगी। पर बात किस श्रीराम की हो?  संत कबीर तो चार प्रकार के राम की बात कह गए – एक राम दशरथ का बेटा, दूजा राम घट-घट में बैठा, तीजा राम जगत पसारा, चौथा राम जगत से न्यारा। पहले राम कथा के राम हैं, जिनके बारे में हम सब ज्यादा सुनते-समझते हैं। बचपन से राम-कथा के साथ ही ब़ड़े हुए। पर जो राम जगत से न्यारा है, वह कौन है? क्या है उसका स्वरूप? क्या वह परब्रह्म परमेश्वर है? और यदि है तो एक राजपुत्र इस अवस्था को कैसे प्राप्त हुआ?

महारामायण योगवशिष्ठ इस सावाल का जबाव है। इस पर आगे चर्चा होगी। पर पहले श्रीराम की महिमा वाले कुछ प्रसंगों पर गौर कीजिए। हमारे जीवन की छोटी-छोटी घटनाएं अवसादग्रस्त कर देती हैं। पर श्रीराम की कथा पर गौर कीजिए। कल राजतिलक होना है और आज वनगमन का फैसला लेना पड़ा। जीवन की इतनी उथल-पुथल भरी घटना के बावजूद श्रीराम स्थितप्रज्ञ बने रहे। वनवास के लिए ऐसे निकल पड़े, मानों राजतिलक के लिए जा रहे हों। वह तो इसी बात से खुश हो गए कि वन में मुनियों से मिलाप होगा। अयोध्या से चलकर चित्रकूट पहुंचे। रास्ते कांटों से भरे थे। पैर लहूलुहान हो गए। पर इस बात की परवाह नहीं। चिंता तो यह थी वे कांटे उनके भाइयों को चुभ जाएंगे। इसलिए उनका दिल कह रहा था कि उनके भाई भरत और शत्रुध्न उनसे मिलने जरूर आएंगे। ऐसा सद्विचार किसी महायोगी का ही हो सकता है।

शक्ति संपन्न इस महायोगी का स्वरूप इतना विराट है कि उनका नाम मात्र का स्मरण भी चमत्कार उत्पन्न करता है। इसके अनगिनत उदाहरण मिलते हैं। इस संदर्भ में बाबा मलूकदास और स्वामी सत्यानंदजी महाराज से जुड़े प्रसंगों की चर्चा समीचीन हैं। मलूकदास संत कबीर के समकालीन संत कवि थे। उनके गांव में एक रामनामी साधु आया था। वह ग्रामीणों को राम की महिमा बता रहा था, ‘राम दुनिया के सबसे बड़े दाता है। वे भूखों को अन्न, नंगों को वस्त्र और आश्रयहीनों को आश्रय देते हैं।’ साधु की बात मलूकदास के पल्ले नहीं पड़ी। वे तर्क करने लगे – यदि मैं चुपचाप बैठकर राम का नाम लूं, काम न करूं, तब भी क्या राम भोजन देंगे?’ अवश्य देंगे, साधु ने विश्वास दिलाया। यदि मैं घनघोर जंगल में अकेला बैठ जाऊं, तब? तब भी राम भोजन देंगे! साधु ने दृढ़तापूर्वक उत्तर दिया। मलूकदास चले गए घने जंगल में। पेड़ पर जाकर बैठ गए। पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ अनवरत राम नाम जपते रहे।

मलूकदास नाम जप में इतने तल्लीन हुए कि भूख-प्यास भी जाती रही। कई दिनों बाद एक घटना घटी। कुछ लोग आखेट के लिए जंगल गए और उसी पेड़ के नीचे भोजन करने बैठे। पर शेर की गर्जना सुनकर भोजन वहीं छोड़कर भाग खड़े हुए। शेर तो आया नहीं। पर थोड़ी देर बाद डकैत वहीं विश्राम करने पहुंच गए। घने जंगल में भोजन देखकर संशय में पड़ गए कि कोई पकड़ने के लिए जाल तो नहीं बिछा रहा। तभी उनकी नजर पेड़ पर बैठे मलूकदास पर गई। उन्हें लगा कि उस व्यक्ति ने जहर मिलाकर भोजन ऱखा हुआ है ताकि हमारी जान ले सके। आक्रोशित एक डाकू भोजन लिए पेड़ पर चढ़ा और मलूकदास को खाने के लिए मजबूर कर दिया। कहानी लंबी है। पर इस घटना के बाद ही मलूकदास ने काव्य रचना की थी – “अजगर करे न चाकरी, पंछी करै न काम, दासमलूका कह गए, सबके दाता राम।“

स्वामी सत्यानंदजी महाराज आर्यसमाज के शीर्ष के आध्यात्मिक नेताओं एक थे। पर मन श्रीराम में रम गया। सन् 1925 में दयानंद जन्मशताब्दी समारोह के दौरान ही एकांतवास की आंतरिक प्रेरणा हुई। चले गए डलहौजी। साधना के दौरान ब्यास पूर्णिमा की रात उन्हें “राम” शब्द बहुत ही सुंदर और आकर्षक स्वर में सुनाई दिया। फिर आदेशात्मक शब्द आया – राम भज…राम भज…राम भज। स्वामी सत्यानंदजी महाराज समझ गए कि श्रीराम की अनुकंपा हो चुकी है। इस तरह वे आर्यसमाज की गतिविधियों से दूर होकर पूरी तरह राम का गुणगाण करने में जुट गए थे। राम शरणम् नाम से संस्था बनाई, जिसका प्रभाव आज भी खासतौर से उत्तर भारत में दिखता है। एक बार महात्मा गांधी शिमला में स्वामी सत्यानंदजी महाराज से मिले। उनकी चिंता थी कि देश को आजाद कराने में तमाम तरह की बाधाएं आ रही हैं। स्वामी जी ने अपने हाथ का माला देते हुए कहा – राम नाम का सुमिरन करिए। सोने से पहले प्रतिदिन पांच माला जप कीजिए। सफलता अवश्य मिलेगी। गांधी जी की मनोकामना पूरी हुई। पर राम नाम भजना जारी रखा। हम सब जानते हैं कि प्राण छूटते समय भी गांधी के मुंख में राम नाम ही था।   

दुनिया में जितने भी महान व्यक्ति हुए हैं, उन्होंने अपनी शक्तियों को जागृत करके ही महानता प्राप्त की। श्रीराम को तो बड़े होकर अयोध्या का राज सिंहासन संभालना था। पर गुरू महर्षि विश्वामित्र से धनुर्विद्या और शास्त्र विद्या की शिक्षा लेने के बाद तीर्थाटन से लौटे तो वैराग्य उत्पन्न हो गया। यही श्रीराम की योग शिक्षा की पृष्ठभूमि बनी। श्रीमद्भगवतगीता में भगवान ने विषादग्रस्त अर्जुन को योग का उपदेश किया है। इसके उलट योगवशिष्ठ में गुरू वशिष्ठ ने भगवान को विषाद जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर योग की शिक्षा दी। अर्जुन की तरह श्रीराम जिज्ञासा करते गए और गुरू वशिष्ठ उत्तर देते गए। मसलन, श्रीराम ने जिज्ञासा की कि मन का स्वरूप क्या है? महर्षि वशिष्ठ ने विस्तार से इसका उत्तर दिया, जिसका सार है कि महान आत्मा की संकल्प-शक्ति द्वारा रचा हुआ रूप ही मन है। मन का स्वभाव संकल्प है। मन जैसे जगत् की कल्पना करता है, उसके संकल्प द्वारा वैसा ही जगत् निर्मित हो जाता है। उसमें सब कुछ प्राप्त करने की अनंत शक्ति है।

महर्षि वशिष्ठ ने श्रीराम को यम-नियम से लेकर योग की उच्चतर स्तर तक की व्यावहारिक शिक्षा दी थी। नतीजा हुआ कि दशरथ पुत्र राम में छिपे विष्णु प्रकट हो गए। इसके साथ ही उनमें आदर्श, करूणा, दया, त्याग, शौर्य और साहस जैसे गुणों का प्रकटीकरण हुआ। श्रीराम मानव जाति के लिए आदर्श बन गए। वे युगो-युगों से हमारे घट-घट में समाए हुए हैं। संस्कारों पर धूल पड़े होने के कारण हमें इसका बोध नहीं है। योगमय जीवन अपने भीतर छिपे श्रीराम के महान गुणों के प्रकटीकरण में सहायक होगा।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

भक्ति योग और रामायण के यौगिक संदेश

भारत के योगियों औऱ संत-महात्माओं ने श्रीराम की शिक्षाओं को दो अलग-अलग संदर्भों में देखा है। एक है भक्ति मार्ग और दूसरा है भक्ति योग। भारतीय चिंतन परंपरा में इसकी स्पष्ट व्याख्या की गई है। श्रीमद्भागवत के मुताबिक भक्ति मार्ग नवधा भक्ति है। इसके मुताबिक श्रवण, कीर्तन, स्मरण, पादसेवन, अर्चन और वंदन ये छह विधियां हैं, जिनके द्वारा व्यक्ति दिव्यता के स्रोत से जुड़ पाता है। अपने अराध्य के साथ आंतरिक संबंध विकसति करता है। इसका अनुभव सातवें और आठवें चरण में होता है और नवें चरण में पूर्ण आत्म-समर्पण सिद्ध होता है। भक्ति योग इससे बिल्कुल अलग है। इसके तहत भावनाओं का अवलोकन, दिशांतरण और परिष्कार किया जाता है।

प्रधानमंत्री ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण  के लिए आयोजित भूमिपूजन अनुष्ठान के बाद अपने संबोधन में मर्यादा पुरूषोत्तम राम से प्रेऱणा लेने संबंधी युवाओं से जो अपील की, उसे आध्यात्मिक आलोक में देखा जाए तो गहरे अर्थ हैं और वे भक्ति योग की बातें हैं। पिछली शताब्दी के महानतम संत और बिहार योग विद्यालय के संस्थापक परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती और उनके आध्यात्मिक उत्तराधिकारी परमहंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती श्रीराम और रामायण के यौगिक संदेशों पर विस्तार से संदेश देते रहे हैं। स्वामी सत्यानंद सरस्वती कहते थे, राम का जीवन और रामायण की बातें पग-पग पर हमारे जीवन की विषमता और कटुता, युद्ध और भय, मृत्यु और जीवन के प्रति सतर्क करती रही हैं। रामायण का एक ही संदेश है – जागते रहो।

संकेतों को पकड़े तो समझना आसान होगा कि हमारे अंदर जो आत्मा, आत्म-स्फूर्ति और आत्म-शक्ति है, वही राम है। सीता बुद्धि और शास्त्रोक्त ज्ञान एवं तर्कशीलता की प्रतीक हैं। रावण के दस सिर जीव की दस इंद्रियों के प्रतीक हैं। रावण का निवास जिस तरह सोने की लंका में था, हमारी आत्मा भी भौतिक शरीर में सूक्ष्म रूप से उसी तरह रहती है। असंख्य रानियों के बावजूद रावण में पर स्त्री की कामना बनी रहती थी। यह इस बात का द्योतक है कि इंद्रियों की भोग-तृप्ति की कोई सीमा नहीं है। मेघनाद मन है और सतर्कता और ब्रह्मचर्य लक्ष्मण हैं।

अयोध्या को आत्म-निकेतन कहना चाहिए। श्रीराम अध्योध्या से निकल कर जिस तरह वनगमन करते हैं, उसी तरह आत्मा अपने आत्म-निकेतन से निकल कर संसार वन में भटकती है। इस संसार वन में हमारे अंदर के तुच्छ विचार, तामसी प्रवृत्तियां ही खरदूषण और मरीच की तरह हम पर आक्रमण करती है। श्रीराम ने सीता और लक्ष्मण को गुफा में भेजकर इन राक्षसों को अकेले ही मारा था। इस प्रसंग से सीख मिलती है कि हमें आपात् स्थिति में तर्क-वितर्क में फंसकर आत्मबल का सहारा लेना चाहिए। रावण इंद्रियों का प्रतीक है तो मारीच इच्छा का प्रतीक है। तभी मारीच रावण के बहकावे में आ जाता है।

राम सीता के वियोग में वन में शोकाकुल होकर भटकते हैं। इसका संदेश यह है कि जब आत्मा का ज्ञान और बुद्धि से संपर्क टूट जाता है तो आत्मा जगह-जगह ठोकरें खाती फिरती है। ऐसे में आत्मा को सत्संग और भक्ति का सहारा लेना होता है। समुद्र में सेतुबंध सत्संग का औऱ हनुमान का साथ भक्ति का प्रतीक है। इंद्रियों की पराजय का अनूठा उदाहरण रावण के दरबार में देखने को मिलता है, जब अंगद रावण को चुनौती देते हैं कि दरबार को कोई उसका पैर उठा दे तो राम पराजय मान लेंगे। पर अंगद के पांव शक्तिशाली रावण सहित कोई न उठा पाया। मतलब यह कि अंगद के आत्मबल के आगे दुष्प्रवृत्तियों (राक्षसों) की अगुआई करने वाली इंद्रियां (रावण) तक पराजित हो जाती हैं।

रावण का भाई कुंभकर्ण आलस्य और शोषण का प्रतीक है। आलस्य के नाश के लिए आत्मबल की जरूरत होती है। श्रीराम के आत्मबल से कुंभकर्ण मारा जाता है। उधर रावण का पुत्र मेघनाद मन की दूषित भावनाओं और कुटिलता का प्रतीक है। ये दोनों ही बातें इतनी बलशाली होती हैं कि कई बार सतर्कता और साधना को भी मात दे देती हैं। तभी मेघनाद का वाण लक्ष्मण को लग जाता है। तब ब्रह्मचर्य का तेज और संयम का चमत्कार दिखता है। हनुमान जी अपनी इन शक्तियों से मन की कुटिलताओं को पराजित कर देते हैं।

रावण इंद्रियों का प्रतीक है और आधुनिक मनोविज्ञान भी कहता है कि दमन करके इंद्रियों का नाश आसान नहीं है। तभी जब-जब रावण के सिर काटे जाते थे, वे उभर आते थे। खून की एक-एक बूंद से रावण उत्पन्न हो जाता था। ऐसे ही समय में आते हैं विभीषण, जो सद्विवेक और सद्वृत्तियों के प्रतीक हैं। इंद्रियों के बोझ से दबी सद्वृत्तियों का साक्षात्कार आत्मबल औऱ आत्म-दृढ़ता से होता है तो दुष्प्रवृत्तियों के विनाश का मार्ग प्रशस्त हो जाता है। इसलिए श्रीराम रावण की नाभि से जैसे ही अमृत रूपी वासना और लिप्सा को खींचते हैं, रावण का अंत हो जाता है। इस तरह हमें ज्ञात होता है कि इंद्रियों और दुष्प्रवृत्तियों द्वारा उत्पन्न की गईं बाधाओं को किस तरह कुचल कर आत्मा के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।

श्रीराम के जीवन पर आधारित रामायण में ऐसे उदाहरण भरे पड़े हैं, जिनसे हमें आदर्श जीवन जीने के संदेश मिलते हैं। श्रीराम के मजूबत यौगिक संदेशों का असर ही है कि गांव-गांव में जिन्हें अक्षर ज्ञान तक नहीं है, वे भी रामायण की चौपाइयां बेधड़क बोलते हैं और उसके मायने भी बताते हैं। पांडवानी लोक गायिकों और गायिकाओं के मामले में भी यही बात लागू है। उनके बीच रामायण बेहद लोकप्रिय है, जबकि उनमें से ज्यादातर पढ़ना-लिखना नहीं जानतें। श्री राम के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।   

परमहंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती कहते हैं, भक्ति योग के तहत श्रीराम के यौगिक मार्म का अनुसरण करने से हृदय की प्रतिभाओं का विकास होता है। स्वयं को इस मार्ग पर स्थापित कर लेने के बाद भावनाएं अंतरात्मा की खोज में दिशांतरित हो जाती हैं। ऐसे में जब अंतरात्मा से साक्षात्कार होगा तो समझ में आ जाएगा कि जीवात्मा परमात्मा का ही प्रतिबिंब है और यही भक्ति की परिणति है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)   

: News & Archives