गायत्री सिद्धि, सद्गुणों में अभिवृद्धि

किशोर कुमार

भारतीय लोकतंत्र के ऩए मंदिर यानी नए संसद भवन एक तरफ वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजायमान था। उसी समय पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव बतला रहे थे कि यदि शरीर का आज्ञा-चक्र सक्रिय हो जाए तो उसका क्या प्रभाव होता है। उन्होंने दो बच्चों को प्रस्तुत किया, जिनकी आंखों पर पट्टियां थी और वे पुस्तकें पढ़ ले रहे थे। छपी हुई तस्वीरों के रंग तक बता दे रहे थे। मिड ब्रेन एक्टिवेशन के युग में यह कोई चौंकाने वाली बात न रही। पर मिड ब्रेन एक्टिवेशन जैसी वैज्ञानिक उपलब्धियों की सीमाएं हैं। अभी वह इस स्थिति में नहीं पहुंचा है कि हजारों मील दूर बैठे किसी संजय से महाभारत जैसे युद्ध की कमेंट्री करवा दे। पर योग-शक्ति से सक्रिय मस्तिष्क की कोई सीमा नहीं होती। इसके उदाहरण भरे पड़े हैं।

इसी युग में अमेरिकी नागरिक टेड सिरियो ने अमेरिका में बैठे-बैठे भारत के आगरा शहर के भौगोलिक स्थितियों का बयान ऐसे कर दिया था, मानो वह आगरा के किसी ऊंचे टीले से सबकुछ बता रहा हो। यही नहीं, उसने अपनी आंखों में कुछ तस्वीरें बसा ली थी, जिसके परीक्षण के बाद बिल्कुल सही पाया गया था। इसे तंत्र विज्ञान की भाषा में आज्ञा-चक्र का सक्रिय होना माना गया था। वैदिक युग में त्रिनेत्र का खुल जाना कहा गया। बीसवीं सदी के महान संत परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती कहते थे कि मानसिक अनुभूमियां पदार्थ पर आधारित नहीं है। इसका मतलब यह हुआ कि सामने जब कोई चित्र न हो तथा आसपास संगीत न बज रहा हो, फिर भी हम उन्हें देख-सुन सकते हैं। यह मनुष्य के व्यक्तित्व की विशेषता है। मानसिक अनुभव के क्षेत्र का विस्तार करके यह शक्ति प्राप्त की जा सकती है। ऐतिहासिक तथ्यों और हाल की कुछ घटनाओं से इस बात की पुष्टि होती है। अब तो विज्ञान भी इस तथ्य को स्वीकार रहा है। उसकी भाषा में यह कुछ और नहीं, बल्कि पीयूष ग्रंथि या पीनियल ग्लैंड का सक्रिय होना है।     

आखिर आज्ञा-चक्र या पीनियल ग्लैंड को किस तरह सक्रिय किया जा सकता है? गायत्री जयंती इस साल 31 मई को मनाई गई। यह लेख उसी आलोक में होगी। वैसे, गायत्री विद्या इतना व्यापक है कि इसके किसी भी पक्ष को ले लीजिए, यदि ज्ञान है तो मोटे-मोटे ग्रंथ तैयार हो जाएंगे। इसकी व्यापकता का अंदाज इस बात से लगा सकते हैं कि वैदिक ग्रंथों की श्रृंखला में गायत्री गीता है तो गायत्री उपनिषद है, गायत्री संहिता है तो गायत्री तंत्रम है। गायत्री रामायण है तो गायत्री सहस्रनाम है। गायत्री चालीसा है तो गायत्री हृदयम है। कहा जाता है कि गायत्री के 24 अक्षरों की व्याख्या के लिए ही चार वेद हैं। इसलिए गायत्री को वेदमाता कहा गया है। शास्त्रों में उल्लेख है कि सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा को अपने उद्देश्यों की पूर्ति के लिए शक्तियां चाहिए थी। तब ब्रहमांडीय शक्ति की आकाशवाणी के जरिए उन्हें गायत्री मंत्र की दीक्षा मिली थी। वह मंत्र था –गायत्री सिद्धि, सद्गुणों में अभिवृद्धि। इस मंत्र का उल्लेख यजुर्वेद में मिलता है।

हममें से अनेक लोग बिना अर्थ जाने भी गायत्री मंत्र का पाठ कर लेते हैं। पर जब कोई उपलब्धि नहीं मिलती तो मंत्र की शक्ति पर ही अविश्वास करने लग जाते हैं। गायत्री मंत्र के जरिए हम जो प्रार्थना करते हैं, उसका भाव होता है – उस प्राण स्वरूप, दुःख नाशक, सुख स्वरूप, श्रेष्ठ, तेजस्वी, पाप नाशक, देव स्वरूप परमात्मा को हम अन्तरात्मा में धारण करें। वह परमात्मा हमारी बुद्धि को सन्मार्ग में प्रेरित करें। तुलसीदास जी ने हनुमान जी को ज्ञान और गुणों का सागर कहा है। पौराणिक कथा है कि हनुमान जी को गायत्री मंत्र की दीक्षा मिली थी। उपनयन संस्कार में भी यही मंत्र प्रयुक्त हुआ था। वे इस मंत्र की शक्ति से प्रखर व तेजयुक्त होते गए थे। कालांतर में तथ्यों के आधार पर यह विचार बलवती होता गया कि मनुष्य गायत्री शक्ति से सम्बन्ध स्थापित करके अपने जीवन विकास के मार्ग में बड़ी सहायता प्राप्त कर सकता है। 

बिहार योग विद्यालय के परमाचार्य परमहंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती कहते हैं कि ऊं नाद है तो गायत्री प्राण है। गायत्री की उत्पत्ति ऊं से हुई है। ध्वनि सिद्धांत के अंतर्गत ऊं नाद का प्रतीक है। सृजन के क्रम में इस ध्वनि का विकास होता गया। इस तरह कह सकते हैं कि ऊं मंत्र का विकसित स्वरूप ही गायत्री है। वैदिक सिद्धांतों में गायत्री को प्राण की इष्ट देवी कहा गया है। वैज्ञानिक अनुसंधान हुआ तो इस बात की पुष्टि हुई कि गायत्री मंत्र के साथ प्राणायाम साधना अत्यंत प्रभावकारी होती है। योग शास्त्र में आज्ञा-चक्र को सक्रिय करने के लिए अनेक विधियां बतलाई गई हैं। यह सच है कि उनमें से किसी भी विधि से आज्ञा-चक्र को सक्रिय किया जा सकता है। पर इस मामले में गायत्री मंत्र की शक्ति अद्भुत है। इस मंत्र के सभी 24 अक्षरों के अलग-अलग देवता हैं और उन अक्षरों के उच्चारण का कुंडलिनी चक्रों पर प्रभाव होता है। जैसे, जब हम तत् का उच्चारण करते हैं तो इसके देवता गणेश हैं, जो सफलता शक्ति प्रदान करने वाले हैं।

जैसे हनुमान जी का उपनयन संस्कार हुआ था, वैसे ही भारत की प्रचीन परंपरा रही है कि बच्चे जब आठ साल के होते थे तो उनका उपनयन संस्कार कराया जाता था। इसके तहत चार वर्षों यानी बारह साल की उम्र तक के लिए मुख्य रूप से सूर्य नमस्कार, नाडी शोधन प्राणायाम और गायत्री मंत्र का अभ्यास करवाया जाता था। दरअसल, मस्तिष्क के केंद्र में स्थित पीनियल ग्रंथि बच्चों की चेतना के विस्तार के लिहाज से बेहद जरूरी है। अनुसंधानों के मुताबिक बच्चों के आठ-नौ साल के होते ही पीनियल ग्रंथि कमजोर होने लगती है। इसके साथ ही पिट्यूटरी ग्रंथि या पीयूष ग्रंथि और संपूर्ण अंत:स्रावी प्रणालियां अनियंत्रित होती जाती हैं। नतीजतन, असमय यौवनारंभ हो जाता है, जबकि बच्चों की मानसिक अवस्था इसके लिए उपयुक्त नहीं होती है। इसके अलावा में कई असंतुलन आते हैं। इसलिए उपनयन संस्कार के लिए आठ साल की उम्र का आदर्श माना जाता था।

गायत्री उपासना से आध्यात्मिक उपलब्धियों के साथ ही भौतिक उपलब्धियां मिलने के भी उदाहरण भरे-पड़े हैं। आधुनिक विज्ञान ने गायत्री मंत्र की वैज्ञानिकता और मानव की चेतना के विकास में उसके महत्व का बार-बार उजागर किया है। गायत्री जयंती पर यदि हम संकल्प लें कि गायत्री मंत्र की साधना को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएंगे तो यह बड़ी उपलब्धि होगी।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

शक्ति इतनी कि जीवन में चार चांद लगा दे यह प्राणायाम

इस कॉलम में बात शुरू हुई थी प्रतिभा के विकास के लिए उपनयन संस्कार के यौगिक आयामो की महत्ता को लेकर और उस कड़ी में यह तीसरा आलेख है – यह बताने के लिए कि आज्ञा चक्र, जिसका पीनियल और पिट्यूटरी ग्रन्थियों से अन्योन्याश्रय संबंध है, बच्चों में मामूली रूप से भी उदीप्त रहे तो मस्तिष्क ज्यादा क्रियाशील रहेगा और प्रतिभा का विकास बेहतर तरीके से हो सकेगा। तब केवल डिग्रियां हासिल करने तक बात सीमित नहीं रहेगी। जीवन को सृजनात्मक तरीके से जीने की राह बन सकती है। योग विज्ञानी कहते हैं कि योगमय जीवन की शुरूआत आठ साल की उम्र से होनी चाहिए। अब तक हुए शोधों से भी इस बात की पुष्टि होती है। सच है कि यदि हम बेहतर राष्ट्र का निर्माण चाहते हैं तो इस दिशा में कदम बढ़ाना ही होगा। योग बच्चों के लिए बड़े महत्व का है।  

बच्चों के उपनयन संस्कार के समय सूर्य नमस्कार, नाड़ी शोधन प्राणायाम और गायत्री मंत्र के जप की शिक्षा देने की परंपरा रही है। बीते अंक में सूर्य नमस्कार की बात हुई थी। इस बार नाड़ी शोधन प्राणायाम की बात। पर इसके पहले आज्ञा चक्र के उदीप्त होने से मिलने वाली अतीन्द्रिय शक्तियों के चमत्कारों की बात। थिओडोर “टेड” जुड सीरियोस अमेरिका में एक साधारण व्यक्ति था। पर उसकी अतीन्द्रिय शक्तियां असाधारण थीं। सन् 2006 में परलोक सिधारने से पहले कोई चार दशकों तक अपनी अतीन्द्रिय शक्तियों की बदौलत ऐसे-ऐसे काम किए कि अमेरिका और यूरोप के वैज्ञानिकों के लिए चुनौती बन गया था। उसे केंद्र में रखकर योग की शक्ति और शारीरिक संरचना में सूक्ष्म व भौतिक अस्तित्वविहीन चक्रों के चमत्कारिक प्रभावों पर कई फिल्में बनीं। “द अमेजिंग वर्ल्ड ऑफ साइकिक फेनोमेना” नामक कोई नब्बे मिनटों की एक डक्यूमेंट्री भी काफी लोकप्रिय हुई, जो टेड के जीवन पर आधारित है।

मजेदार यह कि टेड सेरियोस न तो वैज्ञानिक था औऱ न ही आध्यात्मिक। सामान्य व्यक्ति था। उसे न तो पीनियल ग्रंथि का ज्ञान था न ही आज्ञा चक्र का। अतीन्द्रिय शक्तियों यानी साइकिक पावर्स के बारे में पढ़ा भर था। प्राचीन काल के वैज्ञानिक संतों की माने तो बिना यौगिक क्रियाओं के भी कई लोगों की कुंडलिनी जागृत होती है। पूर्व जन्म के संचित संस्कार के उभर आने से ऐसा होता है। टेड सेरियोस के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। वह हजारो मील दूर की घटनाओं को न केवल देख-सुन सकता था, बल्कि उसकी आंखें कैमरे की तरह उस घटना को कैद करने में सक्षम थीं। आंख की उन तस्वीरों को कैमरे में ट्रांसफर करके उसका प्रिंट लिया जा सकता था। वह हजारो किलोमीटर दूर के भी जिस किसी वस्तु का ध्यान करता था, उसका प्रतिबिंब उसकी आंखों में बन जाता था। यह न तो सम्मोहन का कमाल होता था और न ही फोटोग्राफी की कोई ट्रिक।

अमेरिका में मनोविज्ञान तथा अति मानवीय चेतना संबंधी शोध करने वाली संस्था इलिनाइस सोसायटी फॉर साइकिक रिसर्च की उपाध्यक्ष पालिन ओहलर और वैज्ञानिकों, फोटोग्राफरों व बुद्धिजीवियों की उपस्थिति में टेड सेरियोस ने ऐसे कई कारनामे कर दिखाए तो तहलका मच गया। इस घटना से एक साल पहले यानी सन् 1962 में टेड सेरियोस को भारतवर्ष का नक्शा देखने को मिला था। उसे उस नक्शे के आधार पर कुछ प्रसिद्ध स्थानों के कल्पनिक चित्र उतारने को कहा गया। टेड सेरियोस ने फटाफट दो चित्र बना डाले। उनके बारे में तहकीकात की गई तो पता चला कि वे फतेहपुर सीकरी की मस्जिद के मुख्य द्वार और दिल्ली के लाल किले के दीवाने-ए-आम के मानसिक चित्र थे। श्रीमद्भगवतगीता में संजय की दिव्य-दृष्टि के बारे में तो हम सब जानते ही हैं। वह तो सैकड़ों किलो मीटर दूर बैठकर कुरूक्षेत्र के युद्ध का आंखो देखा हाल ऐसा बयां करते जा रहा था मानों उसकी आंखों के सामने क्लोज सर्किट टीवी लगा हो। यह बात कई लोगों को कपोल-कल्पना लग सकती है। पर ऐसे ही अनेक उदाहरण हैं, जो इस युग में घटित हुए।

इतिहास के पन्ने ऐसे उदाहरणों से भरे पड़े हैं, जिनकी शिक्षा-दीक्षा कुछ खास नहीं थी। पर अतीन्द्रिय शक्तियां ऐसी थी कि उनके सामने बड़े-बड़े ज्ञानी भी पानी भरते थे। अमेरिका का विलियम पॉवेल लीयर पढ़ा-लिखा कुछ खास नहीं था। उसने अपना जीवन चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के तौर पर शुरू किया था। पर वह अपने दफ्तर में लोगों को बड़ी-बड़ी योजनाओं पर बात करते सुनता तो उसे ऐसा लगता था कि मानो इसके बारे में वह पहले भी सुन रखा है। उसने अवचेतन मन की बातें योग के जरिए चेतन तल पर लाने की ठानी। नतीजतन, उसका जीवन बदल गया। उसने बैटरी एलिमिनेटर का भी आविष्कार किया। 8-ट्रैक कारतूस और एक ऑडियो टेप सिस्टम विकसित किया। बाद में जेट बनाने लगा। उसकी इन उपलब्धियों से अवाक् “लॉस एंजलिस टाइम्स” के प्रथम संपादक डिग्बी डायल, जिनकी सन् 2017 में मृत्यु हो गई, ने विलियम पॉवेल लीयर का इंटरव्यू किया तो अमेरिका में तहलका मच गया। उसने बताया कि अतीन्द्रिय शक्ति जागृत होने के बाद उसे दिशा मिलने लगी और क्षमता का विकास हुआ। यही उसकी सफलता का राज है। 

मन पर हो रहे अध्ययनों से साबित हुआ है कि वह एक ऐंटेना या रेडियो के समान है, जो समस्वरित होता है तो अचानक किसी ऐसे केंद्र से जुड़ जाता है, जहां की बातें मानस पटल पर आ जाती हैं। जब तरंग संयोजक क्षीण होता है तो उस केंद्र से संपर्क करना मुश्किल होता है। आत्मा या अतीन्द्रिय भौतिक चीज नहीं, जिसे देखा जा सके। इसका स्वरूप अनुभव ही होता है। अनेक देशों की सेना आधुनिक संचार माध्यमों का उपयोग किए बिना विचारों के संप्रेषण की संभावनाओं पर काम कर रही है। नासा अंतरिक्ष में भेजे गए वैज्ञानिकों से विचारों के संप्रेषण के जरिए संबंध बनाने, यहां तक कि उनकी चिकित्सा करने तक की संभावनाओं पर काम कर रहा है। इस काम में पांच सौ वैज्ञानिकों के दल में बिहार योग विद्यालय के निवृत्त परमाचार्य परमहंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती भी शामिल हैं।

सोवियत संघ की सेना ने अतीन्द्रिय शक्तियों का प्रभाव जानने के लिए सबसे पहले मादा खरगोश पर प्रयोग किया था। एक मादा खरगोश को रिसर्च सेंटर में रखा गया। उसके माथे पर इलेक्ट्रोड्स लगा दिए गए। ताकि उसके मानसिक तरंगों की मानिटरिंग की जा सके। उसके आठ बच्चों को समुद्री मार्ग से सैकड़ो किलोमीटर दूर ले जाया गया। वहां उस पर जैसे ही वार किया गया, रिसर्च सेंटर में रखी गई खरगोश विचलित हो उठी। उसके मस्तिष्क पर तीब्र आवृत्ति वाली तरंगे उत्पन्न होने लगीं। इससे साबित हुआ कि जानवरों में भी भावनात्मक संबंध होता है। मानव पर अतीन्द्रिय शक्ति का असर तो अक्सर देखने को मिलता है। कोई बच्चा दूर देश में गंभीर रूप से बीमार होता है और इधर उसकी मां की अतीन्द्रिय शक्ति उस समय मामूली रूप से भी सक्रिय होती है तो उसके मन में तरंग उठता है और किसी अनिष्ट की आशंका से मन विचलित हो उठता है।

दरअसल, शरीर की मुख्य तीन नाड़ियों इड़ा, पिंगला और सुषुम्ना का मिलन आज्ञा चक्र में होता है। योगियों का मानना है कि पीनियल ग्रंथि का आज्ञा चक्र से निकट संबंध है। यह अंतर्ज्ञान के क्षेत्र है। इसलिए आज्ञा चक्र को जागृत करने के किसी भी उपाय से पीनियल ग्रंथि भी प्रभावित होता है। विज्ञान साबित कर चुका है कि आमतौर पर मस्तिष्क के दस में से एक भाग ही सही तरीके से काम करता है। शेष नौ भाग सुषुप्तावस्था में होता है। बिहार योग विद्यालय के संस्थापक परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती इस बात की व्याख्या कुछ ऐसे करते थे – मस्तिष्क का क्रियाशील भाग तो इड़ा और पिंगला की शक्ति से काम करता है। पर शेष नौ भागों में केवल पिंगला की ही शक्ति मिलती है। पिंगल जीवन है और इड़ा चेतना। यदि कोई व्यक्ति जीवित हो और वह सोचने में असमर्थ हो तो यही कहा जाएगा कि उसमें प्राण-शक्ति तो है, किन्तु मनस शक्ति नहीं है। यही स्थिति मस्तिष्क के निष्क्रिय हिस्से की होती है। उसमें प्राण तो होता है, किन्तु मनस शक्ति नहीं होती।

योग से संबंधित अतीन्द्रिय पक्षों पर सोवियत संघ की दो महिला मनोवैज्ञानिकों शीला ओस्ट्रांडेर और लिन्न श्रोएडर ने सत्तर के दशक में ही एक पुस्तक लिखी थी – “साइकिक डिस्कवरीज बिहाइंड द आयरन कर्टेन।“ इसके बाद तो दुनिया भर में इस विषय पर सैकड़ों पुस्तकों का प्रकाशन हुआ, जो अनुसंधानों पर आधारित हैं। ज्यादातर पुस्तकों में अतीन्द्रिय शक्तियों को टेलीपैथी या टेलीसाइकिक्स बताते हुए व्याख्या की हैं। भारत के योग रिसर्च फाउंडेशन ने दुनिया के कई देशों के साथ मिलकर इस विषय पर अध्ययन किया। स्वामी निरंजनानंद सरस्वती ने अध्ययन के नतीजों की व्याख्या की है। उनके मुताबिक, पंचमहाभूतों में एक होता है आकाश तत्व। उसी में अग्नि तत्व व्याप्त होता है, जिस तेज या ऊर्जा कहते हैं। आदमी जो भी कर्म या विचार करता है, उसका स्पंदन वायुमंडल के द्वारा आकाश तत्व में फैलता है। ठीक वैसे ही जैसे पानी में पत्थर फेंकने पर तरंगें उत्पन्न होती हैं। यदि कोई व्यक्ति या यंत्र उन स्पंदनों को पकड़ने में सक्षम है तो वह जान सकता है कि उन स्पंदनों के मूल में कौन से विचार हैं। इसे ही टेलीपैथी कहते हैं। पर उसी स्पंदन को चेतना के सूक्ष्म क्षेत्र में ग्रहण कर एक रूप दिया जाता है तो जो हो रहा है या अतीत में जो हुआ उसे अंतर्दृष्टि से स्पष्ट रूप से देखने की शक्ति मिल जाती है। इसे कहते हैं दिव्य-दृष्टि। जिस प्रकार एक तरंग का रूप परिवर्तित होने से हम दूर के दृश्यों और आवाज को टेलीविजन पर देख-सुन पाते हैं। उसी तरह योग की परंपरा में कुछ ऐसे उपाय हैं, जिनकी सहायता से तृतीय नेत्र को जागृत किया जा सकता है। इससे पदार्थ, नाम और रूप को देखने वाली दृष्टि अतीन्द्रिय दृष्टि में बदल जाती है। उन्हीं उपायों में एक है नाड़ी शोधन प्राणायाम।

आधुनिक विज्ञान से उलट तंत्र शास्त्र के मुताबिक मस्तिष्क छह भागों में विभक्त है और उनकी अलग-अलग शक्तियां होती हैं। उन्हीं शक्तियों में एक है अतीन्द्रिय शक्ति। हम सब अनुभव करते हैं कि कोई आदमी किसी विषय में प्रखर होता है तो कोई किसी विषय में। इसकी वजह ये शक्तियां ही होती हैं। योग साधक हों या प्रतिभा के विकास के आकांक्षी छात्र, आज्ञा चक्र उनके लिए काफी मायने रखता है। चक्र साधना का प्रवेश द्वार ही आज्ञा चक्र को माना जाता है। उसे साधे बिना बाकी चक्रों की साधना दुष्कर होता है। आम आदमी विशेष रूप से छात्रों के आज्ञा चक्र के जागृत रहने से चेतना का रूपांतरण होता है और बुद्धि प्रखर होती है। दिलचस्प बात यह है कि आमतौर पर पुरूषों की तुलना में महिलाओं का आज्ञा चक्र ज्यादा क्रियाशील होता है। इसलिए वे अधिक सूक्ष्म, संवेदनशील और ग्रहणशील होती हैं। नतीजतन, घटनाओं की भविष्यवाणी कर पाती है। पर छात्रों के मामले में यौगिक अभ्यासों की बदौलत आज्ञा चक्र ज्यादा क्रियाशील रहने से पीनियल ग्रंथि और उससे जुड़ी पिट्यूटरी आदि ग्रंथियां स्वस्थ रहती हैं तो प्रतिभा का समुचित विकास होता है।

दूसरी तरफ, अनुसंधानों से पता चल चुका है कि लगभग आठ साल तक पीनियल ग्रंथि बिल्कुल स्वस्थ रहती है। उसके बाद यह ग्रंथि कमजोर होने लगती है। बुद्धि और अंतर्दृष्टि के मूल स्थान वाली यह ग्रंथि किशोरावस्था में अक्सर विघटित हो जाती है। परिणामस्वरूप अनुकंपी (पिंगला) और परानुकंपी (इड़ा) नाड़ी संस्थान के बीच का संतुलन बिगड़ जाता है। पिट्यूटरी ग्रंथि से हॉरमोन का रिसाव शुरू होकर शरीर के रक्तप्रवाह में मिलने लगता है। इससे बाल मन में उथल-पुथल मच जाता है। नतीजतन, प्रतिभा का समुचित लाभ नहीं मिल पता। नाड़ी शोधन प्राणायाम का अंत:स्रावी संस्थान पर आश्चर्यजनक प्रभाव पड़ता है।

योग शास्त्र के मुताबिक, प्राणायाम का मुख्य उद्देश्य है सुषुम्ना नाड़ी को जगाना। कुंभक यानी श्वास अधिक समय तक रोकने के अभ्यास से तो इसमें सफलता मिलती ही है, एक नाक से श्वास लेने औऱ दूसरे से छोड़ देने की क्रिया से भी सुषुम्ना को जागृत करना संभव है। पर यह तभी संभव है जब श्वास अधिक लंबा, गहरा होगा। यदि अभ्यास करके पंद्रह सेकेंड में श्वास लेना और उतनी देरी में छोड़ना संभव हुआ तो जीवन में क्रांतिकारी बदलाव संभव है। इसलिए कि मूलाधार चक्र में माया का आवरण ओढ़कर चिर निद्रा में सोई सुषुम्ना शक्ति जागृत होकर ऊपर की ओर बढ़ने लगती है तो सामान्य लोगों को स्वस्थ्य काया मिलती है, प्रतिभा का विकास होता है। पर आध्यात्मिक लोगों के मामले में जीवात्मा का परमात्मा से मिलन हो जाता है। इन तथ्यों के आलोक में बच्चों को आठ साल की उम्र से ही नाड़ी शोधन प्राणायाम का अभ्यास कराने के फायदों को समझा जा सकता है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और योग विज्ञान विश्लेषक हैं)

: News & Archives