जब योग के प्रचारक बन गए थे जेपी

किशोर कुमार //

हम सब मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान से तो परिचित हैं ही। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अधीन एकमात्र स्वायत्तशासी संगठन है, जिसका उद्देश्य एक केंद्रीय एजेंसी के रूप में योग अनुसंधान, योग चिकित्सा, योग प्रशिक्षण और योग शिक्षा को बढ़ावा देना है। नई पीढ़ी के ज्यादातर लोगों को पता नहीं होगा कि योग के इस मंदिर की स्थापना महान योगी स्वामी धीरेंद्र ब्रह्मचारी की परिकल्पना औऱ उनके श्रमसाध्य प्रयासों का प्रतिफल है। तब यह विश्वायतन योगाश्रम के रूप में जाना जाता था। पर मैं आज स्वामी धीरेंद्र ब्रह्मचारी की जीवनी भी लिखने नहीं बैठा हूं। आज तो संपूर्ण क्रांति के जनक लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती है। उनके जीवन से जुड़े विविध पहलुओं पर प्रबुद्धजन अपने विचार प्रकट कर रहे हैं। उसी कड़ी में मैं भी केवल स्मरण करा रहा हूं कि धीरेंद्र ब्रह्मचारी को स्वामी धीरेंद्र ब्रह्चारी के रूप में स्थापित कराकर योग के प्रचार-प्रसार को गति दिलाने में लोकनायक का कितना बड़ा योगदान था।    

कैसे? इस विषय़ पर आने से पहले योग की महत्ता क्या है, शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के लिए यह कितना अद्भुत टॉनिक है और इसका प्रत्यक्ष अनुभव लोकनायक जयप्रकाश नारायण को कब और कैसे हुआ था, सब कुछ उन्हीं के शब्दों में जानिए, जिसका उल्लेख धीरेंद्र ब्रह्मचारी की पुस्तक “यौगिक सूक्ष्म व्यायाम” में है – “योग-विद्या का कोई ज्ञान मुझे नहीं है। न योग वाङ्मय से ही परिचित हूँ। तथापि अन्य साधारण लोगों की तरह योग की अनन्त महिमाओं का वर्णन जब तब सुनता रहा हूँ। अभी हाल में विश्वायतन योगाश्रम, काश्मीर, के दो योगियों– श्री धीरेन्द्र ब्रह्मचारी और हरिभक्त चैतन्य से परिचय प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।

मेरा स्वास्थ्य वर्षों से अच्छा नहीं रहता। इधर दो-ढाई साल से मधुमेह का शिकार रहा हूँ। कुछ महीने पूर्व कलकत्ते गया था, तो मित्रों से इन महात्माओं के विषय में सुना था। यह दोनों महात्मा लगभग एक वर्ष से यौगिक क्रियाओं का शिक्षण कलकते के नागरिकों को दे रहे हैं। इन क्रियाओं से अनेकों ने लाभ उठाया है और पुराने-पुराने रोग भी दूर हो गये हैं। यह सब मित्रों से सुनकर मैंने भी इन क्रियाओं का अनुभव लेने का निश्चय किया। कलकत्ते रहकर इन महात्माओं की कृपा से कुछ क्रियाओं का अभ्यास किया।

कुछ तो अद्भुत क्रियाएं हैं, जैसे “शंखप्रक्षालन” की क्रिया। सूक्ष्म व्यायाम भी अत्यन्त वैज्ञानिक लगते हैं। अभ्यास लगभग एक मास से जारी है। इस थोड़े समय में ही बहुत लाभ का अनुभव कर रहा हूँ। शरीर हल्का लग रहा है। मन अधिक प्रसन्न है। पेशाब में चीनी नहीं आ रही है। खून में भी चीनी पहले से कम है। निश्चित रूप से तो कुछ महीने बाद ही कहा जा सकता है कि स्वास्थ्य में क्या-क्या अन्तर पड़ा है, परन्तु २४-२५ दिनों के ही अभ्यास से जो लाभ हुआ, वह थोड़ा नहीं है ।

यहाँ योग की प्रशंसा करने नहीं बैठा हूँ। उसकी आवश्यकता ही क्या है? जब अनन्त ऋषि-मुनियों ने उसकी प्रशंसा गाई है, जब योगेश्वर श्रीकृष्ण ने उसकी बड़ाई की है और भगवान् बुद्ध ने योगाभ्यास से ज्ञान प्राप्त किया था, तो मुझ जैसे अदना और नानुभवी व्यक्ति के कथन का क्या महत्त्व हो सकता है?  मैं यहां इतना ही कहना चाहता हूँ कि यह दुःख की बात है कि यह प्राचीन भारतीय विद्या आज भारतीय जीवन से लुप्त हो गई है। पाश्चात्य सभ्यता, शिक्षा, चिकित्सा आदि का भूत इस तरह हम पर सवार है कि अपने देश की इस अनमोल वस्तु का हम तिरस्कार ही कर रहे हैं। इस विद्या के जानने वाले भी इस वातावरण से क्षुब्ध होकर जन-जीवन से दूर पड़ गये हैं।

इस अवस्था में यह प्रसन्नता का विषय है कि कुछ ऐसे योगी हैं, जो समाज में आकर फिर से इस दिव्य विद्या को फैलाने का शुभ प्रयास कर रहे हैं। इनमें ही विश्वायतन योगाश्रम के यह दो योगी हैं, जिनका जिक्र ऊपर आया है और जिन्होंने “यौगिक सूक्ष्म व्यायाम” पुस्तक को तैयार किया है। हिन्दी भाषा में इस विषय पर ऐसी दूसरी पुस्तक नहीं है। शायद अन्य किसी भाषा में भी न हो। हजारों वर्षों के अनुभवों और प्रयोगों का सार यहाँ संग्रहीत है। इस पुस्तक का अधिक-से-अधिक प्रचार हो, इसमें देश का कल्याण मैं मनाता है।“

स्वामी धीरेंद्र ब्रह्मचारी के निर्देशन में योगाभ्यास से लोकनायक जयप्रकाश नारायण को चमत्कारिक लाभ मिला तो उन्होंने उन्हें कलकत्ता के बदले दिल्ली को अपना केंद्र बनाने का सुझाव दिया। धीरेंद्र ब्रह्मचारी इसके लिए खुशी-खुशी तैयार भी हो गए। वे जब दिल्ली आए तो जेपी ने ही पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर बाबू जगजीवन राम तक को धीरेंद्र ब्रह्चारी की विलक्षण यौगिक क्षमता से अवगत कराया। फिर तो धीरेंद्र ब्रह्मचारी की योगविद्या की खुशबू तुरंत ही फैल गई।

साठ के दशक में योग के प्रचार-प्रसार को गति दिलाने में उत्प्रेरक की भूमिका निभाने वाले लोकनायक जयप्रकाश नारायण को उनकी जयंती पर सादर नमन।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

: News & Archives