वैश्विक आध्यात्मिकता महोत्सव का संदेश

किशोर कुमार //

योग और अध्यात्म के दृष्टिकोण से मार्च का महीना भारत के लिए खास है। एक तरफ योग नगरी हरिद्वार में गंगा के तट पर सप्ताह व्यापी अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 15 मार्च से प्रारंभ हो चुका है तो हैदराबाद के कान्हा शांति वनम् का ऐतिहासिक अंतर्राष्ट्रीय आध्यात्मिकता महोत्सव 17 मार्च को संपन्न हो गया। इन महोत्सवों के ठीक पहले यानी 13 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस -2024 की 100 दिनों की उलटी गिनती के उपलक्ष्य में दिल्ली के विज्ञान भवन में योग महोत्सव-2024, कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हम जानते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है और इस वर्ष 10 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न स्तरों पर योग और अध्यात्म से संबंधित दर्जन भर कार्यक्रम मार्च में ही आयोजित होने हैं।

पर इन महोत्सवों में विश्व आध्यात्मिकता महोत्सव खास है। मेरा कहने का अभिप्राय यह कदापि नहीं कि बाकी महोत्सवों मूल्य कमतर है, बल्कि वे इतने खास हैं कि हमारे वार्षिक कैलेंडर का हिस्सा बनकर बेहद सकारात्मक प्रभाव डालते हैं। विश्व आध्यात्मिकता महोत्सव बड़े महत्व का इस लिए बन पड़ा कि न केवल इसका फलक व्यापक था, बल्कि इसका संदेश भी ऐसा है, जिसकी गूंज पूरी दुनिया में लंबे समय तक सुनाई देती रहेगी। ठीक वैसे ही, जैसे विश्व धर्म महासभा के नाम से सभाएँ दुनिया भर में सभाएं तो कई हुईं। पर सन् 1893 में शिकागो की विश्व धर्म महासभा यादगार रह गई। स्वामी विवेकानंद ने धर्म संसद में कहा था, “दुनिया में सहिष्णुता का विचार पूरब के देशों खासतौर से भारत से फैला है। पर हम सिर्फ़ सार्वभौमिक सहिष्णुता पर ही विश्वास नहीं करते, बल्कि, हम सभी धर्मों को सच के रूप में स्वीकार करते हैं।“ भारत ने कोई सवा सौ साल बाद अंतर्राष्ट्रीय आध्यात्मिकता महोत्सव के जरिए आज के परिप्रेक्ष्य में सैद्धांतिक ज्ञान और उसके व्यावहारिक अनुप्रयोगों से दुनिया को न केवल विश्व गुरू होने का भान कराया, बल्कि सप्रमाण बताया कि मानव की आंतरिक शांति से विश्व शांति का मार्ग किस तरह प्रशस्त होगा।

हालांकि भारत के योगी अपनी आध्यात्मिक उपलब्धियों के आधार पर सदियों से अध्यात्म को विश्व शांति की कारगर दवा बतलाते। आधुनिक युग के संन्यासियों में स्वामी विवेकानंद से लेकर परमहंस योगानंद, अभयचरणारविंद भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद, अरविंद घोष, रमण महर्षि, महर्षि महेश योगी, ओशो, ब्रह्माकुमारी, स्वामी शिवानंद सरस्वती योग परंपरा के परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती, श्रीराम शर्मा आचार्य आदि प्रमुख हैं, जो वेद-वेदांग और विज्ञान का आलंबन लेकर अध्यात्म की शक्ति से दुनिया को अवगत कराते रहे हैं। पर पहली बार ऐसा हुआ कि प्रत्येक वर्ष सितंबर में मनाए जाने वाले विश्व शांति दिवस से पहले ही विश्व शांति की तड़प लिए एक सौ से ज्यादा देशों के तीन सौ से ज्यादा आध्यात्मिक संस्थाओं, संगठनों के प्रतिनिधि और आध्यात्मिक व वैज्ञानिक गतिविधियों से जुड़े एक लाख से ज्यादा लोग विश्व आध्यात्मिकता महोत्सव में जुट गए। इसलिए कि उन्होंने शिद्दत से महसूस किया है कि आध्यात्मिकता विश्व शांति के लिए रामबाण दवा हो सकती है।

इस संदर्भ में एक प्रसंग उल्लेखनीय है। किसी शिष्य ने वेदान्त के महान आचार्य और सनातन धर्म के विख्यात नेता स्वामी शिवानंद सरस्वती से पूछ लिया था कि विश्व शांति का उपाय क्या है? स्वामी जी ने कहा था, अज्ञान की निवृत्ति ही एकमात्र उपाय है। इसी निवृति से प्रेम, दान और सेवा की भावना विकसित होगी। पर प्रथमत: देश के कर्णधारों में इन गुणों का विकसित होना ज्यादा जरूरी है। इसलिए कहता हूं कि दुनिया के सभी प्रधानमंत्रियों को वेदांत और योग संबंधी शिक्षा हासिल करनी चाहिए। ऐसी शिक्षा के लिए भारत ही एकमात्र उपयुक्त स्थान है। विश्व आध्यात्मिकता महोत्सव में चार दिनों तक विविध विषयों पर मंथन के लिए दो दर्जन से ज्यादा सत्र आयोजित किए गए थे। और खास बात यह रही कि सात-आठ दशक पूर्व स्वामी शिवानंद सरस्वती ने विश्व शांति के लिए जो एक प्रमुख दवा सुझाई थी, दुनिया भर के आध्यात्मिक गुरुओं और दार्शनिकों ने शिद्दत से महसूस किया कि उस दवा की जरूरत आज कहीं ज्यादा है। यही वजह है कि महोत्सव के एक सत्र का विषय रखा गया था – रोल ऑफ स्पिरिचुअलिटी फॉर ऐन इफेक्टिव लीडर। यानी प्रभावशाली नेतृत्वकर्ता के लिए अध्यात्म की भूमिका क्या हो सकती है।

अपनी तरह का पहला एक भव्य आध्यात्मिक उत्सव का आयोजन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने  हार्टफुलनेस के सहयोग के किया था। हार्टफुलनेस अपनी लोकप्रिय ध्यान पद्धति के लिए दुनिया भर में मशहूर है। इसकी खोज फतेहगढ़ के योगी लाला जी उर्फ रामचंद्र जी ने की थी। महोत्सव में आंतरिक शांति से विश्व शांति पर परिचर्चा शुरू हुई तो इसी संगठन के मौजूदा अध्यक्ष दादा जी उर्फ कमलेश पटेल ने विषय प्रवेश कराया। इसके बाद तो इस्कॉन, ब्रह्मकुमारीज, रामकृष्ण मिशन, हार्टफुलनेस, इंटरनेशनल बुद्ध कंफेडरेशन, हैदराबाद के आर्कबिशप, महाबोधि इंटरनेशनल मेडिटेशन सेंटर, लद्दाख, श्रीमद् राजचंद्र मिशन, आनंदम् धाम वृंदावन, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, दरगाह अजमेर शरीफ जी के गद्दीनसीन हाजी सैयद सलमान चिश्ती, सिडनी विश्वविद्यालय के डॉ एलिजाबेथ डेनले सहित कोई दो तीन दर्जन से ज्यादा विश्व प्रसिद्ध वक्ताओं ने अपने अनुभवों के आधार पर विचार व्यक्त किए। पूरे महोत्सव के दौरान मनुष्य की आंतरिक शांति के लिए अनेक यौगिक समाधान प्रस्तुत किए गए। पर महर्षि महेश योगी का विज्ञानसम्मत भावातीत ध्यान और लालाजी का हार्टफुलनेस ध्यान छाया रहा। महोत्सव का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया था। 

यदि एक लाइन में कहा जाए कि आध्यात्मिकता महोत्सव से दुनिया को क्या संदेश मिला, तो एक बेहद लोकप्रिय तमिल कविता का उल्लेख करना प्रासंगिक होगा।  …..जब भगवान ने पूछा कि इस दुनिया में दुर्लभ क्या है, तो ओवैयार संत ने कहा – “मनुष्य के रूप में जन्म लेना दुर्लभ है। भले ही किसी का जन्म मनुष्य के रूप में हुआ हो, विकृति के बिना जन्म लेना दुर्लभ है। भले ही कोई बिना किसी विकृति के पैदा हुआ हो, स्वयं और संसार का ज्ञान और कला में विशेषज्ञता प्राप्त करना दुर्लभ है। भले ही कोई इन गुणों से संपन्न हो, जरूरतमंदों को देने की आदत दुर्लभ है…..।“ यही आध्यात्मिक संदेश दुनिया को दिया गया। दानशीलता ही वह धर्मसम्मत गुण है, जिसकी बदौलत सत्व की प्राप्ति होती है, जो अध्यात्म का लक्ष्य है। योग साधनाएं इन भावनाओं के विकास में उत्प्रेरक की भूमिका निभाती हैं।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार व योग विज्ञान विश्लेषक हैं।)

: News & Archives