स्वामी विवेकानंद और महर्षि महेश योगी : दो महान योगियों के यौगिक मंत्र

किशोर कुमार //

योग और अध्यात्म की दृष्टि से जनवरी महीने की बड़ी अहमियत है। अपने वेदांत दर्शन के कारण दुनिया में भारत का मान बढ़ाने वाले संत स्वामी विवेकानंद और योगबल की बदौलत दुनिया को चमत्कृत करने वाले आधुनिक युग के वैज्ञानिक योगी महर्षि महेश योगी की जयंती इस महीने में एक ही दिन यानी 12 जनवरी को मनाई जाती है। स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप में तो महर्षि महेश योगी की जयंती को ज्ञान युग दिवस के रूप में मनाया जाता है। इन दोनों योगियों ने सजगता के विकास के अहमियत पर काफी बल दिया है। इस लेख में उसी संदर्भ में इन दो महान संतों के विचारों का विश्लेषण किया गया है।

योगशास्त्र में ध्यान साधना की बड़ी अहमियत बतलाई गई है। संत-महात्मा भी ध्यान साधना पर बल देते रहे हैं। पर आधुनिक युग में रिसार्ट्स और पांचतारा होटलों में जिस तरह ध्यान सिखलाया जाता है, वह योगशास्त्र और हमारे महान योगियों के विचारों से मेल नहीं खाता। इसलिए ध्यान सिखाने वाले कॉरपोरेट गुरू भले मालामाल हो जाते हैं और अभ्यासियों के लिए यह स्टेटस सिंबल बनकर रह जाता है। पर भला कुछ भी नहीं होता। स्वामी विवेकानंद से लेकर महर्षि महेश योगी तक ने सीधे ध्यान में उतरने की बात कभी नहीं की। उन्होंने ध्यान में उतरने से पहले सदैव प्रत्याहार साधना पर जोर दिया। वे अपने अनुभवों के आधार पर इस निष्कर्ष पर थे कि इस साधना के सध जाने पर ही ध्यान साधना के लिए एक्सप्रेस वे तैयार होता है। अष्टांग योग का क्रम भी कुछ इसी तरह है।     

तभी, महर्षि महेश योगी ने प्रत्याहार को अपने बहुचर्चित भावातीत ध्यान का आधार बनाया तो स्वामी विवेकानंद ने भी प्रत्याहार साधना को काफी महत्व दिया। चाहे युवा-शक्ति के अभ्युत्थान की बात हो या फिर बंगाल में 1899 में आए प्लेग से उत्पन्न पीड़ाएं, स्वामी विवेकानंद अपना अनुभव साझा करते हुए कहते थे – “सजगता की शक्ति ऐसी है कि वह ज्ञान की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त तो करती ही है, मानसिक पीड़ाओं से भी मुक्ति दिलाती है। हम देखते हैं कि सभी लोग नईपीढ़ी से कहते हैं कि अच्छा बनो, विवेकशील बनो। पर बताते नहीं कि ऐसा किस तरह संभव होगा। यदि मन अपने वश में न होगा तो कोई कैसे अच्छा या विवेकशील बनेगा है? मन की सजगता की बुनियाद पर एकाग्रता का महल खड़ा होता है जो ध्यान के लिए आधार तैयार करता है। सजगता प्रत्याहार है और एकाग्रता धारणा। इन साधनाओं के लिए कई योग विधियां हैं।“

महर्षि महेश योगी ने साठ के दशक में पश्चिमी देशों में जिस “भावातीत ध्यान” का डंका बजाया था, उसका आधार मुख्यत: प्रत्याहार ही था। उसके साथ मंत्र योग का समन्वय करके उसे शक्तिशाली बनाया गया था। असर यह हुआ कि अवसाद में डूबे पश्चिमी दुनिया के युवाओं के लिए भावातीत ध्यान यौगिक दवा बन गया था। ऐसा कैसे हुआ? चिकित्सा विज्ञानियों ने इसकी पड़ताल की तो वे चौंक गए थे। नतीजा हुआ कि दुनिया भर में भावातीत ध्यान का विभिन्न रोगों पर होने वाले प्रभावों पर शोध किए गए। अब तक सात सौ से ज्यादा शोध-कार्य किए जा चुके हैं। तभी कोरोना महामारी फैलने के बाद अवसादग्रस्त लोगों को योगनिद्रा की तरह ही भावातीत ध्यान भी खूब भाया। योगनिद्रा भी प्रत्याहार की ही एक सशक्त क्रिया है। इसे बिहार योग विद्यालय के संस्थापक परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती ने आज की जरूरतों के लिहाज से विकसित करके प्रस्तुत किया था।

योगशास्त्र में कहा गया है कि इंद्रियों को अंतर्मुखी करने की कला प्रत्याहार है। चूंकि आमतौर पर सबकी चेतना बहुर्मुखी होती है और मन इंद्रियों का दास बनकर उसके इशारे पर नाच रहा होता है। इसलिए तरह-तरह की मानसिक समस्याएं खड़ी होती रहती हैं। ऐसे में हमारे लिए अपने भीतर की परमसत्ता यानी आत्मा या चेतना के अनंत पक्षों को जान पाना कठिन होता है। स्वामी विवेकानंद कहते थे – “कुछ क्षण बैठें और मन को इधर-उधर दौड़ने दें। मन सदैव बुलबुलाता रहता है। वह उस कूदते हुए बंदर के समान है। बंदर को जितना कूदना है, कूदने दें; आप केवल रुककर देखते रहिए। जब तक आप यह नहीं जानते कि आपका मन क्या कर रहा है, आप उसको नियंत्रित नहीं कर सकते। उसे लगाम दीजिए; आपके भीतर कई घृणित विचार आ सकते हैं। आपको यह जानकार आश्चर्य होगा कि आपके लिए ऐसा सोचना कैसे संभव था? परंतु आप देखेंगे कि प्रत्येक दिन मन की सनक धीरे-धीरे कम हिंसात्मक हो रही है, प्रत्येक दिन वह शांत हो रहा है।“

तंत्रशास्त्र में भी कहा गया है कि प्रत्याहार की अवस्था में जप योग से आध्यात्मिक चेतना का समुचित विकास होता है। वैसे तो त्राटक, नादयोग,संगीत, कीर्तन आदि भी इंद्रियों को अंतर्मुखी बनाने के लिए बेहद प्रभावशाली हैं। पर सदियों से योगी अनुभव करते रहे हैं कि चेतना की विशिष्ट अवस्था में मंत्र की ध्वनि से शरीर के प्रमुख छह चक्र बेहद प्रभावित होते हैं। इनमें मूलाधार चक्र यानी कोक्सीजेल सेंटर से लेकर आज्ञा चक्र यानी मेडुला सेंटर तक शामिल हैं। इसलिए मंत्र को चेतना की ध्वनि कहा जाता है। आधुनिक विज्ञान भी इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि चक्र प्रणाली का प्रत्येक स्तर शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और अतीन्द्रिय तत्वों का सम्मिश्रण है। इसलिए सभी चक्रों का संबंध किसी न किसी स्नायु तंत्र और अंत:स्रावी ग्रंथि से होता ही है। ऐसे में चक्रों के किसी भी प्रकार से स्पंदित होने पर उसका असर व्यापक होता है।

महर्षि महेश योगी वैसे तो भावातीत ध्यान की खूबियां लोगों के मन-मिजाज को ध्यान में रखकर अलग-अलग तरह से गिनाते थे। पर एक बात सभी से कहते थे – “स्वर्ग का साम्राज्य तुम्हारे अंदर है। भावातीत ध्यान के जरिए उसे हासिल करो। फिर सब कुछ प्राप्त हो जाएगा। यह कुछ और नहीं, बल्कि चेतना का विज्ञान है। चेतना विज्ञान की शिक्षा सार्वभौम सत्ता या चेतना के प्रत्यक्ष अनुभव से आरंभ होनी चाहिए। स्वामी विवेकानंद कहते थे कि इस भ्रम को मिटा दो कि तुम दुर्बल हो। तुम एक अमर आत्मा हो, स्वच्छंद जीव हो, धन्य हो, सनातन हो। इसका अहसास हो जाएगा। बस, इंद्रियों को वश में करने का अभ्यास करो। सजगता का अभ्यास करो। बीसवीं सदी के इन दोनों ही महान योगियों को उनकी जयंती पर सादर नमन।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और योग विज्ञान विश्लेषक हैं।) 

: News & Archives